scorecardresearch
Thursday, 15 October, 2026
होमरिपोर्टवाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई इकाई का योगी ने किया निरीक्षण, 25 अक्टूबर को PM मोदी करेंगे लोकार्पण

वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई इकाई का योगी ने किया निरीक्षण, 25 अक्टूबर को PM मोदी करेंगे लोकार्पण

सात एकड़ से अधिक जमीन पर 150 करोड़ रुपये की लागत से बनी इकाई में स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट बनेंगे, 1,000 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद.

Text Size:

वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी के मिर्जामुराद में अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का निरीक्षण किया. उन्होंने 25 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने फैक्ट्री में प्रशिक्षण ले रहीं महिलाओं से बातचीत की और उनके अनुभव जाने.

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां गांव स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में उतरा. यहां से वह अरविंद लिमिटेड की नई फैक्ट्री पहुंचे और वहां चल रही तैयारियों की जानकारी ली.

मिर्जामुराद के रूपापुर चौराहे के पास खोचवां (भड़ेहरा) गांव में हाईवे किनारे सात एकड़ से अधिक जमीन पर यह इकाई स्थापित की गई है. इस परियोजना पर करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है. इसके शुरू होने से 1,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है. फिलहाल यहां काम करने वाली करीब 300 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

इस इकाई में स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट का उत्पादन होगा. कंपनी भविष्य में निवेश के दूसरे चरण की भी योजना बना रही है. अरविंद लिमिटेड जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे लोकप्रिय ब्रांडों के लिए कपड़े तैयार करती है. इनमें पैंट, शर्ट, टी-शर्ट और जींस जैसे परिधान शामिल हैं.

इस परियोजना का भूमिपूजन 25 अप्रैल 2024 को हुआ था. अब 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसका लोकार्पण प्रस्तावित है. इस इकाई से वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अरविंद मिल के पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.

share & View comments