नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) गायक मीका सिंह ने उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा उनके बड़े भाई एवं गायक दलेर मेहंदी को एक कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक रूप से फटकार लगाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कलाकारों के साथ गरिमा और सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए तथा मंत्री को इस मामले में दलेर मेहंदी से माफी मांगनी चाहिए।
मेहंदी रविवार शाम उत्तराखंड के नयी टिहरी कस्बे में ‘सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले’ में प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उनियाल मंच पर आए और उनसे ऊंची आवाज में पूछा कि क्या उन्होंने शराब पी रखी है।
घटना से संबंधित वायरल वीडियो में मेहंदी को माफी मांगते हुए सुना जा सकता है।
मेहंदी (59) ‘तुनक तुनक तुन’, ‘बोलो ता रा’ और ‘हो जाएगी बल्ले बल्ले’ जैसे लोकप्रिय गीतों के लिए मशहूर हैं।
घटना के बाद से अपने भाई के समर्थन में खुलकर बोल रहे मीका ने उनियाल से माफी की मांग की है और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस मामले पर ध्यान देने का आग्रह किया है।
एक नयी पोस्ट में मीका ने कहा, “आदरणीय सुबोध उनियाल जी, मंत्री साहब, सच तो यह है कि आपको दलेर मेहंदी जी का आभारी होना चाहिए जिन्होंने आपके कार्यक्रम को बचाया और अपनी जिम्मेदारी निभाई।”
उन्होंने कहा, “मेरी जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए शुरुआत में सुनंदा शर्मा प्रस्तुति देने वाली थीं लेकिन उन्हें बुखार आ गया। इसके बाद, कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले दलेर मेहंदी जी को बुलाया गया और तबीयत ठीक न होने के बावजूद उन्होंने कार्यक्रम में प्रस्तुति दी।”
मीका ने कहा कि मंच पर प्रस्तुति देते समय मेहंदी पर नशे में होने का आरोप लगते देखना दुखद था।
उन्होंने कहा, “अगर आपकी तरफ से कोई गलती हुई है तो आपको अपनी गलती मान लेनी चाहिए और दलेर मेहंदी जी से माफी मांगनी चाहिए। मंत्री जी, जनता की सेवा के लिए कई महत्वपूर्ण काम हैं।”
मीका ने कहा, “उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी, कृपया इस मामले पर ध्यान दें। हम उत्तराखंड और यहां के लोगों से प्यार करते हैं लेकिन कलाकारों को भी सम्मान और गरिमा मिलनी चाहिए।”
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.