scorecardresearch
Sunday, 29 November, 2026
होममत-विमतअग्निपथ 1.0 और 2.0 को परीक्षण मानें, भारत के लिए अग्निपथ 3.0 लाएं

अग्निपथ 1.0 और 2.0 को परीक्षण मानें, भारत के लिए अग्निपथ 3.0 लाएं

भारत को ऐसी सेना चाहिए, जिसमें युवा और तकनीकी रूप से सक्षम सैनिक हों और पेंशन पर होने वाला खर्च भी संतुलित रहे. हर सैनिक के साथ उचित व्यवहार हो और रिटायर होने के बाद उसका भविष्य सुरक्षित हो. इन जरूरतों को एक आधुनिक ‘कलर-रिजर्व सिस्टम’ पूरा कर सकता है.

Text Size:

सरकार ने सेना में कम समय के लिए सैनिकों (अग्निवीरों) की भर्ती की जो ‘अग्निपथ’ योजना 2022 में शुरू की थी, उसमें 4 नवंबर 2026 को एक बड़े बदलाव की घोषणा की. नई व्यवस्था के तहत, अपनी शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने वाले 25 फीसदी अग्निवीरों को नियमित सेवा के लिए चुन लिया जाएगा. बाकी 75 फीसदी अग्निवीरों की सेवा अवधि दो साल बढ़ाने का प्रस्ताव दिया जाएगा. छह साल की सेवा पूरी होने पर उन्हें भी नियमित सेवा में भर्ती किया जा सकता है. हालांकि, इसके लिए उन्हें तैयार होना होगा और चयन की शर्तों पर खरा उतरना होगा. सेवा अवधि बढ़ने के साथ उनकी सैलरी बढ़ानी होगी और ‘सेवा निधि’ पैकेज भी बढ़ाया जाएगा. जिन अग्निवीरों को छह साल बाद नियमित सेवा में शामिल किया जाएगा, उन्हें वरिष्ठता के मामले में उन 25 फीसदी अग्निवीरों से नीचे रखा जाएगा, जिन्हें चार साल बाद ही नियमित सेवा में शामिल कर लिया जाएगा.

सेनाओं का कहना है कि अग्निपथ योजना में यह बदलाव अग्निवीरों के प्रदर्शन और संगठन की जरूरतों का आकलन करने के बाद किया गया है. अग्निपथ 2.0 योजना प्रशिक्षित सैनिकों को सेना में बनाए रखने की जरूरत तो पूरी करती है, लेकिन सैनिकों की औसत उम्र कम करने और पेंशन पर होने वाले खर्च को घटाने जैसे बड़े लक्ष्यों को नज़रअंदाज़ कर देती है. यह सैनिकों के बीच गैरबराबरी की समस्या को हल करने में भी पूरी तरह नाकाम है. इससे सैनिकों का मनोबल, आपसी एकजुटता और नैतिक बल कमजोर हो सकता है. ऐसा लगता है कि यह फैसला अगले साल उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में होने वाले अहम चुनावों और जुलाई तथा सितंबर में हुए ‘जेन-जी’ आंदोलन को ध्यान में रखकर भी किया गया है. क्योंकि सेना के 32.58 फीसदी सैनिक इन्हीं राज्यों से आते हैं.

मूल अग्निपथ योजना सेना के सामने मौजूद इन दो बड़ी ढांचागत चुनौतियों से निपटने के लिए लाई गई थी. पहली चुनौती पेंशन पर लगातार बढ़ता खर्च है और दूसरी सैनिकों की औसत उम्र बढ़ना. भारत को कम खर्च में ज्यादा युवा सेना चाहिए, लेकिन इसके लिए सैनिकों के पेशे से जुड़े कौशल, उनके मनोबल और निष्पक्षता की भावना से समझौता नहीं किया जा सकता.

अग्निपथ 2.0 ने इन विरोधाभासों को दूर किए बिना सेवा की शर्तों में बदलाव कर दिया है. यह योजना अग्निवीरों का चार से छह साल तक ‘असमान सैनिकों’ के रूप में अनुचित तरीके से इस्तेमाल करती है और फिर उन्हें पुरानी व्यवस्था जैसी स्थिति में लाकर छोड़ देती है. ‘वरिष्ठ अधिकारियों’ के हवाले से यह भी कहा जा रहा है कि नया ढांचा ‘सिर्फ मौजूदा अग्निवीरों पर लागू होगा’. यह भी कहा जा रहा है कि 31 दिसंबर के बाद तीनों सेनाओं में भर्ती होने वाले सैनिकों के लिए इस योजना में और बदलाव किए जा सकते हैं.

अनुभव से मिली सीख बताती है कि बड़ी सेनाओं को कम समय के लिए भर्ती की ऐसी व्यवस्था के जरिए ही प्रभावी बनाया जा सकता है, जो सेना और सैनिकों, दोनों की ज़रूरतें पूरी करे. सभी आधुनिक सेनाएं इसी तरह की व्यवस्था अपनाती हैं. मैं यहां अग्निपथ 3.0 का प्रस्ताव रख रहा हूं. यह सेवा की आधुनिक ‘कलर-रिजर्व सिस्टम’ (सक्रिय सैन्य सेवा और रिजर्व सेवा की व्यवस्था) पर आधारित होगी. इसमें कम समय की सेवा, अलग-अलग शर्तों पर नियमित सैनिक के रूप में सेवा, प्रशिक्षित रिजर्व सैनिक और सेना से बाहर होने के बाद दोबारा रोजगार पाने की गारंटी शामिल होगी.

अपने सैन्य अनुभवों से सीखें

भारत पहली बार सेना में कम समय के लिए सेवा की व्यवस्था लागू नहीं कर रहा है.

1 फरवरी 1976 तक, करीब नौ दशकों तक सेना में अलग-अलग रूपों में ‘कलर-रिजर्व सिस्टम’ लागू रही. इस व्यवस्था के तहत सैनिकों को कुल करीब 15 साल के लिए भर्ती किया जाता था. इसमें सात साल की ‘कलर सर्विस’ (सक्रिय सैन्य सेवा) और आठ साल की ‘रिजर्व सर्विस’ शामिल थी. इसके अलावा 5+10, 6+9, 8+7, 10+5 और 12+3 साल के बंटवारे वाली व्यवस्थाएं भी लागू थीं. यह सेना या उसके अलग-अलग विभागों पर निर्भर करता था. सैनिक आमतौर पर पांच से 10 साल तक सक्रिय सैन्य सेवा देते थे. इसके बाद उनकी रिजर्व सेवा की जिम्मेदारी शुरू होती थी. दोनों को मिलाकर उनकी सेवा अवधि 15 साल से ज्यादा हो जाती थी. कुछ खास परिस्थितियों में सेना ‘कलर सर्विस’ की अवधि बढ़ा सकती थी. रिजर्व सेवा में शामिल सैनिकों को युद्ध या आपातस्थिति में दोबारा सेवा के लिए बुलाया जा सकता था. यह व्यवस्था 1947-48, 1962, 1965 और 1971 के युद्धों में कारगर साबित हुई.

इस व्यवस्था में रिजर्व सेवा करने वाले सैनिकों के लिए अलग पेंशन का प्रावधान था. यह नियमित सेवा करने वाले सैनिकों की पेंशन का दो-तिहाई होती थी. यह पेंशन 15 साल की तय सेवा अवधि पूरी करने के बाद दी जाती थी. इसमें रिजर्व सेवा की अवधि भी शामिल थी. अग्निपथ 3.0 में पेंशन की इस व्यवस्था को लागू करने की जरूरत नहीं होगी. पुरानी व्यवस्था में यह पेंशन सक्रिय सैन्य सेवा और रिजर्व सेवा की अवधि को जोड़ने के आधार पर दी जाती थी.

आधुनिक ‘कलर-रिजर्व सिस्टम’ में पुरानी व्यवस्था की नकल करने के बजाय आज की सेना की जरूरतों के हिसाब से उसके सिद्धांतों को अपनाने की जरूरत है.

अग्निपथ 3.0: शुरुआती पांच साल की सेवा

सभी नए सैनिकों को शुरुआती पांच साल की ‘कलर सर्विस’ यानी सक्रिय सैन्य सेवा के लिए भर्ती किया जाए. इस दौरान अग्निवीरों को रैंक और नियुक्ति के मामले में नियमित सैनिकों के बराबर माना जाए. उनके वेतन, भत्तों, छुट्टियों, मेडिकल सुविधाओं और मृत्यु या अपंगता की स्थिति में मिलने वाले मुआवजे में कोई अंतर नहीं होना चाहिए. एक जैसा काम करने और एक जैसे जोखिम उठाने वाले सैनिक के साथ सिर्फ इसलिए कमतर व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए कि उसकी सेवा की शर्तें अलग हैं.

पांच साल की सेवा पूरी होने के बाद हर सैनिक को एक चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा. इसके बाद तय किया जाएगा कि उसे आगे सेना में रखना है या नहीं. चयन का आधार उसकी योग्यता, काम करने का तरीका, मेडिकल फिटनेस, अनुशासन, तैयारी और सबसे अहम, संबंधित सेना, शाखा और विभाग की जरूरतें होनी चाहिए.

मेरा अनुमान है कि भर्ती के हर बैच में 30 से 40 फीसदी सैनिक ऐसे होंगे, जिन्हें नियमित सैनिक के रूप में आगे भी सेवा का मौका दिया जा सकता है. यह योजना के तहत एक अनुमानित सीमा हो सकती है, इसे तय कोटा नहीं माना जाना चाहिए. इन्फैंट्री, आर्मर, आर्टिलरी, इंजीनियर्स, सिग्नल्स, एविएशन और नौसेना की तकनीकी शाखाओं की जरूरतें एक-दूसरे से काफी अलग हो सकती हैं. सेवा अवधि बढ़ाने का फैसला प्रशिक्षण की अवधि और खर्च, कौशल, सैनिकों को बदलने में आने वाली मुश्किल और अनुभवी कर्मचारियों की जरूरत को ध्यान में रखकर ही किया जाना चाहिए.

आगे नियमित सेवा के लिए चुने गए सैनिकों की पदोन्नति और पेंशन तय करते समय उनकी शुरुआती पांच साल की सेवा को भी गिना जाना चाहिए. नियमित सेवा में शामिल होने के बाद उनकी सेवा की गिनती दोबारा शुरू नहीं होनी चाहिए. इससे नियमित सैनिकों की औसत उम्र कम होगी. साथ ही, यह भी सुनिश्चित होगा कि किसी सैनिक को सिर्फ इसलिए नुकसान न उठाना पड़े क्योंकि उसने कम समय की सेवा से अपना करियर शुरू किया था.

बाकी 60 से 70 फीसदी अग्निवीरों के पास दो विकल्प होंगे. जो पांच साल बाद सेना से बाहर होना चाहेंगे, उन्हें अच्छी सेवा निधि दी जाएगी और अगले पांच साल के लिए ‘रिजर्व सर्विस’ में शामिल कर लिया जाएगा. जो आगे भी सेवा करना चाहेंगे और सेना की जरूरतों के लिए उपयुक्त पाए जाएंगे, उन्हें ज्यादा सेवा निधि पैकेज के साथ अगले पांच साल के लिए ‘कलर सर्विस’ में शामिल कर लिया जाएगा. इसके बाद उन्हें भी पांच साल के लिए ‘रिजर्व सर्विस’ में रखा जाएगा. सेवा अवधि बढ़ाए जाने के बाद नियमित सेवा में शामिल होने का दूसरा मौका नहीं दिया जाएगा. नियमित सैनिक के रूप में करियर बनाने का फैसला पांच साल की शुरुआती सेवा पूरी होने पर ही किया जाएगा.

इस तरह, कम समय की सेवा की व्यवस्था में सैनिक पांच या 10 साल तक ‘कलर सर्विस’ यानी सक्रिय सैन्य सेवा देंगे. इसके बाद पांच साल तक ‘रिजर्व सर्विस’ की जिम्मेदारी निभाएंगे. अगर मान लें कि किसी सैनिक की भर्ती 21 साल की उम्र में हुई है, तो 10 साल की सेवा के बाद सेना से बाहर होने के समय उसकी उम्र करीब 31 साल होगी. इसके बाद उसके पास दूसरा करियर बनाने के लिए पर्याप्त समय होगा. जो सैनिक पांच साल बाद या सेवा अवधि बढ़ने के बाद 10 साल की सेवा पूरी करके सेना से बाहर होंगे, उन्हें केंद्र और राज्य सरकारों की नौकरियों में आरक्षण देने के साथ दूसरे प्रोत्साहन भी दिए जाने चाहिए. ऐसा ही प्रावधान अग्निपथ 1.0 योजना के तहत सेना से बाहर होने वाले सैनिकों के लिए किया गया था.

रिजर्व सेना

भारत और उसके संभावित प्रतिद्वंद्वी चीन तथा पाकिस्तान, तीनों परमाणु शक्ति संपन्न देश हैं. ऐसे में इनके बीच लंबे समय तक चलने वाले पारंपरिक युद्ध की संभावना बहुत कम है. लेकिन विवादित सीमाओं पर लंबे समय तक संघर्ष, अचानक झड़पें और टकराव होने की आशंका ज्यादा है. इसके अलावा, सीमाओं की सुरक्षा के लिए सैनिकों की स्थायी तैनाती भी जरूरी है. इसलिए बड़ी सेना रखना जरूरी हो जाता है. सेना में संतुलन बनाए रखने के लिए ‘रिजर्व सेना’ की जरूरत इसी वजह से है.

सेना का बेहतर इस्तेमाल और उसके ढांचे में बदलाव करके सक्रिय सेना का आकार कम किया जाना चाहिए. इसके लिए रिजर्व सेना और उसके हथियारों तथा दूसरे जरूरी सामान को हमेशा इस तरह तैयार रखा जा सकता है कि उसे 24 से 48 घंटे के भीतर मोर्चे पर भेजा जा सके. इजरायल में ऐसा ही होता है, जहां नियमित सेना और रिजर्व सेना का अनुपात 1:2.5 से 1:3 के बीच है. भारत की विवादित सीमाओं को देखते हुए यहां यह अनुपात उलटा यानी 3:1 हो सकता है.

भारत अब तक बड़ी संख्या में नियमित सैनिकों वाली सेना रखता आया है, जबकि रिजर्व सेना में सेवा की जिम्मेदारी दो से पांच साल की होती है. पिछले 50 साल में रिजर्व सेना को सक्रिय सेवा के लिए कभी नहीं बुलाया गया है. फिर भी, इजरायल के मॉडल को भारत की स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से बदलकर अपनाने पर विचार किया जा सकता है.

सैनिकों की शिक्षा का स्तर बढ़ाएं

तकनीक के कारण युद्ध का तरीका जिस तरह बदल गया है, उसे देखते हुए सैनिकों की शिक्षा का स्तर भी बढ़ाने की जरूरत है. युद्ध के मैदान में ड्रोन, रोबोट, सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सटीक निशाना लगाने वाले हथियारों की भूमिका बढ़ गई है. 2040 में सेना में शामिल होने वाले सैनिकों की तकनीक में ज्यादा रुचि होनी चाहिए. साथ ही, उनमें मुश्किल प्रशिक्षण हासिल करने की क्षमता भी होनी चाहिए.

सामान्य ड्यूटी वाले सैनिकों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास से बढ़ाकर 12वीं पास की जानी चाहिए. तकनीकी हथियारों और सेवाओं में भर्ती के लिए न्यूनतम योग्यता विज्ञान विषय में स्नातक या इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल सिस्टम, संचार या कंप्यूटर तकनीक जैसे विषयों में मान्यता प्राप्त डिप्लोमा होना चाहिए. इन खास तकनीकी सेवाओं में भर्ती के लिए अधिकतम उम्र सीमा बढ़ाकर 24 साल की जा सकती है.

इससे तकनीकी शिक्षा हासिल कर चुके लोगों का समूह बड़ा होगा. साथ ही, उन्हें शुरुआती तकनीकी प्रशिक्षण देने में लगने वाले समय और खर्च की बचत होगी. सेनाओं को हर तकनीकी पद के लिए अपनी मर्जी से अलग-अलग डिग्री तय करने के बजाय हर शाखा के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता तय करनी चाहिए. यह बदलाव धीरे-धीरे किया जाना चाहिए. इसके लिए पर्याप्त तैयारी होनी चाहिए और कमजोर आर्थिक तथा सामाजिक वर्गों से आने वाले उम्मीदवारों को भी मौके मिलने चाहिए.

आर्थिक स्थिति और युवा सेना के लक्ष्यों का ध्यान रखें

अग्निपथ 3.0 की असली परीक्षा यह होगी कि क्या इससे सेना की ताकत से समझौता किए बिना सैनिकों पर होने वाला खर्च काफी कम किया जा सकता है. सरकार को 2022 से पहले की व्यवस्था, अग्निपथ 2.0 और प्रस्तावित अग्निपथ 3.0 पर 20 से 25 साल के दौरान होने वाले कुल खर्च की तुलना करनी चाहिए. इसमें वेतन, प्रशिक्षण, सेवा निधि, रिजर्व सेवा पर खर्च, पेंशन, परिवार पेंशन, मेडिकल सुविधाओं और बदलाव से जुड़ी लागत को भी शामिल किया जाना चाहिए.

नियमित सेवा में शामिल किए गए सैनिकों को शुरुआती पांच साल की सेवा की वरिष्ठता देने का मतलब होगा कि उनकी शुरुआती सेवा अवधि को पेंशन के लिए गिना जाएगा. यह सही होगा और इससे नियमित सैनिकों की औसत उम्र भी कम होगी. लेकिन इससे सरकार पर जो खर्च बढ़ेगा, उसे भी हिसाब में साफ-साफ शामिल किया जाना चाहिए. बचत मुख्य रूप से इसलिए होगी क्योंकि भर्ती किए गए ज्यादातर सैनिक कम समय के लिए सेवा देंगे और सरकार पर उन्हें जीवनभर पेंशन देने की जिम्मेदारी नहीं होगी. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं होना चाहिए कि उन्हें उनकी सेवा के बदले मिलने वाले उचित लाभों से वंचित कर दिया जाए.

सरकार को इस योजना को तीनों सेनाओं में सैनिकों के बेहतर इस्तेमाल, संगठन के ढांचे में बदलाव और तकनीक के इस्तेमाल से जोड़ना चाहिए. सेना के भविष्य के ढांचे को ध्यान में रखे बिना भर्ती नहीं की जानी चाहिए.

आगे का रास्ता

अग्निपथ 3.0 के लिए बड़े स्तर पर समीक्षा की जरूरत है. इसमें तीनों सेनाओं, पूर्व सैनिकों, वित्तीय विशेषज्ञों और कर्मचारियों की जरूरतों के जानकारों को शामिल किया जाना चाहिए. अग्निपथ 1.0 और 2.0 को परीक्षण के तौर पर देखना चाहिए. फिलहाल एक अंतरिम कदम के रूप में भविष्य में होने वाली भर्तियां शुरुआती पांच साल की सेवा के लिए की जा सकती हैं. इस दौरान सेवा की शर्तें नियमित सैनिकों के बराबर होनी चाहिए. इससे अग्निपथ 3.0 को अंतिम रूप देने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा. सरकार को नीतिगत दिशा-निर्देश देने और वित्तीय मामलों पर नजर रखने का काम करना चाहिए, जबकि सेनाओं को पेशे से जुड़ी जरूरतें तय करनी चाहिए और योजना लागू करनी चाहिए.

भारत को ऐसी सेना चाहिए, जिसमें युवा और तकनीकी रूप से सक्षम सैनिक हों. इस सेना को प्रशिक्षित रिजर्व सैनिकों का साथ मिले और पेंशन पर होने वाला खर्च भी संतुलित रहे. हर सैनिक के साथ सेवा के दौरान उचित व्यवहार हो और रिटायर होने के बाद उसका भविष्य सुरक्षित रहे. इन जरूरतों को एक आधुनिक ‘कलर-रिजर्व सिस्टम’ पूरा कर सकता है. इसमें सैनिकों के लिए अलग-अलग करियर विकल्प, कम समय की सेवा को बढ़ाने की व्यवस्था, रिजर्व सेवा की जिम्मेदारी और सेना से बाहर होने के बाद दोबारा रोजगार पाने का भरोसा शामिल होगा.

लेफ्टिनेंट जनरल एच एस पनाग PVSM, AVSM (रिटायर्ड) ने भारतीय सेना में 40 साल तक सेवा की. वह नॉर्दर्न कमांड और सेंट्रल कमांड में GOC थे. रिटायरमेंट के बाद वह आर्म्ड फोर्सेज ट्रिब्यूनल के सदस्य थे. उनका एक्स हैंडल @rwac48 है. व्यक्त किए गए विचार निजी है.

(इस लेख को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: अग्निपथ 2.0 की जरूरत क्यों है? भारत को कम खर्च वाली सेना चाहिए, सस्ते सैनिक नहीं


 

share & View comments