scorecardresearch
Sunday, 15 November, 2026
होमविदेशललित मोदी अब ब्रिटिश नागरिक, ब्रिटेन को बताया 'अपना घर': देश के लिए 'सकारात्मक योगदान' देने का वादा

ललित मोदी अब ब्रिटिश नागरिक, ब्रिटेन को बताया ‘अपना घर’: देश के लिए ‘सकारात्मक योगदान’ देने का वादा

IPL के पूर्व चेयरपर्सन फाइनेंशियल गड़बड़ियों के लिए भारत में जांच के दायरे में हैं. 2012 से भारत उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है. 2025 में मोदी ने वानुअतु की नागरिकता हासिल करने की कोशिश की थी, लेकिन उसे रद्द कर दिया गया.

Text Size:

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने शनिवार को घोषणा की कि अब वह ब्रिटिश नागरिक बन गए हैं. क्रिकेट लीग के संचालन में वित्तीय अनियमितताओं के कई आरोपों के बीच करीब 16 साल पहले ब्रिटेन जाने के बाद उन्होंने यह नागरिकता हासिल की है.

शनिवार को ऑक्सफोर्ड यूनियन में बोलते हुए मोदी ने अपनी नई नागरिकता की घोषणा की. उन्होंने ब्रिटिश नागरिकता मिलने के समारोह को “सम्मान और जिम्मेदारी” बताया. उन्होंने कहा कि वह इसे “गर्व, आभार और अपनेपन की सच्ची भावना के साथ अपनाने” के लिए उत्सुक हैं.

माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान में मोदी ने कहा, “आज, 14 नवंबर 2026 को मुझे ऑक्सफोर्ड यूनियन को संबोधित करने का सम्मान मिला. वहां मैंने सार्वजनिक रूप से अपनी जिंदगी के एक बेहद खास और निजी पड़ाव के बारे में बताया. मुझे ब्रिटिश नागरिक होने पर गर्व है.”

उन्होंने आगे कहा, “15 सितंबर 2026 को परिवार और दोस्तों के बीच मैंने एक समारोह में ब्रिटिश नागरिकता मिलने का जश्न मनाया. यह समारोह हमेशा मेरे दिल में एक खास जगह रखेगा… मेरी जिंदगी का सफर अलग-अलग संस्कृतियों और अनुभवों से बना है. मैं उस देश के लिए सकारात्मक योगदान देते रहने को लेकर उत्सुक हूं, जिसे मैं गर्व से अपना घर कहता हूं.”

मोदी 2010 में भारत छोड़कर ब्रिटेन चले गए थे और तब से वहीं रह रहे हैं. IPL के पूर्व चेयरमैन ने पिछले कई सालों में अलग-अलग इंटरव्यू में दावा किया है कि संगठित अपराध से जुड़े लोगों और अन्य व्यक्तियों से अपनी जान को खतरा होने के कारण उन्होंने भारत छोड़ा था.

IPL के पूर्व चेयरमैन ने खुद को “भगोड़ा” कहे जाने का विरोध किया है. उन्होंने कहा है कि उनके खिलाफ चल रहे मामलों में अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया हो, इसका सबूत दिया जाए. सबसे चर्चित मामले में मोदी ने 2025 में घोषणा की थी कि वानुअतु की नागरिकता मिलने के बाद वह अपना भारतीय पासपोर्ट सरेंडर कर रहे हैं.

वानुअतु के प्रधानमंत्री जोथम नापाट ने मार्च 2025 में मोदी की नागरिकता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की थी. उस समय मीडिया को दिए बयान में नापाट ने कहा था कि इंटरपोल ने भारत की ओर से अलर्ट जारी करने के अनुरोध को “दो बार” खारिज कर दिया था. इसके आधार पर मोदी की नागरिकता की अर्जी अपने आप खारिज हो जानी चाहिए थी. इंटरपोल ने ठोस न्यायिक सबूतों की कमी के कारण अलर्ट जारी करने से इनकार किया था.

11 मार्च 2025 को दिए बयान में नापाट ने कहा था, “इनमें से कोई भी जायज वजह प्रत्यर्पण से बचने की कोशिश करने से जुड़ी नहीं है. हाल ही में सामने आए तथ्य साफ तौर पर बताते हैं कि श्री मोदी का यही इरादा था.” उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि वानुअतु की नागरिकता हासिल करना एक “विशेषाधिकार” है, “अधिकार” नहीं.

मोदी 2010 में IPL के विस्तार के दौरान बोली में कथित गड़बड़ी से जुड़े मामलों में वांछित हैं. उस समय आठ टीमों वाली लीग में दो नई टीमें जोड़ी गई थीं. इनमें पुणे की टीम सहारा ग्रुप को मिली थी, जबकि कोच्चि की टीम शशि थरूर की दिवंगत पत्नी सुनंदा पुष्कर समेत निवेशकों के एक समूह को दी गई थी.

भारत ने 2011 में उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया था और तब से ब्रिटेन से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है. तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने 17 नवंबर 2016 को लोकसभा को बताया था कि नवंबर 2012 में लंदन को प्रत्यर्पण का औपचारिक अनुरोध भेजा गया था.

27 अगस्त 2014 को दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश पर भारत सरकार ने ललित मोदी का पासपोर्ट बहाल कर दिया था. उनकी भारत वापसी से जुड़ी कानूनी कार्यवाही 2025 तक जारी रही. विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 23 जून 2026 को ललित मोदी के मामले में कहा था कि “संबंधित न्यायिक क्षेत्रों में कानूनी कार्यवाही जारी है.”

भारत और ब्रिटेन के बीच 1992 से प्रत्यर्पण समझौता लागू है. इसके तहत कुछ खास परिस्थितियों में दोनों देश एक-दूसरे के नागरिकों का प्रत्यर्पण कर सकते हैं. दोनों देशों के बीच आपसी कानूनी सहायता संधि भी है, जिस पर 1995 में हस्ताक्षर किए गए थे.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: ‘हम मोदी को हराने जा रहे हैं’: 150 विदेशी प्रतिनिधियों को वीजा न देने पर राहुल ने केंद्र को घेरा


 

share & View comments