वासिम(महाराष्ट्र), 17 जून (भाषा) शिवसेना(उबाठा)के एक स्थानीय पदाधिकारी ने बुधवार को पार्टी के यवतमाल-वाशिम से लोकसभा सदस्य संजय देशमुख को कथित धमकी दी।
पदाधिकारी ने कहा कि अगर देशमुख संसदीय सीट से इस्तीफा दिए बिना अपनी निष्ठा बदलते हैं, तो उन्हें अपने चुनाव क्षेत्र में वापस नहीं आना चाहिए।
ऐसी अटकलें हैं कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी के कई सांसद पाला बदलने वाले हैं।
सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में शिवसेना(उबाठा) के स्थानीय नेता विजय शेंडगे यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि अगर देशमुख ने सांसद पद से इस्तीफा दिए बिना पाला बदला, तो उन्हें वासिम वापस नहीं आना चाहिए, वरना उनकी कार जला दी जाएगी।
शेंडगे ने कहा, ‘‘अगर वह एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होना चाहते हैं, तो खुशी-खुशी जा सकते हैं, लेकिन वहां जाने से पहले उन्हें सांसद पद से इस्तीफा देना होगा। क्योंकि उन्हें संसद के लिए उन शिव सैनिकों की कोशिशों से चुना गया था जो (एकनाथ) शिंदे गुट के उम्मीदवार के खिलाफ लड़ रहे थे… हमने उन्हें चुनने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली थी, और अगर वह अब हमारे साथ धोखा करते हैं, तो उन्हें इसके नतीजे भुगतने होंगे।’’
शेंडगे ने संपर्क करने पर पुष्टि की कि उन्होंने देशमुख को चेतावनी देने के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वह जाना चाहते हैं, तो जा सकते हैं, लेकिन उन्हें इस्तीफा देना होगा।’’
भाषा धीरज माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.