scorecardresearch
Wednesday, 17 June, 2026
होमरिपोर्टयूपी पुलिस को मिले 930 नए कंप्यूटर ऑपरेटर, सीएम योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र

यूपी पुलिस को मिले 930 नए कंप्यूटर ऑपरेटर, सीएम योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र

लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री, ड्यूटी के दौरान रील बनाना अनुशासनहीनता, स्मार्ट पुलिसिंग में निभानी होगी बड़ी भूमिका

Text Size:

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के लोकभवन में मिशन रोजगार के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित 930 कंप्यूटर ऑपरेटर (ग्रेड-ए) को नियुक्ति पत्र वितरित किए. इस अवसर पर उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए भर्ती बोर्ड की सराहना की.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी चयनित अभ्यर्थी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. उन्होंने आत्मअनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और कार्य के प्रति गंभीरता को सफलता की कुंजी बताया. योगी ने कहा कि ड्यूटी के दौरान रील बनाना अनुशासनहीनता है और पुलिसकर्मियों को ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जिससे विभाग की छवि प्रभावित हो.

उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस ने जनसेवा और सुशासन के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है. राज्य में सवा दो लाख से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती पारदर्शी तरीके से की गई है. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और पुलिसिंग के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक तथा डिजिटल सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है.

कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और डीजीपी राजीव कृष्णा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

share & View comments