scorecardresearch
Friday, 27 November, 2026
होमThe FinePrintमोदी के कट्टर समर्थक ने मोदी के ‘छोटे भाई’ को घेरा, रामदेव और BJP के बदलते रिश्ते की कहानी

मोदी के कट्टर समर्थक ने मोदी के ‘छोटे भाई’ को घेरा, रामदेव और BJP के बदलते रिश्ते की कहानी

योग गुरु रामदेव 2011-12 के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान चर्चा में आए थे. इस आंदोलन ने बीजेपी के सत्ता में आने का रास्ता तैयार किया था. अब उनके बदलते बयानों के पीछे क्या वजह है?

Text Size:

नई दिल्ली: योग गुरु रामदेव ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को मुश्किल में डाल दिया है. कभी काले धन और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार के खिलाफ आवाज़ उठाने वाले रामदेव ने अब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को निशाने पर लिया है. बीजेपी के बड़े नेताओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच भी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की लोकप्रियता बढ़ रही है.

पतंजलि के संस्थापक रामदेव 2011-12 के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान चर्चा में आए थे. इस आंदोलन ने बीजेपी के सत्ता में आने का माहौल तैयार किया था. उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी और नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने का समर्थन किया था. अब 2026 में योग गुरु युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी आवाज उठा रहे हैं. उन्होंने सरकारी नौकरियों में भर्ती में भ्रष्टाचार और स्कूलों में खराब सुविधाओं का मुद्दा उठाया है.

इसके अलावा रामदेव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर भी हमला बोला है. शास्त्री चुनाव वाले राज्यों पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों का दौरा कर ‘हिंदू एकता’ का संदेश दे रहे हैं. बागेश्वर धाम के प्रमुख शास्त्री की कथाओं का आयोजन हो रहा है, जिनमें बीजेपी और दूसरी पार्टियों के कई मौजूदा विधायक भी शामिल हो रहे हैं.

रविवार को जमशेदपुर में एक कार्यक्रम के दौरान रामदेव ने भगवान कृष्ण को ‘टेढ़ा’ कहने वाले बयान को लेकर शास्त्री को ‘मूर्ख’ और ‘पाखंडी’ कहा. शास्त्री की एक और बात से रामदेव नाराज़ नज़र आए. शास्त्री ने हिंदुओं से एक हाथ में ‘माला’ और दूसरे हाथ में ‘भाला’ रखने की अपील की थी.

रामदेव ने शास्त्री का नाम लिए बिना कहा, “सनातन का नाम लेकर कुछ धोखेबाज, कुछ पाखंडी, स्वार्थी और लालची लोग सनातन धर्म को मानने वालों से यह भी कहते हैं कि एक हाथ में माला और दूसरे हाथ में भाला रखो.”

उन्होंने हमला करते हुए कहा, “क्या भाला लेकर आप हिंदुओं और देश को बचाएंगे? फिर पुलिस क्या करेगी, अर्धसैनिक बल क्या करेंगे, सेना क्या करेगी, देश का संविधान और लोकतंत्र क्या करेंगे? जो लोग इस तरह हिंदुओं को भड़काते हैं, वे हिंदुओं के हित में नहीं हो सकते.”

मामले को करीब से देखने वाले लोगों के लिए रामदेव का यह हमला सिर्फ दो बाबाओं के बीच जुबानी लड़ाई नहीं है. भगवा खेमे से आने वाले मोदी के शुरुआती और बड़े समर्थकों में शामिल रहे रामदेव अब हिंदुत्व की राजनीति के पसंदीदा चेहरों में से एक के खिलाफ आवाज़ उठा रहे हैं. शास्त्री का बढ़ता प्रभाव फरवरी 2025 में भी दिखाई दिया था, जब प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश के छतरपुर में बागेश्वर धाम के दौरे के दौरान उन्हें ‘छोटा भाई’ कहा था.

यह पहली बार नहीं है, जब रामदेव ने मौजूदा सरकार के खिलाफ कुछ कहा है. स्वतंत्रता दिवस पर हरिद्वार में दिए गए भाषण के दौरान रामदेव ने सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और पैसे के इस्तेमाल का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था, “इन घोटालों को ठीक कीजिए, नहीं तो रामदेव को फिर से विरोध प्रदर्शन करना पड़ सकता है.”

राजनीतिक जानकार प्रोफेसर एम.एम. सेमवाल रामदेव के हालिया बयानों को लोगों की भावनाओं को समझने की उनकी क्षमता से जोड़कर देखते हैं.

एचएनबी गढ़वाल यूनिवर्सिटी के राजनीति विज्ञान विभाग के सेमवाल ने दिप्रिंट से कहा, “2011-12 में जब यूपीए सरकार के खिलाफ इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) आंदोलन हुआ था, तब रामदेव ने लोगों का रुख भांप लिया था और इसमें बहुत सक्रिय रहे थे.”

उन्होंने कहा, “पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन को हाल ही में रामदेव का समर्थन भी इसी बात को दिखाता है. वह पहले भी लोगों की बदलती भावनाओं के साथ खड़े होते रहे हैं और ऐसे मुद्दों से जुड़ते रहे हैं, जिनका सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर बड़ा असर होता है.”

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल का मानना है कि रामदेव के बयान बीजेपी सरकार को लेकर लोगों की भावनाओं का नतीजा हैं.

पीसीसी अध्यक्ष ने दिप्रिंट से कहा, “वह खास तौर पर लोगों के गुस्से को अच्छी तरह समझते हैं. अब लोगों के गुस्से के हिसाब से उनके बयान भी बदल रहे हैं. इसलिए मेरा मानना है कि उनकी बातें जनता की प्रतिक्रिया का नतीजा हैं. उनका भरोसा कम हो रहा है. उन्हें लगने लगा है कि केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकारों ने लोगों को धोखा दिया है और उनके साथ विश्वासघात किया है.”

इसके उलट, उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि रामदेव के हालिया बयानों के पीछे “कुछ भी राजनीतिक नहीं” है.

बीजेपी नेता भूषण ने दिप्रिंट से कहा, “रामदेव के बयान देने से कुछ घंटे पहले ही दोनों एक साथ मंच पर थे. लेकिन मुझे लगता है कि हो सकता है बाबा बागेश्वर ने कोई ऐसी बात कही हो, जिससे उन्हें (रामदेव को) बुरा लगा हो. शायद इसी वजह से उन्होंने वह सब कहा…ऐसा दो लोगों के बीच हो सकता है.”

छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर रामदेव के बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर भूषण ने कहा, “यह उनका फैसला है. वह उत्तराखंड में एक बड़े संगठन के प्रमुख भी हैं.”

उनका इशारा रामदेव के उस कारोबारी साम्राज्य की ओर था, जिसका मुख्यालय हरिद्वार में है. यहां से रामदेव और उनके सहयोगी आचार्य बालकृष्ण पतंजलि के नाम से कई कारोबार और संस्थान चलाते हैं.

‘राजनीतिक माहौल’

इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) आंदोलन में रामदेव की भूमिका ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई. इसके बाद बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ उनकी नजदीकियां बढ़ीं. 2015 में मनोहर लाल खट्टर सरकार ने रामदेव को हरियाणा का योग और आयुर्वेद ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया था. सरकार ने उन्हें कैबिनेट मंत्री के बराबर दर्जा देने का भी ऐलान किया था, लेकिन उन्होंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया था.

लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. स्वतंत्रता दिवस पर अपने भाषण में रामदेव ने भारत की शिक्षा व्यवस्था और सरकारी भर्ती प्रणाली की आलोचना की थी. पतंजलि योगपीठ में उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि अगर शिक्षा और सरकारी भर्तियों में गड़बड़ियों से जुड़ी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो विरोध प्रदर्शन और तेज हो सकते हैं.

उन्होंने देश में “नफरत की दीवारें” तोड़ने की भी अपील की थी. उन्होंने कहा था, “ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र, दलित, आदिवासी, वनवासी, हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन और बौद्ध एक-दूसरे के सामने इतनी दुश्मनी और विरोध के साथ खड़े हैं, जैसे वे एक-दूसरे का खून पीने के लिए प्यासे हों.”

शास्त्री को लेकर अपनी बात रखते हुए रामदेव ने बागेश्वर धाम के प्रमुख की उस अपील का विरोध किया, जिसमें उन्होंने हिंदुओं से एकजुट होकर देश को बचाने की बात कही थी.

जमशेदपुर में रामदेव ने कहा, “कट्टर हिंदुओं को सनातनी बनाने के नाम पर, तनाव वाली संस्कृति को बढ़ावा देने के नाम पर, समाज में जहर फैलाने, समाज में फूट डालने और बंटवारा करने के नाम पर- पहले लोगों में फूट डालो और फिर उन्हें लूटो. साजिशों के जरिए लोगों में धार्मिक उन्माद, सांप्रदायिक उन्माद, राजनीतिक उन्माद, आर्थिक उन्माद और सामाजिक उन्माद पैदा करो और फिर उनसे कहो कि हिंदुओं, तुम खतरे में हो, हम तुम्हें बचाएंगे.”

उन्होंने आगे कहा, “आप किसे बचाएंगे, आपकी अपनी क्या हैसियत है? सृष्टि की शुरुआत से ही सनातन था, है और हमेशा रहेगा.”

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, रामदेव में लोगों की भावनाओं को समझने की क्षमता है. इसी वजह से वह देश में बन रहे राजनीतिक माहौल के हिसाब से अपनी दिशा तय कर लेते हैं.

सेमवाल ने कहा कि देशभर में आयुर्वेद और योग को बढ़ावा देने में रामदेव की अहम भूमिका रही है. इसके साथ ही वह राजनीति से जुड़े मुद्दों पर भी खुलकर अपनी राय रखते रहे हैं और जनता से जुड़े अहम मुद्दों पर अपनी बात कहने से पीछे नहीं हटे हैं.

सेमवाल ने बताया, “रामदेव ने पेपर लीक के खिलाफ जेन-जी के आंदोलन का समर्थन किया था. ऐसा लगता है कि उनमें लोगों की भावनाओं और देश में बन रहे राजनीतिक माहौल को समझने की क्षमता है. उनके हालिया रुख को जनता से जुड़े मुद्दों पर लंबे समय से उनकी सक्रियता के संदर्भ में समझा जा सकता है.”

‘विचारधारा को लेकर मतभेद’

उत्तराखंड में बीजेपी के भीतर, जहां रामदेव मुख्य रूप से रहते हैं, आज भी योग को बढ़ावा देने में उनके योगदान की तारीफ होती है. बहुत कम धार्मिक गुरु इस तरह योग को लोकप्रिय बना पाए हैं. हालांकि, उनके हालिया बयानों को लेकर लोगों में सवाल भी हैं.

अल्मोड़ा में ग्रीन हिल्स ट्रस्ट की संस्थापक ट्रस्टी और बीजेपी से जुड़ी वसुधा पंत ने कहा कि वह पहले रामदेव के योग शिविरों में जा चुकी हैं और उन्हें कभी भी रामदेव का कोई भाषण गलत नहीं लगा.

उन्होंने दिप्रिंट से कहा, “ऐसा नहीं है कि रामदेव धीरेंद्र शास्त्री को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते. उनके बयान देने से एक दिन पहले दोनों एक ही मंच पर साथ थे और अगले ही दिन उन्होंने उन्हें पाखंडी और धोखेबाज कह दिया. मुझे समझ नहीं आ रहा कि ऐसा कैसे हुआ.”

छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर रामदेव के बयानों को लेकर उन्होंने कहा कि हर किसी को विरोध करने का अधिकार है, लेकिन इस मुद्दे पर राजनीति किए बिना इसे लोगों पर छोड़ देना चाहिए.

उन्होंने दिप्रिंट से कहा, “यह सोशल मीडिया का दौर है… जब युवा अपनी बातें रख रहे हैं, तो बाहर के लोगों को इसमें कूदने की क्या जरूरत है? फिर यह मुकाबला बन जाता है कि कौन उनके साथ मिला हुआ है. मुझे नहीं लगता कि हर किसी को ऐसे मामलों में दखल देने का अधिकार है, चाहे वे हमारे नेता हों, राजनीतिक पार्टियां हों या हमारे साधु-संत.”

बीजेपी की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि रामदेव अपनी सोच रखने वाले व्यक्ति हैं और उन्होंने कभी राष्ट्रवाद के खिलाफ बात नहीं की है.

भट्ट ने दिप्रिंट से कहा, “वह बीजेपी के सदस्य नहीं हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा बीजेपी के कामों का समर्थन किया है. हम उनकी बातों को हमेशा एक सुझाव के तौर पर लेते हैं. उन्होंने जो कहा, उसके पीछे की वजह वही बता सकते हैं, लेकिन वह जानते हैं कि अगर कोई छात्र आंदोलन को सही दिशा दे सकता है, तो वह बीजेपी और मोदी हैं.”

उनके डिप्टी राजेंद्र सिंह बिष्ट ने माना कि रामदेव का छात्रों की चिंताओं को उठाना “उनकी सामाजिक संवेदनशीलता को दिखाता है”. हालांकि, उन्होंने कहा कि इसे बीजेपी के लिए उनके समर्थन में बदलाव के तौर पर देखना सही नहीं होगा.

उन्होंने कहा कि साधु-संतों के बीच “विचारधारा को लेकर मतभेद” हो सकते हैं. उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि रामदेव के विचारों को उनके बड़े सामाजिक और राष्ट्रीय योगदान के संदर्भ में देखा जाना चाहिए, न कि सिर्फ राजनीतिक नजरिए से.”

मंगलवार को रामदेव हरिद्वार में मीडिया के सामने आए और उन्होंने इस विवाद को खत्म करने के संकेत दिए.

60 साल के योग गुरु और कारोबारी रामदेव ने पत्रकारों से कहा, “वह (शास्त्री) मेरे बेटे जैसे हैं. वह मेरे छोटे भाई और शिष्य जैसे भी हैं. इसलिए मैंने उन्हें उन बातों के लिए अपने पूरे अधिकार के साथ डांटा, जो मुझे गलत लगीं और जिनसे मुझे दुख पहुंचा. उन्होंने भी मेरी डांट को प्यार से स्वीकार किया. यह उनकी बड़प्पन की बात है.”

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: क्या फिर लौट रहा है मोदी का राजनीतिक दबदबा? विरोध के मुद्दे बरकरार लेकिन विपक्ष ने हटाई नज़र


 

share & View comments