scorecardresearch
Saturday, 28 November, 2026
होमरिपोर्टकांग्रेस ने लोकतंत्र को कमजोर किया, सत्ता को अपनी जागीर समझा: रीवा में बोले CM मोहन यादव

कांग्रेस ने लोकतंत्र को कमजोर किया, सत्ता को अपनी जागीर समझा: रीवा में बोले CM मोहन यादव

डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने 90 बार चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त किया. अब वही पार्टी चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है.

Text Size:

भोपाल/रीवा: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 28 नवंबर को रीवा जिले में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के लोकतंत्र को कांग्रेस से खतरा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जनता के साथ अन्याय किया और लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने देश में आपातकाल लगाया था. इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी समेत हजारों-लाखों देशभक्त नेताओं को जेल में डाल दिया गया था. कांग्रेस ने संविधान के खिलाफ जाकर लोकतंत्र को कमजोर किया. हालांकि, चुनाव के समय देश की जनता ने अपने वोट की ताकत से लोकतंत्र की रक्षा की. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों ने संविधान में 100 बार संशोधन किए, जिनमें से 75 संशोधन निजी स्वार्थ के लिए किए गए थे.

डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने 90 बार चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त किया. अब वही पार्टी चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को सही रखने के लिए घुसपैठियों और मृत लोगों के नाम हटाए जाने चाहिए. कांग्रेस 15 साल से सत्ता से बाहर है, इसलिए मतदाता सूची की शुद्धता का विरोध कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव में बेईमानी करके लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की खूबसूरती है कि यहां गरीब से गरीब व्यक्ति और चाय बेचने वाले का बेटा भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता के दिलों पर राज करते हैं. उनके नेतृत्व में गरीबों और जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव आया है. यही रामराज में होता था. राज्य और केंद्र सरकार बच्चों को अच्छी शिक्षा, गरीबों को पीएम आवास और शौचालय की सुविधा देने के साथ महिलाओं को सशक्त बनाने का काम कर रही हैं.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में मध्य प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय केवल 11 हजार रुपये थी, जो आज बढ़कर 1 लाख 70 हजार रुपये हो गई है. उस समय राज्य में केवल 5 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन होता था, जबकि आज 30 हजार मेगावाट बिजली बन रही है. प्रदेश के हर जिले में सांदीपनि विद्यालय खोले जा रहे हैं. सिंचाई के लिए स्लीमनाबाद टनल तैयार की गई है. अगले साल तक रीवा और विंध्य क्षेत्र के किसानों को भी मां नर्मदा का पानी मिलेगा.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में लगातार विकास हो रहा है. भारत दुनिया का सबसे युवा और सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है. आज पूरी दुनिया प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है. भारत के सम्मान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए. उन्होंने कहा कि दो दिन बाद बहनों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता अदालतों पर टिप्पणी करते हैं और चुनाव आयोग का मजाक उड़ाते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता केरल और हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीतने पर चुप रहते हैं, लेकिन बंगाल में हारने पर विरोध करने लगते हैं. कांग्रेस के नेता जनता के बीच नहीं जाते, क्योंकि उन्हें यह मुश्किल लगता है.

उन्होंने कहा कि वे अटल बिहारी वाजपेयी की पार्टी के सदस्य हैं और उनके विचारों पर भरोसा करते हुए काम करते हैं. मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने शिवजी और रामजी को नहीं माना, बल्कि सिर्फ कुर्सी को पहचाना है. कांग्रेस ने सत्ता को अपना अधिकार समझा और लोकतंत्र को अपनी जागीर बना लिया. पार्टी ने देश के गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं समेत सभी वर्गों के साथ अन्याय किया.

share & View comments