scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशतमिलनाडु : विरुदुनगर में बारिश के बाद दीवार गिरने से किशोरी की मौत, मां घायल

तमिलनाडु : विरुदुनगर में बारिश के बाद दीवार गिरने से किशोरी की मौत, मां घायल

Text Size:

विरुदुनगर, 23 अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु के विरुदुनगर जिले में सत्तूर के पास मेट्टुमलाई में भारी बारिश के कारण किराये के मकान की दीवार गिरने से 17 वर्षीय लड़की की मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान 12वीं कक्षा की छात्रा मुथुचेल्वी के रूप में हुई है। घटना में घायल हुई उसकी मां सोलैयम्मल को मलबे से निकालकर सत्तूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 अक्टूबर की रात उस समय हुई, जब परिवार सो रहा था। दीवार गिरने से पहले सत्तूर और आसपास के इलाकों में पांच घंटे से अधिक समय तक भारी बारिश हुई थी।

लड़की के पिता सेल्वम शिवकाशी में एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करते हैं। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ किराये के मकान में रहते थे।

दीवार गिरने के बाद पड़ोसियों ने तुरंत सत्तूर टाउन पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल महिला को बचाया तथा किशोरी का शव मलबे से निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए सत्तूर के सरकारी अस्पताल भेजा गया।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments