scorecardresearch
Friday, 19 June, 2026
होमरिपोर्टअयोध्या पर राजनीति बंद करें, एसआईटी जांच का इंतिजार करें: योगी आदित्यनाथ

अयोध्या पर राजनीति बंद करें, एसआईटी जांच का इंतिजार करें: योगी आदित्यनाथ

रुदौली में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास के दौरान सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना

Text Size:

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र प्रकरण को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. रुदौली विधानसभा क्षेत्र में 378 करोड़ रुपये से अधिक की 126 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अयोध्या और रामजन्मभूमि मंदिर को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की जा चुकी है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी निष्पक्ष जांच कर दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी. उन्होंने सभी पक्षों से जांच रिपोर्ट आने तक बयानबाजी से बचने की अपील की. साथ ही कहा कि यदि किसी के पास दस्तावेजी साक्ष्य हैं तो उन्हें जांच एजेंसी को सौंपा जाना चाहिए.

योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर रामभक्तों की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते रहे और राममंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी करते रहे, उन्हें उपदेश देने से बचना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि अयोध्या का भव्य विकास और राममंदिर का निर्माण कुछ राजनीतिक दलों को स्वीकार नहीं हो रहा है.

मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने अयोध्या और रुदौली क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया है. उन्होंने जनता से विकास और सुशासन के लिए सरकार का सहयोग जारी रखने की अपील की.

share & View comments