ठाणे, 15 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में काशीगांव पुलिस ने दिल्ली पुलिस के नियंत्रण कक्ष में फोन कर देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने की धमकी देने के आरोप में 27 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी निखिल सुदर्शन शर्मा (27) मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता है।
विज्ञप्ति में कहा गया कि स्थानीय पुलिस को बुधवार को सूचना मिली कि काशीगांव थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने दिल्ली पुलिस के नियंत्रण कक्ष में फोन कर कहा, ‘‘मैं अगले 12 घंटों में भारत की अर्थव्यवस्था बर्बाद कर दूंगा, खूब पैसा कमाऊंगा और किसी दूसरे देश भाग जाऊंगा।’’
पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी का पता लगाया और एक घंटे के भीतर उसे हिरासत में ले लिया।
विज्ञप्ति के अनुसार, मामले में जांच जारी है।
भाषा राखी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.