चेन्नई, 26 अक्टूबर (भाषा) द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता और तमिलनाडु के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री ए. महेश पोय्यामोझी को निजी स्कूलों से संबंधित 100 करोड़ रुपये के कथित घोटाला मामले में सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मामले में मद्रास उच्च न्यायालय की ओर से अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के कुछ ही समय बाद ग्रेटर चेन्नई पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने उन्हें गिरफ्तार किया।
मामला निजी स्कूलों को मान्यता देने और जरूरी सरकारी मंजूरियां जारी करने से जुड़ा है।
आरोप है कि महेश ने 2021 से 2026 तक स्कूल शिक्षा मंत्री रहते हुए 1,000 से अधिक निजी स्कूलों के प्रबंधन से ‘पार्टी फंड’ के नाम पर पैसे वसूले। आरोप के मुताबिक, इसके बदले स्कूलों को स्थायी मान्यता और अन्य प्रशासनिक मंजूरियां दी गईं।
सीसीबी द्वारा दर्ज प्राथमिकी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पीसीए) के तहत आरोप भी शामिल हैं।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी कथित घोटाले से जुड़े पैसों के लेन-देन की जांच के लिए धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया है।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.