scorecardresearch
Saturday, 28 November, 2026
होममत-विमतनेशनल इंट्रेस्टबिहार-यूपी के लिए बाहुबली क्यों हैं अभिशाप, इसका सबूत हैं 'छोटे सरकार'—अनंत सिंह

बिहार-यूपी के लिए बाहुबली क्यों हैं अभिशाप, इसका सबूत हैं ‘छोटे सरकार’—अनंत सिंह

बिहार के विधायक अनंत सिंह की किस्मत हमेशा मेहरबान रही है. मोकामा के इस 'बाहुबली' पर कई मामले दर्ज हुए हैं, लेकिन इससे न तो उनका रसूख कम हुआ है और न ही सत्ता पर उनकी पकड़ ढीली पड़ी है. उनके जेल के अंदर या बाहर होने से कोई फर्क नहीं पड़ता.

Text Size:

बिहार के JDU से निष्कासित बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी का जिस तरह आडंबरपूर्ण आयोजन हुआ उससे हम सब हैरत में हैं. तरह-तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं लेकिन ऐसा लगता है कि मोकामा में हुई इस शादी में तीन से पांच लाख के बीच लोगों ने भाग लिया. गौरतलब है कि अनंत सिंह पर हत्या का मुकदमा चल रहा है, उनके खिलाफ दूसरे 27 गंभीर मामले दर्ज हैं और वे जमानत पर जेल से बाहर हैं.  

इस विवाह समारोह में घुड़दौड़ प्रतियोगिता एक विशेष आयोजन था जिसमें विजेता को ‘थार’ नामक वाहन भेंट की गई. तमाम तरह के जश्न के साथ बेहिसाब व्यंजन परोसे गए. 

टीवी चैनलों, खासकर हिंदी चैनलों के लिए तो यह आयोजन मानो महाभोज जैसा बन गया. वे मेहमानों की प्लेटों पर रसगुल्लों और गुलाब जामुनों की गिनती में जुट गए. मैंने एक चैनल पर किसी को यह कहते सुना कि वह छह-छह रसगुल्ले और गुलाब जामुन ही ले पाया जबकि कई लोग एक-एक दर्जन गटक रहे हैं. मेरे लिए सबसे दिलचस्प वाक्या तो यह था, जो ‘दिप्रिंट’ के कृष्ण मुरारी ने बयान किया: सफेद शर्ट, काला कोट और धूप का चश्मा पहने अनंत सिंह अपनी लैंड क्रूजर में खड़े हैं. वह हवा में गमछा घुमा रहे थे और हजारों लोग ‘छोटे सरकार, छोटे सरकार’ का नारा लगा रहे थे. ‘बड़े सरकार’ तो उनके भाई दिलीप सिंह थे, जिनका 2006 में निधन हो गया.    

‘बड़े सरकार’ अपनी कमान अपने छोटे भाई को सौंप गए और उन्हें बिहार के सबसे गरीब इलाकों में शुमार मोकामा का सबसे बड़ा बाहुबली बना गए. आश्चर्य नहीं कि मोकामा में आपस में होड़ लगाते दो बाहुबली परिवारों का ज़ोर चलता है. महत्वपूर्ण बात यह है कि दोनों एक ही अगड़ी जाति भूमिहार के हैं. तमाम राजनीतिक दल इस जाति का समर्थन हासिल करने की होड़ में लगे रहते हैं. राजनीति कहीं की भी हो, उम्मीदवार में चुनाव ‘जीतने की ताकत’ गंगाजल के समान होता है जिसमें उसके सारे पाप धुल जाते हैं. यह बात हिंदी पट्टी के लिए ज्यादा लागू होती है. 

‘बड़े-छोटे सरकार’ के प्रतिद्वंद्वी रहे हैं पूर्व सांसद सूरजभान सिंह, जिन्हें 1992 में हत्या के एक मामले में सजा होने के बाद चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित कर दिया गया. उन्हें ‘फास्ट ट्रेक कोर्ट’ ने 2008 में सजा सुनाई. इससे कोई फर्क नहीं पड़ा, उनकी पत्नी वीणा देवी ने उनकी गद्दी संभाल ली. वे भी पूर्व सांसद हैं, हालांकि इधर वे चुनाव हारती रही हैं. लेकिन दोनों परिवारों के बीच टक्कर जारी है. और वहां की आबादी इन दो खेमों में बंटी है. जाहिर है, पलड़ा जीतने वाले, यानी अनंत सिंह का ही भारी है. 

फिलहाल, हम दुल्हन के पिता की ही बात करें. अनंत सिंह ने जादुई जीवन जिया है. वे कई मुकदमे झेलते रहे हैं लेकिन इससे उनकी ताकत में कोई कमी नहीं आई है. जेल के अंदर रहने या बाहर रहने से कोई फर्क नहीं पड़ा है. उदाहरण के लिए, उन्हें 2019 में तब जेल भेजा गया था जब उनके घर से कथित तौर पर एक एके-47, 22 कारतूस, और दो बम बरामद किए जाने के बाद बेहद सख्त ‘UAPA’ कानून के उल्लंघन समेत कई आरोप लगाए गए थे. इतने से तो उनका राजनीतिक करियर खत्म हो जाना चाहिए था, लेकिन बिहार में ऐसा नहीं होता.  

2020 में वे जेल से विधानसभा चुनाव लड़े और जीते. कहीं का कोई भी मुख्यमंत्री हो, अपने आंकड़े बढ़ाने के लिए विधायक का समर्थन किसे नहीं चाहिए? हिंदी पट्टी की राजनीति में कोई भी इससे अछूता नहीं है, चाहे वे सुशासन बाबू, सबसे पाक-साफ माने जाने वाले नीतीश कुमार ही क्यों न हों. उनकी सरकार ने अनंत सिंह के खिलाफ अंतिम आरोपपत्र से ‘यूएपीए’ से संबंधित आरोप हटा दिए. और अनंत सिंह जमानत पर जेल से बाहर आ गए. इस कहानी को पढ़कर आप जरूर चौंक गए होंगे. 

लेकिन वे ‘दुस्साहस’ से बाज आए, तो फिर वे अनंत सिंह कैसे रहे? वे हमेशा इसके लिए चाक-चौबंद और तैयार रहे हैं. शादी की तसवीरों में उन्हें देखिए, अपने दर्जन भर राइफलधारी गुर्गों से घिरे वे ट्रैक पैंट, जैकेट और ‘काउब्व्वाय हैट’ पहने, हवाई चप्पल में घूमते नजर आएंगे. शादी में पुलिस का काम सिर्फ ट्रैफिक को संभालना था. 

उनके ‘दुस्साहस’ का ताजा उदाहरण 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान देखने को मिला. एक मुठभेड़ में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के दुलार चंद यादव की हत्या कर दी गई. अनंत सिंह पर हत्या का आरोप लगाया गया. उन्होंने जेल से चुनाव लड़ा और जीते. वे जेल में बंद थे और उन्हीं की जाति के केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने उनका चुनाव प्रचार किया. यह उपकार चुकाने वाला मामला था. 

2019 के लोकसभा चुनाव में अनंत सिंह ने ललन सिंह के खिलाफ अपनी पत्नी नीलम देवी को कांग्रेस के टिकट पर खड़ा किया था. वे चुनाव हार गईं, लेकिन 2024 के आम चुनाव में अनंत सिंह ललन सिंह के लिए प्रचार कर रहे थे. अगर यह उलट-पुलट आपको हैरत में डाल रहा है तो आप यह जान लीजिए कि ‘जीतने वाला’ बाहुबली हर पार्टी को प्यारा लगता है. अब आप समझ गए होंगे कि ललन सिंह ने जेल में बंद अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी के लिए चुनाव प्रचार क्यों किया. पटना हाई कोर्ट ने इस साल मार्च में उन्हें जमानत दे दी. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने अब इस फैसले को रद्द कर दिया है. उन्हें 1 दिसंबर को सरेंडर करना है. लेकिन वे अपने समर्थकों की भीड़ को कहते रहे हैं कि चिंता मत करो, सुप्रीम कोर्ट तीन महीने के अंदर उन्हें जमानत दे देगा. 

आइए, हम मोकामा और ‘छोटे-बड़े सरकारों’ के इतिहास पर नज़र डालें. 1990 और 1995 में बड़े भाई दिलीप सिंह जनता दल के टिकट पर चुनाव जीते. बाद में वे विधान परिषद के सदस्य बने. 

अनंत सिंह 2005 और 2010 में बड़े भाई के चुनाव क्षेत्र से जीते. 2015 में वे जदयू से निकल गए और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीते. लेकिन 2020 में मामला उलट गया, वह भी केवल पार्टी के प्रति वफादारी के मामले में. इस बार वे राजद के उम्मीदवार के रूप में जीते. बाहुबली को हर दल पसंद करता है, इसका इससे बड़ा और क्या प्रमाण हो सकता है? याद रहे, कांग्रेस ने उनकी पत्नी को 2019 में अपना उम्मीदवार बनाया था. 

अनंत सिंह के खिलाफ ‘UAPA’ के तहत आरोपों को तो वापस ले लिया गया, फिर भी 2022 में उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने के अयोग्य ठहराया गया क्योंकि उन पर अवैध हथियार रखने के आरोप थे और सांसद/विधायक अदालत ने आर्म्स एक्ट के तहत उन्हें अपराधी घोषित किया था. उनकी सीट पर हुआ उप-चुनाव उनकी पत्नी नीलम देवी ने जीता. वह सीट राजद के कब्जे में ही रही. बाद में हाई कोर्ट ने अनंत सिंह को आर्म्स एक्ट के तहत आरोपों से बरी कर दिया. 

पटना से करीब 90 किलोमीटर दूर मोकामा भूगोल का श्राप झेल रहा है. इसका बड़ा भूभाग ‘मोकामा टाल’ (झील) के नाम से जाना जाता है, जहां सामान्य बारिश में भी बाढ़ आती रहती है. बिहार के बाकी हिस्सों की तरह इसकी अर्थव्यवस्था भी बिहार के बाहर रोजगार में लगे बसे बिहारियों द्वारा भेजे जाने वाले पैसे पर निर्भर है. यहां रह गए युवाओं और बुजुर्गों के पास लगभग कोई रोजगार नहीं है. इसलिए बाहुबली छोटे-छोटे ठेकों और अपने ‘रियल एस्टेट’ योजनाओं में उन्हें मजदूरी देते हैं, या वे रेत के प्रायः अवैध खनन में जुटे रहते हैं या माफिया द्वारा ‘सुरक्षा शुल्क’ वसूली के धंधे में लगे होते हैं. 

मैं आपको पूरी हिंदी पट्टी के विशाल ‘गैंगलैंड’ की सैर करा सकता हूं, लेकिन इस सप्ताह बिहार की ही बात करें. इसने भारत को शहाबुद्दीन के रूप में सबसे कुख्यात माफिया दिया, जो सिवान का ‘राजा’ था. वर्षों तक वह जेल से अपना राज चलाता रहा; अपहरण, जबरन वसूली और हत्या के फरमान जारी करता रहा जबकि वह हत्या के मामले में उम्रक़ैद की सजा काट रहा था. उसकी पत्नी हिना और राजद विधायक उसके बेटे ओसामा ने उसकी विरासत संभाल रखी है. उन्हें कोई राजनीतिक अछूत नहीं मानता. 

फिलहाल सुर्खियों में सबसे उल्लेखनीय मामला आनंद मोहन का है. ‘शिवहर के डॉन’ के नाम से कुख्यात आनंद मोहन को 1994 में गोपालगंज के जिला मजिस्ट्रेट, IAS अधिकारी जी. कृष्णेया की हत्या के मामले में अंततः सजा सुना दी गई है. 

नीतीश कुमार ने बिहार की जेल से रिहाई के नियमों में 2023 में ऐसा बदलाव किया जिसे आप सिर्फ आनंद मोहन के लिए किया गया बदलाव कह सकते हैं. उन्होंने सेवारत सरकारी कर्मचारियों की हत्या के लिए दोषी ठहराए गए अपराधी की रिहाई पर लगी रोक को खत्म कर दिया. इसके बाद से आनंद मोहन जेल से बाहर हैं. इस सप्ताह सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के इस नीतिगत फैसले को रद्द कर दिया. अब अनंत सिंह की तरह उन्हें भी फिर से जेल जाना पड़ेगा. 

लेकिन उनकी जगह उनकी पत्नी लवली सिंह और बेटा चेतन चुनाव लड़ते रहे हैं और अपने गढ़ से अक्सर जीतते भी रहे हैं. दोनों को तमाम दल गले लगाते रहे हैं. हम पप्पू यादव और उनकी पत्नी रंजीता रंजन का भी जिक्र कर सकते हैं. तब, युवाओं के मुहावरे का इस्तेमाल करें तो इसे ‘TMI’ (बहुत विस्तार में जाना) कहा जा सकता है. 

हम पड़ोस के उत्तर प्रदेश के अतीक़ अहमद से लेकर मुख्तार अंसारी जमात और हरिशंकर तिवारी तक ‘स्टार’ बाहुबलियों के नाम भी ले सकते हैं. लेकिन बड़ा मुद्दा यह है कि हिंदी पट्टी भले ही लाखों समस्याओं से जूझ रही हो मगर जातिवाद, संप्रदायवाद, और गैंगस्टरों के प्रति लगाव को इसकी तीन सबसे बड़ी तीन समस्याओं में गिना जा सकता है. 

(नेशनल इंट्रेस्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: राष्ट्रवाद के मुद्दे पर कांग्रेस की कमजोर होती पकड़ भारत को एक-दलीय व्यवस्था की दिशा में धकेल रही है


 

share & View comments