scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशवाराणसी में वायु सेना के एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ का आगाज, गंगा के ऊपर विमानों ने दिखाए हवाई करतब

वाराणसी में वायु सेना के एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ का आगाज, गंगा के ऊपर विमानों ने दिखाए हवाई करतब

Text Size:

वाराणसी (उप्र), 22 अक्टूबर (भाषा) भारतीय वायु सेना (आईएएफ) का एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ बृहस्पतिवार को यहां नमो घाट पर शुरू हुआ। इसमें राफेल, सुखोई-30एमकेआई, तेजस समेत लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों ने गंगा के ऊपर हवाई करतब दिखाए।

वायु सेना की सेवा के 94 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम को देखने के लिए घाटों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे।

अधिकारियों के अनुसार, एयर शो में देश के 12 एयर बेस से आए कुल 100 विमान हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक विरासत विमान शामिल हैं। सूर्य किरण एरोबैटिक टीम, सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम और वायु सेना के गरुड़ कमांडो भी कार्यक्रम का हिस्सा हैं।

‘काशी फॉर्मेशन’ में तीन किरण विमानों ने ‘वी’ आकार में उड़ान भरकर राष्ट्रीय ध्वज के रंगों का प्रदर्शन किया, जबकि ‘ओंकार फॉर्मेशन’ में एमआई-17 हेलीकॉप्टरों ने तिरंगा लेकर उड़ान भरी। ‘त्रिदेव फॉर्मेशन’ में थल सेना, नौसेना और वायु सेना के हेलीकॉप्टरों ने एक साथ उड़ान भरी।

बृहस्पतिवार को प्रदर्शन दोपहर 12 बजे शुरू हुआ और दो बजे समाप्त हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 अक्टूबर को कार्यक्रम में शामिल होंगे।

एयर शो 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है। विधान परिषद चुनाव के कारण 23 अक्टूबर को कोई प्रदर्शन नहीं होगा।

पुलिस ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए शहर को 32 जोन, 50 सेक्टर और 80 उप-सेक्टर में बांटा है। कार्यक्रम के दौरान करीब 11,900 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें पुलिस के अलावा पीएसी, रैपिड एक्शन फोर्स, राष्ट्रीय एवं राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, आतंकवाद निरोधी दस्ता, जल पुलिस और यातायात पुलिस के जवान शामिल हैं।

एयर शो देखने आए अधिवक्ता चंद्रकांत सिंह ने कहा कि वाराणसी में पहली बार इस तरह का आयोजन होना गर्व की बात है। उन्होंने इसे वायु सेना के आधुनिकीकरण और ताकत का प्रदर्शन बताया।

दर्शक सौरभ जायसवाल ने कहा कि राफेल और तेजस समेत अन्य विमानों के करतब देखकर उन्हें भारत की सैन्य क्षमताओं पर गर्व हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाते हैं और सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान बढ़ाते हैं।

भाषा सं जफर मनीषा रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments