scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशआईटी की जमीन से जुड़े मुद्दों पर केंद्रीय मंत्रियों से चर्चा के लिए दिल्ली पहुंचे शिवकुमार

आईटी की जमीन से जुड़े मुद्दों पर केंद्रीय मंत्रियों से चर्चा के लिए दिल्ली पहुंचे शिवकुमार

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार पश्चिमी घाट को लेकर कस्तूरीरंगन समिति की रिपोर्ट और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के बुनियादी ढांचे के लिए निर्धारित जमीन के भविष्य समेत राज्य से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर केंद्रीय मंत्रियों से चर्चा करने के लिए बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य सिद्धरमैया को निशाना बनाकर कथित स्टिंग ऑपरेशन को लेकर जारी विवाद के बीच शिवकुमार की इस यात्रा से राजनीतिक हलकों और सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर अटकलें तेज हो गई हैं।

शिवकुमार ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, ‘‘कस्तूरीरंगन समिति की रिपोर्ट और वन से जुड़े कुछ मुद्दे हैं, इसलिए मैंने वन मंत्री से मिलने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री बनने के बाद मैं उनसे नहीं मिल पाया था। मैं बस उनसे मिलने जा रहा हूं।’’

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री का केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया से मिलने का कार्यक्रम है।

शिवकुमार ने कहा कि वह केंद्र सरकार से आईटी की जमीन लौटाने का अनुरोध करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘वे इसकी नीलामी करना चाहते हैं, लेकिन इसमें कुछ कानूनी अड़चनें हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये दोनों मुद्दे उनकी बैठकों के मुख्य एजेंडे में शामिल हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, शिवकुमार इस यात्रा के दौरान कांग्रेस आलाकमान के नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं।

शिवकुमार बृहस्पतिवार रात बेंगलुरु लौट जाएंगे, क्योंकि पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क का शुक्रवार को कर्नाटक जाने का कार्यक्रम है।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments