इंदौर (मध्यप्रदेश), 26 अक्टूबर (भाषा) मशहूर लेखक और लोकसभा सांसद शशि थरूर सहित देश के 45 से अधिक साहित्यकार और अनुवादक 29 से 31 अक्टूबर तक इंदौर में आयोजित होने वाले ‘वाणी साहित्य उत्सव 2026’ में हिस्सा लेंगे। आयोजकों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
वाणी प्रकाशन समूह की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अदिति माहेश्वरी ने संवाददाताओं से कहा,’यह कार्यक्रम भारतीय भाषाओं, विचारों और सांस्कृतिक विविधता को साझा मंच पर लाने का प्रयास है।’
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में कुल 27 सत्रों के दौरान साहित्य, संस्कृति, भारतीय ज्ञान परंपरा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), कॉपीराइट और अनुवाद सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
माहेश्वरी ने कहा,’एआई और डिजिटल तकनीक के कारण लेखन और प्रकाशन की दुनिया में बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में लेखकीय स्वतंत्रता, कॉपीराइट, अनुवाद और भाषाई विविधता जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा जरूरी है।’
आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम में थरूर, उदय प्रकाश, शीन काफ निजाम, राधावल्लभ त्रिपाठी और माधव कौशिक समेत 45 से अधिक कलमकार शामिल होंगे। भाषा हर्ष जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.