scorecardresearch
Friday, 22 August, 2025
होमदेशफर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर भारत छोड़ रही थाई महिला लखनऊ हवाई अड्डे पर गिरफ्तार

फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर भारत छोड़ रही थाई महिला लखनऊ हवाई अड्डे पर गिरफ्तार

Text Size:

लखनऊ, 22 अगस्त (भाषा) लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक थाई नागरिक को वीजा नियमों का उल्लंघन करने और भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर ‘पीटीआई-भाषा’ को शुक्रवार को बताया कि थोंगफुन चायफा उर्फ डारिन चोकथनपत नाम की महिला को बृहस्पतिवार को फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल करके थाईलैंड जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में चढ़ने की कोशिश करते समय आव्रजन अधिकारियों ने रोक लिया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘वह इससे पहले 2024 में एक अलग पासपोर्ट पर भारत आई थी और वीजा उल्लंघन के कारण उसे काली सूची में डाल दिया गया था। इसके बावजूद, उसने जुलाई 2025 में जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके देश में फिर से प्रवेश किया। तब से, वह जसविंदर सिंह नामक व्यक्ति के घर पर अवैध रूप से रह रही थी, जिसे अब थाई महिला के प्रवास में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।’’

पुलिस के अनुसार, सिंह ने कथित तौर पर दो अन्य लोगों – नवेंदु मित्तल और शुवेंदु निगम- की मदद से उसके लिए नकली पासपोर्ट का इंतजाम किया। ये दोनों फिलहाल फरार हैं।

महिला के जाली दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं, जिनमें कम से कम तीन पासपोर्ट, थाई राष्ट्रीय पहचान पत्र, बोर्डिंग पास शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत सरोजिनी नगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा किशोर जफर शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments