नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (भाषा) सोशल मीडिया पर एक लड़की द्वारा किए गए पोस्ट पर एक ‘कमेंट’ को लेकर हुए विवाद में उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के पीतमपुरा में दुर्गा प्रतिमा विर्सजन के दौरान कक्षा नौ के एक छात्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गयी। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मामले में चार किशोरों को पकड़ा गया है। सभी स्थानीय लड़के हैं।
यह घटना मंगलवार शाम पीतमपुरा इलाके में हुई, जहां कुछ स्थानीय लड़कों के एक समूह ने अरुण और उसके दोस्त आशु पर कथित तौर पर हमला कर दिया।
एक अधिकारी ने बताया कि अरुण को बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया जबकि चाकू के वार से घायल आशु को भर्ती कराया गया है।
आशु के अनुसार, यह घटना शाम साढ़े सात बजे उस समय हुई जब वे दोनों दुर्गा प्रतिमा विसर्जन वाले जुलूस में शामिल हो रहे थे। उसने बताया कि जाम के कारण वह पीछे रह गया था तभी कुछ लड़के उसके पास आए और उसकी जांघों पर चाकू से हमला कर दिया।
आशु ने बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर वहां से भागने की कोशिश कर ही रहा था लेकिन तभी उसने देखा की हमलावर अरुण पर हमला कर रहे हैं।
अरुण ने कहा, ‘वहां कम से कम छह लोग थे लेकिन वह उनमें से केवल दो की ही पहचान कर सका।’
बयान के मुताबिक, यह लड़ाई एक साल पहले एक लड़की की इंस्टाग्राम पोस्ट पर किए गए कमेंट को लेकर हुई थी।
अरुण के पिता पेशे से रिक्शा चालक हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा विसर्जन देखने के लिए घर से निकला था और अपने काम में व्यस्त होने के कारण उन्हें घटना के बारे में बाद में पता चला।
उन्होंने कहा, ‘पीतमपुरा रामलीला मैदान के पास मेरे बेटे की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। वह विसर्जन देखने गया था। हमें नहीं पता कि आरोपी कौन हैं। हमारा बेटा बेकसूर था।’
पुलिस ने बताया कि एफपी ब्लॉक इलाके में चाकू मारने की घटना की सूचना मिलने के बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया खून से सना खंजर भी बरामद कर लिया है।
अधिकारी ने बताया कि मौर्य एन्क्लेव थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या), 109(1) (हत्या का प्रयास) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.