जगदलपुर, दो नवंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पूर्व विधायक की दुकान की छत पर एक युवती का शव मिला है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
जगदलपुर के शहर कोतवाली थाने के प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि पूर्व विधायक संतोष बाफना की दुकान की छत पर सोमवार सुबह 20 वर्षीय एक युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस को आशंका है कि युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
राठौर ने बताया कि पुलिस को सुबह बाफना हाउस की छत पर एक युवती का शव होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा और शव बरामद किया।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती 21 अक्टूबर से बाफना हाउस में स्थित कपड़े की एक दुकान पर काम कर रही थी और वह रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह छत पर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
उन्होंने बताया कि दुकान में काम करने वाली एक महिला सोमवार सुबह किसी काम से छत पर गई तो उसने वहां युवती का शव देखा जिसके बाद महिला ने इसकी सूचना दुकान के मालिक और अन्य कर्मचारियों को दी।
राठौर ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवती का शव छत के फर्श पर पड़ा था।
उन्होंने बताया कि उसके गले में फटा हुआ दुपट्टा कसा था और दुपट्टे का दूसरा सिरा छत पर लगे एक पाइप से लटक रहा था।
उन्होंने बताया कि पुलिस को शव के पास से एक कथित ‘सुसाइड नोट’ भी मिला है, जिसमें युवती ने अपनी मर्जी से जान देने की बात लिखी है और किसी को परेशान नहीं करने को कहा है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की और इस दौरान दुपट्टा टूटने से वह नीचे गिर गई लेकिन मौत की सटीक परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, युवती के परिजनों ने आरोप लगाया कि उनके मौके पर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर दी थी। उन्होंने न्याय की मांग की है।
मृतका की मौसी बेला ने बताया कि युवती करीब एक सप्ताह से दुकान पर काम करने जा रही थी और रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे जब परिजन उसका पता लगाने वहां पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि वह वहां नहीं है।
उन्होंने कहा कि बाद में उसका मोबाइल फोन घर पहुंचा दिया गया। परिजनों को बताया गया कि युवती शाम साढ़े छह बजे दुकान से निकल गई थी।
बेला ने बताया कि सोमवार सुबह परिजन दुकान के पास पहुंचे और करीब एक घंटे तक वहां बैठे रहे। इसके बाद उन्हें बताया गया कि युवती की मौत हो गई है और उसका शव छत पर पड़ा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि परिजनों के पहुंचने से पहले ही पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर चुकी थी। उन्होंने कहा, ‘‘हमें न्याय चाहिए।’’
भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष बाफना 2013 से 2018 तक जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे थे।
भाषा सं संजीव सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.