scorecardresearch
Friday, 3 April, 2026
होमदेशबेंगलुरु के जेजेआर नगर में धार्मिक जुलूस पर पत्थर फेंके जाने के बाद तनाव का माहौल

बेंगलुरु के जेजेआर नगर में धार्मिक जुलूस पर पत्थर फेंके जाने के बाद तनाव का माहौल

Text Size:

बेंगलुरु, चार जनवरी (भाषा) कर्नाटक के बेंगलुरु शहर में जगजीवन राम नगर इलाके में रविवार रात उस समय तनाव फैल गया, जब स्थानीय ओम शक्ति मंदिर से निकाली जा रही देवी की रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं पर कथित तौर पर पथराव किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “हमें शिकायत मिली है कि जुलूस के दौरान रथ पर पत्थर फेंके गए।” आरोप है कि “दूसरे समुदाय के कुछ असामाजिक तत्वों” ने पथराव किया।

सूत्रों के अनुसार, घटना में एक बच्चे के सिर में चोट आई, जबकि एक युवती को भी सिर पर चोट लगी है।

घटना के बाद आक्रोशित श्रद्धालु जगजीवन राम नगर पुलिस थाने के सामने एकत्र हो गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं और उन्होंने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पश्चिमी मंडल के पुलिस उपायुक्त यतीश एन. बी. ने पुलिस थाने पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की।

पुलिस ने कहा, “आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”

उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

भाषा

राखी सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments