scorecardresearch
Sunday, 29 November, 2026
होमदेशशरद पवार की सेहत में सुधार : 'इंडिया' गठबंधन के नेता मुंबई में करेंगे उनसे मुलाकात

शरद पवार की सेहत में सुधार : ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता मुंबई में करेंगे उनसे मुलाकात

Text Size:

मुंबई, 29 नवंबर (भाषा) दक्षिण मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार की सेहत में सुधार हो रहा है और उनकी सभी जांच के नतीजे सामान्य हैं। उनके एक करीबी सहयोगी ने रविवार को यह जानकारी दी।

इस सप्ताह की शुरुआत में निर्जलीकरण के कारण शरद पवार (85) को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह शुक्रवार को मझगांव स्थित ‘हेड एंड नेक कैंसर इंस्टीट्यूट’ में नियमित जांच के लिए भी गए थे।

उनके करीबी सहयोगी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शरद पवार की सेहत में सुधार हो रहा है और उनके सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानक तथा जांच रिपोर्ट सामान्य हैं।

इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी समेत विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार शाम मुंबई पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल सोमवार से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक के खिलाफ समर्थन जुटाने के लिए अस्पताल में पवार से मुलाकात करेगा।

विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) ने शनिवार को संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण लागू करने संबंधी संविधान संशोधन विधेयक का एकजुट होकर विरोध करने का फैसला किया। गठबंधन का कहना है कि इस विधेयक से अनुसूचित जातियों (एससी) और अनुसूचित जनजातियों (एसटी) के हितों को नुकसान पहुंचेगा।

विपक्षी गठबंधन ने इस कदम को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की देश में स्थायी रूप से सत्ता पर काबिज होने और लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश करार दिया।

राकांपा (शप) ने संकेत दिये है कि वह इन विधेयकों का समर्थन कर सकती है।

भाषा प्रचेता धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments