नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है. हाल ही में विभागीय समीक्षा बैठक में छात्राओं की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल अधिगम, छात्रावास संचालन, खेल गतिविधियों, छात्रवृत्ति भुगतान और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े 18 बिंदुओं पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बालिका को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है. बैठक में भीषण गर्मी को देखते हुए कूलर, पंखे, एग्जॉस्ट फैन और जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. साथ ही खाद्यान्न आपूर्ति, छात्रवृत्ति भुगतान, डिजिटल शिक्षा के लिए कंप्यूटर और इंटरनेट सुविधा को मजबूत करने पर जोर दिया गया.
योगी सरकार ने फर्नीचर, वॉशिंग मशीन, सोलर गीजर, ओपन जिम और अन्य संसाधनों की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है. निर्माणाधीन छात्रावास और अन्य परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर संचालन शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
इसके अलावा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और चयनित बालिकाओं को प्रशिक्षण केंद्रों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य बालिकाओं के समग्र विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत व्यवस्था तैयार करना है.