नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला को साथी कैदियों द्वारा नुकसान पहुंचाने की धमकी दिए जाने के दावे के बाद, दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को तिहाड़ जेल अधिकारियों को उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्देश दिया।
मामले में अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों को दर्ज कर रहे अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरविंदर सिंह जग्गी को आरोपी ने सूचित किया कि कुछ कैदी पिछले 10 दिनों से ‘हथियार’ से उसका चेहरा काटने और उसे नुकसान पहुंचाने की बार-बार धमकी दे रहे हैं।
अदालत ने अपने आदेश में कहा, ‘अदालत संबंधित जेल अधीक्षक को आरोपी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्देश देना उचित समझती है। इसके अलावा, यदि आवश्यकता हो, तो आरोपी को कुख्यात कैदियों से अलग एक अलग वार्ड या कोठरी में रखा जा सकता है।’
पूनावाला ने अदालत को बताया कि वह फिलहाल तिहाड़ की जेल नंबर 4ए में बंद है। उसने बताया कि यह एक विशेष कोठरी है, जिसे सजा देने वाले वार्ड के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। उसने जेल के अंदर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
उसके बयानों पर संज्ञान लेते हुए, अदालत ने जेल अधीक्षक को आरोपी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल उपाय करने और कार्रवाई रिपोर्ट जल्द से जल्द दाखिल करने का निर्देश दिया।
अदालत ने निर्देश दिया कि उसके आदेश की एक प्रति अनुपालन के लिए जेल अधिकारियों और जांच अधिकारी को भेजी जाए।
भाषा सुमित माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.