scorecardresearch
Sunday, 15 November, 2026
होमदेशतरनतारन हादसा : मुख्यमंत्री मान ने मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की

तरनतारन हादसा : मुख्यमंत्री मान ने मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की

Text Size:

चंडीगढ़, 15 नवंबर (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के तरनतारन जिले में दो बसों की टक्कर में मारे गए प्रत्येक यात्री के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

तरनतारन जिले के नौशेरा पन्नुआं के पास शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) संख्या-54 पर पंजाब सरकार द्वारा संचालित तीर्थयात्रियों की दो बसों की टक्कर हो गई। इस हादसे में चार तीर्थयात्रियों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई और 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

इन बसों में राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत कुल 37 तीर्थयात्री सवार थे।

मान ने अमृतसर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने हादसे में घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।

यह हादसा उस वक्त हुआ, जब मोटरसाइकिल को बचाने की कोशिश में एक बस चालक वाहन को डिवाइडर के पार ले गया, लेकिन दुर्भाग्यवश विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बस से टक्कर हो गई।

मृतकों में से चार तीर्थयात्री थे, जबकि एक, मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा व्यक्ति था।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments