तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम का विवाद अब सिर्फ मंदिर में दीपक जलाने की रस्म तक सीमित नहीं रह गया है. सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश को लागू न करने और हिंदू कार्यकर्ताओं तथा बीजेपी नेताओं को हिरासत में लेने के बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार के सामने गठबंधन की राजनीति, राज्य की ताकत और राजनीतिक छवि से जुड़े सवाल खड़े हो गए हैं. 27 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) सरकार को फटकार लगाई और शनिवार को उचि पिल्लयार मंदिर में जलाए गए कार्तिगई दीपम की लौ से दीपथून पर दीपक जलाने का निर्देश दिया.
24 नवंबर को शाम करीब 6 बजे मदुरै के पास तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर उचि पिल्लयार मंदिर के नजदीक पारंपरिक दीप मंडपम में कार्तिगई दीपम जलाया गया. 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने सीमित अंतरिम अनुमति देते हुए मंदिर की अधिकृत टीम को एक बार दीपथून पर दीपक जलाने की इजाजत दी थी. इसके बावजूद वहां दीपक नहीं जलाया गया. कार्तिगई दीपम के दिन मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै बेंच ने भी जिला प्रशासन को याद दिलाया था कि लंबित पुनर्विचार याचिका से सुप्रीम कोर्ट का आदेश नहीं रुकता है.
पिछले साल द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) ने कानून-व्यवस्था की समस्या का हवाला दिया था और मद्रास हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद दीपथून पर दीपक नहीं जलाया गया था. तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने भी लगभग इसी तरीके को अपनाया, हालांकि उसने इस बार जिम्मेदारी मंदिर प्रशासन पर डाल दी और जिला प्रशासन ने कहा कि दीपक जलाने की जिम्मेदारी मंदिर अधिकारियों की है.
मंगलवार को हिंदू कार्यकर्ता और हिंदू मुन्नानी के कार्यकर्ता मंदिर के पास इकट्ठा हुए. इस दौरान झड़प हुई और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जबरन वहां से हटाया. करीब 300 लोगों को हिरासत में लिया गया. इससे पहले ही पूरे जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई थी. सुरक्षा के लिए 5,600 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे. इलाके में अस्थायी रेड जोन बनाया गया, ड्रोन उड़ाने पर रोक लगाई गई और स्तंभ के आसपास बैरिकेडिंग की गई. बीजेपी नेताओं तमिलिसाई सौंदरराजन और नैनार नागेंद्रन को भी इलाके में जाने की कोशिश के दौरान रोका गया या हिरासत में लिया गया.
इस दौरान मदुरै प्रशासन ने एक तरफ सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू नहीं किया, तो दूसरी तरफ उसे लागू करने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती दिखाई. इस विरोधाभास और इसके पीछे की राजनीतिक गणित ने तिरुपरनकुंद्रम दीपथून विवाद को दिप्रिंट का न्यूज़मेकर ऑफ दि वीक बना दिया है.
सुप्रीम कोर्ट की सख्ती
इस मामले की अंतिम सुनवाई जनवरी 2027 में होनी है. दीपम मामले में मूल याचिकाकर्ता और हिंदू मुन्नानी के नेता रामा रविकुमार ने अवमानना याचिका भी दाखिल की है.
इस याचिका में मांग की गई है कि मुख्यमंत्री विजय या उनके मंत्रियों की ओर से आदेश का पालन न करने में किसी भूमिका का खुलासा किया जाए. साथ ही, राजनीतिक नेतृत्व और प्रशासन के बीच हुई बातचीत और संदेशों का पूरा ब्योरा दिया जाए. इससे जुड़ी किसी भी खुफिया रिपोर्ट को भी सार्वजनिक करने की मांग की गई है.
27 नवंबर को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पांचोली की बेंच ने अवमानना याचिकाओं और उनसे जुड़ी अर्जियों पर सुनवाई की. कोर्ट ने कहा कि इस स्थिति को देखकर उसके मन में सबसे पहला शब्द ‘अफसोस’ आया. कोर्ट ने यह भी कहा कि अगर इस मामले को सख्ती से नहीं संभाला गया तो यह ‘संवैधानिक अराजकता’ में बदल सकता है.
अनुच्छेद 144 और कानून के शासन का हवाला देते हुए बेंच ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश बातचीत या मोलभाव का विषय नहीं है. जब तक कोर्ट खुद उसमें बदलाव नहीं करता या उसे रद्द नहीं करता, तब तक उसका पालन करना जरूरी है. कोर्ट ने पहली नजर में पाया कि प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर बोर्ड ने 20 नवंबर के आदेश की जानबूझकर और खुले तौर पर अवहेलना की. उन्होंने अपने ‘राजनीतिक आकाओं के निर्देशों’ के मुताबिक काम किया.
कोर्ट ने अरुलमिगु सुब्रमणिया स्वामी मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड को निलंबित कर दिया और हाई कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस एस. वैद्यनाथन तथा जस्टिस वी. पार्थिबन को मंदिर प्रशासन का तत्काल प्रभार संभालने के लिए रिसीवर नियुक्त किया. कोर्ट ने इन रिसीवरों को निर्देश दिया कि वे 28 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाना सुनिश्चित करें. इसके लिए उचि पिल्लयार मंडपम में जलाए गए दीपक की लौ का इस्तेमाल किया जाए, अगर वह अब भी जल रहा हो. ऐसा संभव न होने पर स्थानिकरों से सलाह लेकर कोई दूसरी उचित व्यवस्था की जाए.
श्रद्धालुओं को दीपक जलाने की अनुमति दी गई, लेकिन सिकंदर दरगाह से चारों तरफ 50 मीटर का घेरा बनाए रखने की शर्त रखी गई. मंदिर और पूरी पहाड़ी की सुरक्षा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंप दी गई. कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग (HR&CE) के सचिव और आयुक्त, मदुरै के जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, ट्रस्टी बोर्ड के अध्यक्ष और अन्य ट्रस्टियों को अवमानना के मामले में कारण बताओ नोटिस भी जारी किए.
मुख्य सचिव को निर्देश दिया गया है कि वे एक विस्तृत हलफनामा दाखिल करें. इसमें घटनाओं का पूरा क्रम, अधिकारियों के बीच हुए संवाद और सुप्रीम कोर्ट की मदद करने के संवैधानिक कर्तव्य की कथित अनदेखी के बारे में जानकारी देनी होगी. उन्हें व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होने का भी निर्देश दिया गया है. मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को होगी. कोर्ट ने साफ किया कि 28 नवंबर को दीपक जलाने से किसी भी पक्ष के पक्ष में कोई कानूनी अधिकार पैदा नहीं होगा.
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाई कोर्ट के पुराने फैसले के कुछ अहम निष्कर्षों पर रोक लगा दी थी. हाई कोर्ट ने दीपथून पर दीपक जलाने को अनिवार्य धार्मिक प्रथा माना था. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर देवस्थानम की एक छोटी और अधिकृत टीम तथा सरकारी अधिकारियों को कड़ी शर्तों के साथ एक बार दीपक जलाने की अनुमति दी थी.
साथ ही कोर्ट ने साफ कहा था कि सार्वजनिक जुलूस निकालने, नारे लगाने और दीपक जलाने के लिए अधिकृत लोगों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को वहां जाने की अनुमति नहीं होगी. कोर्ट ने यह भी कहा था कि इस अनुमति से कोई पारंपरिक, मालिकाना या धार्मिक अधिकार पैदा नहीं होगा और इसे भविष्य के मामलों में नजीर के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा.
तमिलनाडु सरकार ने HR&CE आयुक्त के जरिए फैसले पर पुनर्विचार याचिका दाखिल की थी. इसमें कहा गया था कि रिकॉर्ड में स्पष्ट गलती है. हालांकि, 24 नवंबर को छुट्टी होने की वजह से इस याचिका को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं किया गया. उचि पिल्लयार मंदिर में दीपक जलाए जाने के बाद ही मंदिर प्रशासन और ट्रस्टियों ने बयान जारी कर इसकी पुष्टि की. उन्होंने शैव आगम परंपराओं और दीप मंडपम में पिछले 150 साल से दीपक जलाने की प्रथा का हवाला दिया.
बाद में मदुरै के जिला कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि मंदिर बोर्ड के इनकार की वजह से जिला प्रशासन आगे नहीं बढ़ सका. उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी. उन्होंने कहा कि दीपक जलाने की पूरी तैयारी कर ली गई थी, लेकिन अधिकृत टीम के मौजूद न होने के कारण दीपथून पर दीपक नहीं जलाया जा सका.
शुक्रवार को बेंच ने शुरुआती स्थिति रिपोर्ट पर नाराजगी जताई. कोर्ट ने कहा कि जिला कलेक्टर के पास आदेश लागू करने के पर्याप्त अधिकार थे. पूरी जिम्मेदारी देवस्थानम पर डालने की कोशिश को कोर्ट ने भरोसेमंद नहीं माना.
आलोचकों का कहना है कि विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने में नाकाम रही और यह जानबूझकर अपनाया गया रुख था. बीजेपी ने पूरे विवाद को ‘सोची-समझी साजिश’ बताया और आरोप लगाया कि TVK भी वही राजनीतिक खेल खेल रही है, जो उससे पहले DMK ने खेला था.
बीजेपी नेता तमिलिसाई सौंदरराजन ने कहा कि किसी कानून मंत्री का सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश का खुले तौर पर विरोध करना ‘बेहद निंदनीय’ है.
उन्होंने मंत्री की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए X पर लिखा, “तमिलनाडु के कानून मंत्री ने उस पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है.”
राजनीतिक विश्लेषक एस. नागराजन के मुताबिक, सरकार के इस कदम से सुप्रीम कोर्ट पर लोगों का भरोसा कमजोर हो सकता है.
नागराजन ने कहा, “संवैधानिक लोकतंत्र में किसी फैसले की निष्पक्ष आलोचना की जा सकती है. लेकिन जजों की मंशा पर सवाल उठाना या लोकप्रियता हासिल करने के लिए बयानबाजी करके न्यायपालिका को डराने की कोशिश करना संस्थागत अधिकार की जड़ पर हमला है.”
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि कोई प्रशासन कानून-व्यवस्था के नाम पर नागरिकों को गिरफ्तार करने का नैतिक या कानूनी अधिकार नहीं जता सकता, जबकि उसी समय वह देश की सबसे बड़ी अदालत के आदेश को लागू करने से पीछे हट रहा हो.
नागराजन ने आगे कहा, “जनहित में काम करने वाले नागरिकों और वकीलों को अदालत की अवमानना करने वाले ऐसे बयानों की जानकारी तुरंत माननीय सुप्रीम कोर्ट को देनी चाहिए. देश की सबसे बड़ी अदालत पर लोगों का भरोसा कमजोर करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई होनी चाहिए और देश के दंड कानूनों के तहत सख्त सजा दी जानी चाहिए.”
गठबंधन का गणित और तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की राजनीति
कार्तिगई दीपम से एक दिन पहले विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार ने अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ बंद कमरे में बैठक की थी. TVK सरकार कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK), वामपंथी दलों और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के विधायकों के समर्थन पर निर्भर है. इन सहयोगी दलों ने सार्वजनिक रूप से साफ कहा था कि परंपरागत व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं होना चाहिए. उनका कहना था कि हिंदुत्ववादी संगठन ऐतिहासिक रूप से साझा रही इस पहाड़ी पर तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं.
फिलहाल विधानसभा की छह सीटें खाली हैं और सदन में 228 सदस्य हैं. सत्तारूढ़ TVK के पास अपने दम पर 108 सीटें हैं. कांग्रेस के पास पांच सीटें हैं, जबकि VCK, IUML, CPI और CPI(M) के पास दो-दो सीटें हैं. पिछली DMK सरकार की तरह मौजूदा सरकार का भी कहना है कि दीपक जलाने की स्थापित परंपरा दीप मंडपम में ही है. सरकार का यह भी कहना है कि स्तंभ ब्रिटिश शासन के समय का सर्वेक्षण केंद्र है, न कि कोई पारंपरिक धार्मिक ढांचा. सरकार के मुताबिक, हजरत सुल्तान सिकंदर बदुशा औलिया दरगाह के पास मौजूदा व्यवस्था में बदलाव से सांप्रदायिक तनाव पैदा हो सकता है.
VCK प्रमुख थिरुमावलवन ने कहा कि TVK सरकार संघ परिवार के सामने नहीं झुककर ‘तमिलनाडु के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने और लोगों की सच्ची धार्मिक मान्यताओं, दोनों की रक्षा कर रही है’.
IUML ने भी पहले सार्वजनिक रूप से कहा था कि पारंपरिक जगह में बदलाव नहीं होना चाहिए. पार्टी का कहना था कि ऐसा करने से सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है. कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने भी सरकार का बचाव करते हुए कहा कि उसकी मंशा साफ है.
उन्होंने मीडिया से कहा, “हम तमिलनाडु में सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी सद्भाव को बिगाड़ना नहीं चाहते.”
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि TVK ने इस रुख के जरिए सोच-समझकर राजनीतिक संतुलन बनाने की कोशिश की. सरकार ने मद्रास हाई कोर्ट में कहा था कि वह आदेश को उसी दिन लागू करेगी, लेकिन असल में ऐसा नहीं किया. पार्टी ने पुनर्विचार याचिका भी दाखिल की, ताकि यह दिखाया जा सके कि वह सीधे टकराव से बचना चाहती है.
राजनीतिक विश्लेषक सुनील कुमार ने दिप्रिंट से कहा, “TVK नहीं चाहती कि विपक्ष उस पर हमला करे या उसके वामपंथी और अल्पसंख्यक सहयोगी दल उससे नाराज हों. पार्टी हमेशा यह कह सकती है कि उसने राजनीतिक तौर पर दीपक जलाने का विरोध करने की कोशिश की, जबकि कोर्ट में यह भी कह सकती है कि उसने दीपक जलाने की व्यवस्था की थी.”
राजनीतिक टिप्पणीकार मुकुंद पद्मनाभन का कहना है कि चूंकि दीपक जलाने की जिम्मेदारी मंदिर अधिकारियों की थी, इसलिए सख्त मायनों में इसे अवहेलना नहीं कहा जा सकता. पद्मनाभन ने कहा, “TVK जानती थी कि अगर उसने कोई दूसरा रास्ता अपनाया तो DMK उसकी आलोचना करेगी, जबकि उसके अपने सहयोगी दल मंदिर प्रशासन की इच्छा के खिलाफ दबाव बनाने का समर्थन नहीं करेंगे.”
एक नई राजनीतिक ताकत के तौर पर TVK खुद को पुराने द्रविड़ राजनीतिक दलों और बीजेपी, दोनों से अलग दिखाना चाहती है. ऐसे में उसकी प्राथमिकता साफ थी. उसे अपने धर्मनिरपेक्ष होने की छवि और अल्पसंख्यक समुदायों का समर्थन बनाए रखना था, भले ही इसके लिए उसे अदालत की अवमानना के आरोपों और DMK जैसी राजनीति करने के बीजेपी के आरोपों का सामना करना पड़े.
नागराजन ने कहा, “TVK को इस रुख से शायद ज्यादा फायदा न हो, लेकिन वह अल्पसंख्यक वोट बैंक खोना नहीं चाहती. तमिलनाडु में राजनीतिक समीकरण अब भी ऐसे किसी कदम के खिलाफ हैं, जिसे बहुसंख्यकवाद को बढ़ावा देने वाला बताया जा सकता है.”
संवैधानिक विरोधाभास
दीपथून पर दीपक जलाने का मामला राज्य में बड़ा विवाद इसलिए बना क्योंकि इसके साथ ही प्रशासन ने सख्ती भी दिखाई. जहां सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बावजूद दीपक नहीं जलाया गया, वहीं उसी प्रशासन ने पूरे जिले में निषेधाज्ञा लागू की, आदेश का पालन कराने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और राजनीतिक नेताओं की आवाजाही पर रोक लगा दी.
राष्ट्रीय संविधान दिवस पर सरकार पर निशाना साधते हुए बीजेपी नेताओं ने भी कहा कि प्रशासन कानून-व्यवस्था के नाम पर नागरिकों को गिरफ्तार करने का नैतिक और कानूनी अधिकार नहीं जता सकता, जबकि वह उसी समय देश की सबसे बड़ी अदालत के आदेश को लागू करने से पीछे हट रहा हो.
बीजेपी नेता नैनार नागेंद्रन ने सरकार पर ‘भारतीय संविधान के साथ ही विश्वासघात करने’ का आरोप लगाया.
उन्होंने मीडिया से कहा, “मुख्यमंत्री में इस मुद्दे को संभालने की परिपक्वता नहीं थी.” उन्होंने जिला कलेक्टर और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग भी की.
सुप्रीम कोर्ट के 27 नवंबर के आदेश के बाद अब स्थिति बदल गई है. 24 नवंबर को आदेश लागू न करने के पीछे जो राजनीतिक गणित था, उसकी अब सीधे अदालत में जांच हो रही है. परंपरा, पहाड़ी के मालिकाना हक और धार्मिक अधिकारों से जुड़े बड़े सवालों पर जनवरी 2027 में होने वाली अंतिम सुनवाई में फैसला होगा. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल साफ संदेश दिया है कि उसके आदेशों की अपनी सुविधा के हिसाब से व्याख्या नहीं की जा सकती और न ही उन पर राजनीतिक बातचीत या मोलभाव हो सकता है.
इस बीच, राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने भी मुख्यमंत्री विजय से औपचारिक रूप से विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है. इसमें बताना होगा कि तिरुपरनकुंद्रम दीपम मामले में राज्य सरकार और सभी संबंधित अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश का पूरी तरह पालन किया या नहीं.
विचार निजी हैं.
(इस लेख को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: मोदी के कट्टर समर्थक ने मोदी के ‘छोटे भाई’ को घेरा, रामदेव और BJP के बदलते रिश्ते की कहानी