scorecardresearch
Friday, 19 June, 2026
होमरिपोर्टगोंडा दौरे में सीएम योगी ने दी 4901 करोड़ की विकास परियोजनाओं को मंजूरी

गोंडा दौरे में सीएम योगी ने दी 4901 करोड़ की विकास परियोजनाओं को मंजूरी

देवीपाटन और बस्ती मंडल की सड़क, पुल व कनेक्टिविटी परियोजनाओं की समीक्षा. धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले 13 प्रमुख मार्गों के विकास को हरी झंडी

Text Size:

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए 4901.65 करोड़ रुपये की एक हजार से अधिक परियोजनाओं को मंजूरी दी. महज 13 दिनों के भीतर दूसरे दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने महाराजा सुहेलदेव सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं पर मंथन किया.

मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंडल के मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ, स्वामीनारायण मंदिर, मखौड़ा धाम समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले 13 महत्वपूर्ण मार्गों के विकास को स्वीकृति प्रदान की. उन्होंने गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर की सड़क एवं संपर्क मार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की.

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने, जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, पुलों और सेतुओं के निर्माण तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया. मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 810 कार्यों को मंजूरी दी गई, जिन पर 1472.83 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इससे 1602 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों का निर्माण और सुधार किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने दो राज्य राजमार्गों, 81 लघु सेतु, सात बड़े पुल, बाईपास मार्ग, ओवरब्रिज और 12 हेलीपैड निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति दी. उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए.

share & View comments