scorecardresearch
Sunday, 11 October, 2026
होमदेशपटना में जमीनी स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ‘शुरूकर’ की शुरुआत की गई

पटना में जमीनी स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ‘शुरूकर’ की शुरुआत की गई

Text Size:

पटना, 11 अक्टूबर (भाषा) बिहार के छोटे शहरों और जिलों में उभरते उद्यमियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को यहां जिला स्तरीय उद्यमिता अभियान ‘शुरूकर’ की शुरुआत की गई।

इस पहल की शुरुआत ‘योरस्टोरी’ और ‘द भारत प्रोजेक्ट’ की संस्थापक श्रद्धा शर्मा ने की। इसे उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) और स्टार्टअप इंडिया के सहयोग से विकसित किया गया है। यह पहल छोटे शहरों और जिलों में रहने वाले उद्यमी बनने के इच्छुक लोगों को अपने स्थानीय विचारों को व्यवहार्य कारोबार में बदलने में मदद करने के उद्देश्य से शुरू की गयी है।

इसकी शुरुआत के मौके पर बिहार के मंत्री नीतीश मिश्रा, युवा उद्यमी, छात्र और अन्य संबंधित पक्ष मौजूद रहे।

मिश्रा ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘शुरूकर, द भारत प्रोजेक्ट की उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) और स्टार्टअप इंडिया के सहयोग से शुरू की गई एक सराहनीय पहल है। स्थानीय समस्याओं को व्यवहार्य उद्यमों में बदलने के उद्देश्य से यह पहल युवा उद्यमियों को मौजूदा सरकारी योजनाओं और बैंकों से जोड़ेगी।’’

इस पहल से जुड़े पक्षकारों ने एक बयान में कहा कि ‘शुरूकर’ जिला स्तर का एक ऐसा मंच है, जो स्थानीय समस्याओं को स्थानीय उद्यमों में बदलता है।

बयान में कहा गया, ‘‘इसकी शुरुआत समस्याओं की पहचान से होती है, ताकि युवा उद्यमी अपने जिले की जरूरतों के हिसाब से कारोबार खड़ा कर सकें। प्रत्येक प्रतिभागी को एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सहायक मिलेगा, जो शुरुआती विचार को एक व्यावहारिक योजना में बदलने और अगले कदम की योजना बनाने में मदद करेगा। इसके साथ ही, अनुभवी उद्यमी पहले ग्राहक मिलने तक उन्हें लगातार मार्गदर्शन और सहयोग देंगे।’’

यह पहल स्थानीय बाजारों, नेटवर्क और साझेदारों के माध्यम से जिला स्तर पर भी अवसर उपलब्ध कराती है, ताकि किसी को भी महानगर में जाने की जरूरत न पड़े।

‘द भारत प्रोजेक्ट’, ‘योरस्टोरी मीडिया’ की एक पहल है, जो उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग और स्टार्टअप इंडिया के सहयोग से भारत के जिलों में काम कर रही है। इसका उद्देश्य 10 लाख उद्यमी तैयार करना और 10,000 ऐसे स्टार्टअप को सक्षम बनाना है, जिनका विस्तार किया जा सके।

भाषा तान्या गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments