scorecardresearch
Saturday, 28 November, 2026
होमराजनीतिपरिसीमन पर पहले जिन मांगों को लेकर विरोध था, वे अब लिखित में शामिल: स्टालिन ने यू-टर्न की बताई वजह

परिसीमन पर पहले जिन मांगों को लेकर विरोध था, वे अब लिखित में शामिल: स्टालिन ने यू-टर्न की बताई वजह

परिसीमन के विरोध से हटकर DMK अब इस विधेयक का समर्थन कर रही है. स्टालिन का तर्क है कि राज्यों में सीटों की संख्या में 50% की बढ़ोतरी से मौजूदा प्रतिनिधित्व बना रहता है. उन्होंने कांग्रेस पर अपना रुख बदलने का आरोप लगाया है.

Text Size:

चेन्नई: द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के अध्यक्ष और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने शनिवार को परिसीमन विधेयक के समर्थन में पार्टी के फैसले का बचाव किया. उन्होंने कहा कि जिन दो मुख्य मांगों को लेकर पार्टी ने पहले परिसीमन का विरोध किया था, उन्हें अब लिखित रूप में विधेयक में शामिल कर लिया गया है.

स्टालिन ने कहा कि कांग्रेस ने अपना रुख बदला है. 2025 में संयुक्त कार्रवाई समिति (JAC) की बैठक में उसने निष्पक्ष परिसीमन का समर्थन किया था, लेकिन अब वह इसका विरोध कर रही है.

DMK सांसदों की बैठक के बाद जारी बयान में स्टालिन ने कहा कि नए मसौदे में निष्पक्ष परिसीमन की उन मांगों को स्वीकार किया गया है, जिन्हें पार्टी 2024 से उठा रही है. उन्होंने कहा, “पिछले साल अप्रैल में हमने जिन दो मांगों को लेकर परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, उन्हें अब नए विधेयक में लिखित रूप में शामिल कर लिया गया है. यह 2024 से DMK की ओर से लगातार किए जा रहे संघर्षों की जीत है. यह तमिलनाडु समेत सभी दक्षिणी राज्यों की जीत है.”

स्टालिन ने पार्टी का पुराना रुख दोहराया कि वह परिसीमन के खिलाफ नहीं है, बल्कि ऐसे किसी भी परिसीमन का विरोध करती है, जिसमें राज्यों को उनका उचित हिस्सा न मिले. पार्टी ने बताया कि 2024 की शुरुआत से उसने इस मुद्दे पर सहमति बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं. इनमें विधानसभा में प्रस्ताव पारित करना, कैबिनेट में चर्चा, सर्वदलीय बैठकें, दूसरे राज्यों के नेताओं को पत्र लिखना और संयुक्त कार्रवाई समिति बनाना शामिल है. इन सभी का मकसद “निष्पक्ष परिसीमन” पर सहमति बनाना था.

स्टालिन ने भावनाओं में बहकर प्रतिक्रिया देने से बचने की सलाह दी और इस मुद्दे पर व्यावहारिक तरीके से विचार करने को कहा. उन्होंने बताया कि विधेयक में 1971 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर सभी राज्यों में सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव है. उन्होंने कहा कि इस मौके को गंवाने के गंभीर नतीजे हो सकते हैं. पूरी तरह जांच करने के बाद पार्टी के सांसदों ने मौजूदा स्वरूप में परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने का फैसला किया, क्योंकि यह व्यावहारिक है और तमिलनाडु के हित में है.

DMK लगातार यह कहती रही है कि जिन राज्यों ने जनसंख्या वृद्धि को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया और सामाजिक-आर्थिक मानकों में बेहतर प्रदर्शन किया, उन्हें संसद में कम प्रतिनिधित्व देकर सजा नहीं दी जानी चाहिए.

DMK सांसद ए. राजा ने कहा कि यह फैसला लोकसभा में राज्य की 7.18 फीसदी हिस्सेदारी को बनाए रखने के मकसद से लिया गया है. स्टालिन ने अपने सांसदों को जरूरत पड़ने पर और संशोधनों की मांग करने की अनुमति दी है. राजा ने कहा कि कांग्रेस ने पहले गठबंधन का हिस्सा रहते हुए इसी मांग का समर्थन किया था. उन्होंने जोर देकर कहा कि निष्पक्ष परिसीमन को लेकर DMK का मूल रुख नहीं बदला है.

स्टालिन के साथ बैठक के बाद पार्टी सांसद दयानिधि मारन ने मीडिया से कहा, “तमिलनाडु और दूसरे दक्षिणी राज्यों ने परिवार नियोजन का पूरी ईमानदारी से पालन किया है. हमने अपनी आबादी को नियंत्रित रखा है और इसके लिए हमें सजा नहीं मिलनी चाहिए. हमारे तत्कालीन मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने तमिलनाडु विधानसभा में पारित प्रस्ताव में कहा था कि DMK निष्पक्ष व्यवहार चाहती है. दक्षिणी राज्यों के अधिकारों की रक्षा होनी चाहिए और उनकी सीटों की संख्या कम नहीं की जानी चाहिए.”

उन्होंने कहा कि DMK की मांग अब इस मायने में पूरी हो गई है कि हर राज्य में सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाई जा रही है. इससे मौजूदा अनुपात बना रहेगा.

संसद के विशेष सत्र के लिए पार्टी की मांगों में शामिल हैं: तमिलनाडु की 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम न हो, 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बना रहे और जरूरत पड़ने पर सीटों के अनुपात पर लगी मौजूदा रोक को अगले 25 साल के लिए बढ़ा दिया जाए.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: बिहार-यूपी के लिए बाहुबली क्यों हैं अभिशाप, इसका सबूत हैं ‘छोटे सरकार’—अनंत सिंह


 

share & View comments