हैदराबाद, 28 अक्टूबर (भाषा) तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ दिल्ली में प्रस्तावित रैली में शामिल होने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को विशेष ट्रेन उपलब्ध कराने से रेलवे के ‘‘इनकार’’ के विरोध में बुधवार को यहां दक्षिण मध्य रेलवे के मुख्यालय के बाहर धरना दिया।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़, परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर, पार्टी के कई विधायक, सांसद और अन्य नेता दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने ‘‘हमें चाहिए, रेल चाहिए’’ और ‘‘वोट बचाओ, देश बचाओ’’ जैसे नारे लगाए।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि विशेष ट्रेन उपलब्ध कराने के पार्टी के अनुरोध पर कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिलने के बाद नेताओं ने धरना दिया।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने इससे पहले कहा था कि तेलंगाना से कांग्रेस के 10,000 से 15,000 कार्यकर्ता एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित की जाने वाली रैली में शामिल होने के लिए जाएंगे।
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.