नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपनी तरह का पहला अभियान ‘सूर्यपथ तिरंगा’ शनिवार को आयोजित किया गया जिसमें पूर्व से पश्चिम तक 50 से अधिक भारतीय दूतावासों ने हिस्सा लिया।
इसके तहत तिरंगे की तस्वीरों को अलग-अलग टाइम जोन में “डिजिटल रूप से प्रसारित” किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस अनूठी वैश्विक यात्रा की शुरुआत फिजी की राजधानी सुवा स्थित भारतीय उच्चायोग से हुई और अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास पर इसका समापन हुआ। इस अभियान में विभिन्न देशों और महाद्वीपों के 54 भारतीय दूतावास और केंद्र जुड़े। इस तरह सूर्य की गति को दुनिया भर में तिरंगे की प्रतीकात्मक यात्रा से जोड़ा गया।
अधिकारियों ने बताया कि ‘सूर्यपथ तिरंगा’ के तहत 19 घंटे से अधिक समय तक लगातार ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस क्रम ने प्रशांत क्षेत्र, एशिया, अफ्रीका, यूरोप और अमेरिका को एक सूत्र से जोड़ दिया।
संस्कृति मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुरू की गई इस विशेष पहल ने दुनिया भर में भारत के राष्ट्रीय ध्वज और स्वतंत्रता दिवस की भावना को पहुंचाया। यह यात्रा भारतीय समयानुसार देर रात 1.30 बजे फिजी से शुरू होकर रात 8.30 बजे सैन फ्रांसिस्को पहुंची और सूर्य के उगने की दिशा का अनुसरण करती रही।
अभियान की शुरुआत सुवा से हुई। इसके बाद यह न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, इंडोनेशिया, वियतनाम, सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड, म्यांमा, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, श्रीलंका और मालदीव से होते हुए यह आगे बढ़ा।
इसके बाद तिरंगे की यह प्रतीकात्मक यात्रा मध्य और पश्चिम एशिया के देशों से होकर गुजरी जिनमें उज्बेकिस्तान, ओमान, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत और सऊदी अरब शामिल हैं। इसके बाद अभियान अफ्रीका और यूरोप तक पहुंचा।
अधिकारियों ने कहा कि हर दूतावास में तिरंगा फहराया जाना इस वैश्विक उत्सव की एक नई कड़ी बना।
इन सभी कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन भी किया गया।
फिजी में भारत के उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “सूरज की पहली किरणों के साथ, फिजी के सुवा में सबसे पहले भारतीय झंडा फहराया गया। इसके साथ ही ग्लोबल तिरंगा रिले ‘सूर्य पथ तिरंगा’ की शुरुआत हुई – यह एक प्रतीकात्मक यात्रा है जो भारत के स्वतंत्रता दिवस की भावना को पूरी दुनिया तक पहुंचाती है।”
फिजी में भारतीय समयानुसार रात 1:30 बजे (स्थानीय समय के अनुसार सुबह आठ बजे) हुई, जहां उच्चायुक्त सुनीत मेहता ने सुवा स्थित ‘इंडिया हाउस’ में तिरंगा फहराया।
भाषा शोभना संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.