scorecardresearch
Saturday, 28 November, 2026
होमरिपोर्टगोरखपुर में 250 करोड़ रुपये से बनेगा फिश फ्लोटिंग फीड प्लांट, 500 से ज्यादा युवाओं को मिलेगा रोजगार

गोरखपुर में 250 करोड़ रुपये से बनेगा फिश फ्लोटिंग फीड प्लांट, 500 से ज्यादा युवाओं को मिलेगा रोजगार

परियोजना के पहले चरण में करीब 150 करोड़ रुपये और दूसरे चरण में 100 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में रविवार को गोरखपुर में इस निवेश के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान होगा.

Text Size:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 250 करोड़ रुपये की लागत से मछलियों का चारा बनाने वाला आधुनिक प्लांट लगाया जाएगा. मत्स्य आहार बनाने वाली कंपनी दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड इस प्लांट को गीडा के सेक्टर-27 में स्थापित करेगी. इस परियोजना से 500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है.

परियोजना के पहले चरण में करीब 150 करोड़ रुपये और दूसरे चरण में 100 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में रविवार को गोरखपुर में इस निवेश के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान होगा.

मत्स्य विभाग की महानिदेशक धनलक्ष्मी के. ने बताया कि यह परियोजना फरवरी 2025 में लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मीन महोत्सव के दौरान किए गए निवेश को बढ़ावा देने के प्रयासों का नतीजा है. इस आयोजन में मत्स्य क्षेत्र में करीब 1,020 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे. इसके अलावा, मत्स्य क्षेत्र के विकास और उसे मजबूत बनाने के लिए कई अन्य निवेश प्रस्तावों पर भी काम चल रहा है.

कंपनी के प्रबंध निदेशक अडुसुमिली वेंकट सुब्रमण्यम ने बताया कि गोरखपुर के प्लांट में आधुनिक तकनीक से अधिक प्रोटीन वाला फ्लोटिंग फिश फीड यानी पानी की सतह पर तैरने वाला मछलियों का चारा बनाया जाएगा.

उन्होंने बताया कि इस प्लांट से मछलियों के चारे की गुणवत्ता बेहतर होगी और उसका उत्पादन भी अधिक प्रभावी तरीके से हो सकेगा. इससे मछलियों की पैदावार बढ़ेगी और मछली पालने वालों की आमदनी और मुनाफा बढ़ाने में मदद मिलेगी.

यह प्लांट उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तर और पूर्वी भारत के अलग-अलग बाजारों की जरूरतों को पूरा करेगा. इसके अलावा, पड़ोसी देशों में चारे के निर्यात की संभावनाएं भी बढ़ेंगी. इस परियोजना से गोरखपुर के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. इससे मछली पालन से जुड़े कारोबार और उत्पादन की पूरी व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.

मत्स्य विभाग की महानिदेशक ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारकर विकास के वास्तविक कामों में बदल रहा है. इससे मछली पालने वालों, कारोबारियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए विकास, रोजगार और तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे.

उन्होंने कहा कि इस निवेश को साकार करने में मत्स्य मंत्री संजय निषाद के नेतृत्व और अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम के सक्रिय प्रयासों की अहम भूमिका रही है.

उन्होंने बताया कि लगातार मिल रहे निवेश प्रस्तावों और दूसरी प्रस्तावित परियोजनाओं के जरिए उत्तर प्रदेश आधुनिक मछली पालन, मछलियों का चारा बनाने और मत्स्य आधारित कारोबार के क्षेत्र में देश का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

share & View comments