scorecardresearch
Saturday, 28 November, 2026
होमदेशहिजाब पर असमंजस बरकरार: SC के नए आदेश से बहस फिर तेज, स्कूलों में इसे पहनने का अधिकार अब भी अनसुलझा

हिजाब पर असमंजस बरकरार: SC के नए आदेश से बहस फिर तेज, स्कूलों में इसे पहनने का अधिकार अब भी अनसुलझा

इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती देने वाली एक याचिका, जिसमें कहा गया था कि हिजाब पहनना इस्लाम में कोई अनिवार्य प्रथा नहीं है, ने इस बहस को वापस सुप्रीम कोर्ट में ला खड़ा किया है, जहां एक बड़ी बेंच को अभी इस मुद्दे पर फैसला करना है.

Text Size:

नई दिल्ली: क्या कोई स्कूल एकरूपता बनाए रखने के नाम पर किसी छात्र की धार्मिक अभिव्यक्ति के अधिकार को सीमित कर सकता है, या संविधान के तहत शिक्षण संस्थानों के लिए हर व्यक्ति की धार्मिक मान्यताओं का सम्मान करना जरूरी है? कर्नाटक के स्कूलों में हिजाब पर प्रतिबंध को लेकर सुप्रीम कोर्ट के खंडित फैसले के करीब चार साल बाद भी यह सवाल अनसुलझा है.

सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के तीन लाइन के नए आदेश ने कक्षाओं में हिजाब पहनने को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा कर दिया है. लेकिन इस संवैधानिक सवाल का जवाब अब भी बड़ी बेंच के फैसले का इंतिजार कर रहा है.

जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पांचोली की बेंच ने मुस्लिम वीमेंस स्टडी सर्कल की याचिका पर नोटिस जारी किया. इस याचिका में इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें कहा गया था कि हिजाब पहनना इस्लाम की अनिवार्य धार्मिक प्रथा नहीं है.

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि चुनौती दिए गए हाई कोर्ट के फैसले को ‘नजीर’ नहीं माना जाएगा. साथ ही, इस मामले को सिविल अपील संख्या 7095/2022 (आयशत शिफा बनाम कर्नाटक राज्य) के साथ जोड़ने का आदेश दिया.

आयशत शिफा का मामला 2022 में कर्नाटक हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती देने से जुड़ा है, जिसमें राज्य सरकार के उस आदेश को सही ठहराया गया था, जिसमें स्कूलों में यूनिफॉर्म के नियमों को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया था. इस आदेश के चलते कक्षाओं में हिजाब पहनने पर रोक लग गई थी. हाई कोर्ट ने यह भी कहा था कि हिजाब पहनना इस्लाम की अनिवार्य धार्मिक प्रथा नहीं है.

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के दो जजों की राय अलग-अलग थी. जस्टिस हेमंत गुप्ता ने अपील खारिज कर दी थी, जबकि जस्टिस सुधांशु धूलिया ने इसे मंजूर कर लिया था. इसके बाद मामला बड़ी बेंच गठित करने के लिए भारत के मुख्य न्यायाधीश के पास भेज दिया गया. यह मामला अब भी लंबित है.

क्या किसी शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाली छात्रा को हिजाब पहनने का संवैधानिक अधिकार है? सुप्रीम कोर्ट को अभी इस सवाल का जवाब देना है.

ताजा मामला और अब तक की कानूनी लड़ाई

इलाहाबाद हाई कोर्ट में यह मामला प्रयागराज के टैगोर पब्लिक स्कूल की एक नाबालिग छात्रा की याचिका से जुड़ा था. यह एक निजी, गैर-सहायता प्राप्त स्कूल है, जो केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध है.

छात्रा ने कहा था कि वह छठी से दसवीं कक्षा तक स्कूल में हिजाब पहनकर जाती थी, लेकिन इसी वजह से उसे 11वीं कक्षा में दाखिला देने से मना कर दिया गया. उसके मुताबिक, इससे समानता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े उसके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन हुआ.

जस्टिस जे. जे. मुनीर और जस्टिस इंद्रजीत शुक्ला की खंडपीठ ने उसकी याचिका खारिज कर दी. कोर्ट ने कहा कि स्कूल ने पहले छात्रा को सिर पर स्कार्फ पहनने की इजाजत दी थी, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह बाद में अपने ड्रेस कोड को लागू नहीं कर सकता. स्कूल के निजी संस्थान होने का हवाला देते हुए कोर्ट ने कहा कि सभी छात्रों के लिए एक समान ड्रेस कोड तय करना स्कूल के अधिकार क्षेत्र में आता है.

कोर्ट ने कहा, “हमारी राय है कि जब तक ड्रेस कोड सभी के लिए एक समान, नेक इरादे से बनाया गया, भेदभाव रहित और अनुशासन तथा संस्थान की पहचान बनाए रखने के उद्देश्य से हो, तब तक तय यूनिफॉर्म का चुनाव मुख्य रूप से स्कूल के अधिकार क्षेत्र में आता है.”

कोर्ट ने कर्नाटक हाई कोर्ट की पूर्ण पीठ के 2022 के फैसले रेशम बनाम कर्नाटक राज्य का भी हवाला दिया. इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में आयशत शिफा बनाम कर्नाटक राज्य (2022) मामले के तहत चुनौती दी गई है और यह मामला अभी लंबित है.

कर्नाटक हाई कोर्ट ने स्कूलों में हिजाब पर राज्य सरकार के प्रतिबंध को सही ठहराया था. कोर्ट ने कहा था कि हिजाब इस्लाम की अनिवार्य धार्मिक प्रथा नहीं है और इसलिए स्कूल की तय यूनिफॉर्म के नियमों का उल्लंघन करके इसे नहीं पहना जा सकता.

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने माना कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के सामने चुनौती लंबित है, लेकिन साथ ही कहा, “अभी तक सुप्रीम कोर्ट की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक फैसला नहीं आया है, जो कर्नाटक हाई कोर्ट की पूर्ण पीठ के फैसले से जुड़े इस मुद्दे का अंतिम रूप से समाधान करता हो. हमारी राय है कि कर्नाटक हाई कोर्ट की पूर्ण पीठ का फैसला, दूसरे अदालतों के फैसलों की तरह ही, एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शक है. इसलिए हमारे पास इससे अलग राय रखने की कोई वजह नहीं है.”

गौरतलब है कि हिजाब और कॉलेज यूनिफॉर्म से जुड़े एक ऐसे ही मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट ने संस्थान की नीति को सही ठहराया था. हालांकि, 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने हिजाब, टोपी और बैज पहनने पर रोक लगाने वाले नियम के एक हिस्से पर रोक लगा दी थी. इलाहाबाद हाई कोर्ट ने इस मामले का जिक्र करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का अंतरिम रोक लगाने वाला आदेश बाध्यकारी नजीर नहीं होता.

कोर्ट ने आगे कहा, “इसलिए हमारी राय है कि देश के अलग-अलग हाई कोर्ट से आए लगातार, बहुमत वाले और तर्क के आधार पर दिए गए फैसलों का नजीर के तौर पर महत्व होगा, भले ही वे बाध्यकारी न हों.”

2022 का खंडित फैसला और सबरीमाला मामले का असर

भारत में संवैधानिक मामलों में मौलिक अधिकारों और उन पर लगाई जा सकने वाली उचित पाबंदियों के बीच संतुलन का सवाल अहम होता है. मौलिक अधिकार लोगों को सरकारी दखल से अपनी आजादी की रक्षा करने का अधिकार देते हैं. वहीं, उचित पाबंदियों के तहत बड़े सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए इन अधिकारों पर सीमित रोक लगाई जा सकती है.

कर्नाटक हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर 2022 में सुप्रीम कोर्ट के खंडित फैसले ने इस मामले में दोनों जजों की अलग-अलग राय को सामने रखा था. जस्टिस गुप्ता और जस्टिस धूलिया ने दस दिनों तक दलीलें सुनी थीं और फिर फैसला सुरक्षित रख लिया था. तीन हफ्ते बाद फैसला सुनाया गया.

दिलचस्प बात यह है कि शुरुआती बहस में यह सवाल भी उठा था कि क्या हिजाब प्रतिबंध को चुनौती देने वाले मामले को सबरीमाला मामले की सुनवाई कर रही नौ जजों की बेंच के पास भेजा जाना चाहिए. सबरीमाला मामले में भी फैसला सुरक्षित रखा गया है. इस मामले में अदालत को अन्य धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े सवालों के साथ यह तय करना है कि ‘अनिवार्य धार्मिक प्रथा’ का दायरा क्या होगा.

हालांकि, जस्टिस गुप्ता और जस्टिस धूलिया दोनों ने इस मामले को बड़ी बेंच के पास भेजने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया और मामले के गुण-दोष के आधार पर सुनवाई की.

कर्नाटक मामले में छात्राओं की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील संजय हेगड़े का कहना है कि सबरीमाला मामले में लंबित सुनवाई का इन अपीलों के नतीजे पर असर पड़ सकता है. इसकी वजह यह है कि 2022 के खंडित फैसले में अनिवार्य धार्मिक प्रथा की कसौटी लागू करने को लेकर कोई साझा और बाध्यकारी राय नहीं बन पाई थी. उन्होंने कहा, “यह सवाल अब भी बना रह सकता है.”

जस्टिस गुप्ता ने अपील खारिज कर दी थी. उन्होंने कानून से जुड़े 11 सवाल तय किए और याचिकाकर्ताओं की ओर से संविधान और कानून के तहत दी गई सभी दलीलों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि एक समान ड्रेस कोड अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार पर उचित पाबंदी है. साथ ही, उन्होंने कक्षा के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप पर जोर दिया.

कर्नाटक हाई कोर्ट के इस निष्कर्ष पर कि हिजाब इस्लाम की अनिवार्य धार्मिक प्रथा नहीं है, जस्टिस गुप्ता ने कहा कि धर्मनिरपेक्ष कक्षा में यह सवाल मायने नहीं रखता.

जस्टिस गुप्ता ने कहा, “हमारे संविधान में अपनाए गए धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांत का मतलब है कि धर्म को राज्य की धर्मनिरपेक्ष गतिविधियों के साथ नहीं जोड़ा जा सकता. धर्मनिरपेक्षता का पालन धर्म के प्रति पूरी तरह तटस्थ रवैया अपनाकर किया जा सकता है. या फिर सकारात्मक रवैया अपनाकर, जिसमें राज्य सभी धर्मों में विश्वास रखता है और उनका सम्मान करता है, लेकिन किसी एक धर्म का पक्ष नहीं लेता.”

दूसरी ओर, जस्टिस धूलिया ने कहा कि हाई कोर्ट ने अनिवार्य धार्मिक प्रथा की कसौटी को किसी व्यक्ति की निजी आस्था और अंतरात्मा पर लागू करके ‘गलत रास्ता’ अपनाया. उन्होंने कहा कि संवैधानिक धर्मनिरपेक्षता के तहत अलग-अलग पहचानों और मान्यताओं को उचित जगह देना जरूरी है. उन्होंने इसे ‘एक परिपक्व समाज की पहचान’ बताया. उन्होंने यह भी कहा कि हिजाब पहनना व्यक्तिगत पसंद, अभिव्यक्ति और गरिमा का मामला है, जिसे संविधान संरक्षण देता है.

जस्टिस धूलिया ने कहा, “लड़कियों को स्कूल के गेट के अंदर जाने से पहले हिजाब उतारने के लिए कहना सबसे पहले उनकी निजता पर हमला था, फिर उनकी गरिमा पर चोट थी और आखिरकार उन्हें धर्मनिरपेक्ष शिक्षा से वंचित करना था. यह साफ तौर पर भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a), अनुच्छेद 21 और अनुच्छेद 25(1) का उल्लंघन था.”

चार साल से फैसले का इंतिजार

छात्राओं की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कई बार इन अपीलों पर जल्द सुनवाई की मांग कर चुके हैं. उनका कहना है कि मामले में देरी का छात्राओं की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है. कर्नाटक हाई कोर्ट के फैसले के अगले ही दिन इस मामले का जिक्र करने वाले वरिष्ठ वकील हेगड़े का कहना है कि प्रशासनिक अड़चनों और जमीनी हालात में बदलाव की वजह से मामला लंबे समय से लंबित है.

उन्होंने कहा, “सुप्रीम कोर्ट में तीन जजों की बेंच का गठन करना आसान नहीं है.” उन्होंने बताया कि विशेष बेंच गठित करने को अक्सर उन जरूरी मामलों के मुकाबले कम प्राथमिकता दी जाती है, जिनमें लोग जेल में बंद हैं. उन्होंने कहा, “जब इससे ज्यादा जरूरी मामले लंबित हों, तो धर्मशास्त्र से जुड़े ऐसे सवाल, जो किसी को ‘सुई की नोक पर कितने फरिश्ते नाच सकते हैं’ जैसे लगते हैं, प्राथमिकता में नहीं आते.”

इस मामले को और जटिल बनाने वाला एक बड़ा बदलाव कर्नाटक की नीति में आया है. मई 2026 में राज्य की कांग्रेस सरकार ने 2022 के यूनिफॉर्म संबंधी आदेश को वापस ले लिया था. इसके बाद नए नियम जारी किए गए, जिनके तहत छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म के साथ हिजाब समेत धार्मिक पहचान से जुड़े प्रतीक पहनने की अनुमति दी गई.

हालात में इस बदलाव का जिक्र करते हुए हेगड़े कहते हैं कि भविष्य में बेंच यह सवाल उठा सकती है कि जब वह नियम ही अब लागू नहीं है, तो अपील पर फैसला करने की जरूरत क्या है. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि इलाहाबाद हाई कोर्ट की चुनौती पर सुनवाई होनी ही चाहिए, क्योंकि दोनों मामलों को एक साथ जोड़ दिया गया है.

सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश के तत्काल असर पर हेगड़े स्पष्ट करते हैं कि हाई कोर्ट के फैसले का वह हिस्सा अब भी लागू है, जिसमें संबंधित छात्रा को राहत देने से इनकार किया गया था. उनके मुताबिक, सिर्फ फैसले की नजीर के तौर पर अहमियत खत्म हुई है. यानी अब दूसरे मामलों में इस फैसले का हवाला नहीं दिया जा सकता.

जब तक बड़ी बेंच इन दोनों मामलों की एक साथ सुनवाई नहीं करती, तब तक कक्षाओं में हिजाब पहनने का सवाल एक अनसुलझा संवैधानिक मुद्दा बना रहेगा. इसका देशभर की मुस्लिम छात्राओं की शिक्षा पर वास्तविक असर पड़ रहा है. गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश में अगली सुनवाई की कोई तारीख नहीं बताई गई है.

हेगड़े कहते हैं, “उनकी जिंदगी से जुड़ा यह कानूनी सवाल भगवान के तय समय पर ही हल होगा. इस पर सबरीमाला मामले में नौ जजों की राय का भी असर पड़ सकता है.”

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: मोदी के कट्टर समर्थक ने मोदी के ‘छोटे भाई’ को घेरा, रामदेव और BJP के बदलते रिश्ते की कहानी


 

share & View comments