scorecardresearch
Saturday, 24 October, 2026
होमदेशशिवकुमार ने ‘गोल्डन चैरियट’ के 2026-27 सत्र की शुरुआत की, पहली यात्रा में 75 मेहमान रवाना हुए

शिवकुमार ने ‘गोल्डन चैरियट’ के 2026-27 सत्र की शुरुआत की, पहली यात्रा में 75 मेहमान रवाना हुए

Text Size:

बेंगलुरु, 24 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शनिवार को राज्य की प्रमुख लग्जरी पर्यटक ट्रेन ‘गोल्डन चैरियट’ के 2026-27 सत्र की शुरुआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पर्यटन के जरिए नए पर्यटन स्थलों की पहचान करने और रोजगार बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि ‘गोल्डन चैरियट’ 75 पर्यटकों के साथ क्रांतिवीर संगोली रायन्ना रेलवे स्टेशन से रवाना हुई।

इस अवसर पर ऊर्जा एवं पर्यटन मंत्री के. जे. जॉर्ज, पर्यटन सचिव राम प्रसाद मनोहर और पर्यटन विभाग, कर्नाटक राज्य पर्यटन विकास निगम (केएसटीडीसी), आईआरसीटीसी तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

शिवकुमार ने कहा कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के सामने कर्नाटक की विरासत और विविधता को प्रदर्शित करने के लिए इस ट्रेन पर नए सिरे से ध्यान दिया गया है।

उन्होंने कहा, “एकीकृत पर्यटन अनुभव के जरिए कर्नाटक को प्रदर्शित करने का विचार लंबे समय से रहा है। मंत्री के. जे. जॉर्ज के पर्यटन विभाग का कार्यभार संभालने के बाद गोल्डन चैरियट पर नए सिरे से ध्यान दिया गया। इसके तहत ‘प्राइड ऑफ कर्नाटक’ जैसे विशेष रूप से तैयार किए गए यात्रा मार्गों पर नये सिरे से ध्यान देने के अलावा यात्रियों को उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं देने पर अधिक जोर दिया गया।”

अधिकारियों ने बताया कि पहली यात्रा के कार्यक्रम में बांदीपुर, मैसुरु, हलेबीडु, चिकमगलुरु, हम्पी और गोवा शामिल हैं। इस यात्रा में पर्यटकों को वन्यजीवों, शाही विरासत, होयसला वास्तुकला, कॉफी संस्कृति और समुद्र तटीय अनुभवों से रूबरू कराया जाएगा। ट्रेन में करीब 60 कर्मचारी पर्यटकों की देखभाल करेंगे।

भाषा संतोष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments