scorecardresearch
Friday, 27 November, 2026
होमदेश6.5 लाख में खरीदी 12वीं से MBBS तक की फर्जी डिग्रियां, सफदरजंग अस्पताल में नौकरी करने लगा वार्ड बॉय

6.5 लाख में खरीदी 12वीं से MBBS तक की फर्जी डिग्रियां, सफदरजंग अस्पताल में नौकरी करने लगा वार्ड बॉय

आरोपी ने फेसबुक पर दिए गए विज्ञापनों के जरिए करीब 6.5 लाख रुपये में 12वीं, एमबीबीएस और एमडी (गायनेकोलॉजी) में सुपर स्पेशलाइजेशन के फर्जी सर्टिफिकेट हासिल किए थे.

Text Size:

नई दिल्ली: राजस्थान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने कई राज्यों में चल रहे फर्जी मेडिकल डिग्री रैकेट का पर्दाफाश किया है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक ऐसा व्यक्ति भी शामिल है, जिसने फर्जी डिग्री और सर्टिफिकेट के आधार पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट स्तर की नौकरी हासिल की थी. वह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अलग-अलग अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफर के तौर पर भी काम कर रहा था.

स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) विशाल बंसल ने गुरुवार को जयपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी की पहचान रामकिशोर महावर के रूप में हुई है. उसने केवल 11वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी, लेकिन वह कई सालों तक राजस्थान के दौसा और राष्ट्रीय राजधानी में डॉक्टर के तौर पर काम करता रहा.

बंसल ने कहा, “एसओजी की टीम ने रामकिशोर महावर नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो खुद को डॉक्टर बताता था. पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी ने केवल 11वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी. 2016 से 2022 तक उसने दौसा के एक निजी नर्सिंग होम में काम किया था.”

एसओजी प्रमुख ने आगे बताया कि इसके बाद महावर ने बालोतरा के एक अस्पताल में मेडिकल असिस्टेंट के तौर पर काम किया. यहां उसका काम अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट टाइप करना था. बाद में वह बयाना के एक निजी अस्पताल में काम करने लगा, जहां वह एक स्त्री रोग विशेषज्ञ के साथ काम करता था और अल्ट्रासाउंड से जुड़े काम संभालता था.

निजी अस्पताल में काम करने के दौरान महावर ने एक जान-पहचान वाले की मदद से उत्तर प्रदेश के रामा मेडिकल कॉलेज की बताई गई एमबीबीएस डिग्री की पीडीएफ हासिल की. इसके बाद उसने उस दस्तावेज में अपना नाम जोड़ दिया, ताकि राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करा सके.

बंसल ने आगे बताया, “इस रजिस्ट्रेशन के आधार पर आरोपी ने दौसा जिले के खरेला के एक निजी अस्पताल में करीब 15 दिन तक डॉक्टर के तौर पर काम भी किया.”

बाद में महावर राष्ट्रीय राजधानी आ गया और अगस्त 2024 से पिछले साल अप्रैल तक दिल्ली के जाने-माने सर गंगा राम अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट के साथ वार्ड बॉय के तौर पर काम करता रहा. पूछताछ में उसने बताया कि इसी दौरान उसे फेसबुक पर एक विज्ञापन दिखा था, जिसमें पहले की तारीख में शैक्षणिक डिग्रियां बनवाने की बात कही गई थी.

आरोप है कि महावर ने इन विज्ञापनों के जरिए डिग्रियां देने वाले लोगों से संपर्क किया. उन्होंने उसे करीब 6.5 लाख रुपये में कई तरह की फर्जी शैक्षणिक योग्यताएं देने का प्रस्ताव दिया. इनमें 12वीं कक्षा, एमबीबीएस और एमडी (गायनेकोलॉजी) में सुपर स्पेशलाइजेशन की डिग्री शामिल थी.

एसओजी की जांच के मुताबिक, इस सौदे में इन दस्तावेजों के आधार पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराने की सुविधा भी शामिल थी. बंसल ने बताया कि 12वीं का सर्टिफिकेट तमिलनाडु शिक्षा बोर्ड से जारी होने वाला था, जबकि एमबीबीएस और एमडी की डिग्रियां सिक्किम मणिपाल मेडिकल यूनिवर्सिटी से जारी होने की बात कही गई थी.

बंसल ने आगे कहा, “आरोपी ने एक तय बैंक खाते में करीब 5.5 लाख रुपये जमा किए. इसके बाद उसे 12वीं, एमबीबीएस और एमडी (गायनेकोलॉजी) के सर्टिफिकेट डीटीडीसी कूरियर के जरिए मिले. इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उसने दिल्ली मेडिकल काउंसिल में भी रजिस्ट्रेशन करा लिया. उसका रजिस्ट्रेशन नंबर 33624 था. इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोपी ने जून 2025 में नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में कॉन्ट्रैक्ट पर जूनियर रेजिडेंट के तौर पर काम करना शुरू कर दिया.”

फेसबुक पर कई राज्यों में फैला गिरोह

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसओजी प्रमुख बंसल ने बताया कि राज्य पुलिस मुख्यालय ने अक्टूबर 2024 में दर्ज एक मामले के आधार पर फर्जी एमबीबीएस डिग्री की जांच एसओजी को सौंपी थी. यह मामला राजस्थान मेडिकल काउंसिल की एक रिपोर्ट के आधार पर दर्ज किया गया था. रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि कुछ लोगों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए मेडिकल प्रैक्टिशनर यानी डॉक्टर के तौर पर रजिस्ट्रेशन कराया है.

एसओजी अधिकारियों ने बताया कि शुरुआत में इस मामले में महावर समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था. लेकिन महावर की गिरफ्तारी के बाद फेसबुक ग्रुप के जरिए काम कर रहे एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ.

पूछताछ के दौरान महावर ने कथित तौर पर बताया कि उसे फेसबुक पर ‘मेडिकल एजुकेशन, नई दिल्ली’ नाम का एक ग्रुप मिला था. यह ग्रुप व्हाट्सऐप के जरिए भी डिग्री हासिल करने के इच्छुक लोगों से संपर्क करता था. ग्रुप कई कॉलेजों और यूनिवर्सिटी की पहले की तारीख में जारी की गई डिग्रियां देने के साथ मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराने का वादा करता था.

आरोप है कि इस रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले के रहने वाले सत्यजीत पाणिग्रही संभालते थे.

महावर से मिली जानकारी के बाद एसओजी प्रमुख ने आईजी सत्यपाल लांबा की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई. इस टीम ने पाणिग्रही को उसके गृह जिले से गिरफ्तार कर लिया.

इस गिरोह के जरिए महावर ने महाराष्ट्र की एक यूनिवर्सिटी से मेडिकल रेडियोडायग्नोसिस में डिप्लोमा (डीएमआरडी) भी हासिल किया. इसके बाद उसने सात दिनों के भीतर इस डिप्लोमा को अपने दिल्ली मेडिकल काउंसिल के पहले से मौजूद रजिस्ट्रेशन में जुड़वा लिया.

बंसल ने कहा, “इस अपडेटेड रजिस्ट्रेशन की जानकारी इस साल 15 जुलाई को ऑनलाइन दिखने लगी. इसके बाद वह दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफर के तौर पर काम करने लगा.”

महावर ने कथित तौर पर महाराष्ट्र के एक सरकारी कॉलेज से जारी किया गया फर्जी डीएमआरडी डिप्लोमा भी हासिल किया था. इसका इस्तेमाल उसने नई दिल्ली के एक जाने-माने इमेजिंग सेंटर में अपना रजिस्ट्रेशन कराने के लिए किया.

बंसल ने कहा, “इस पूरी प्रक्रिया के लिए आरोपी ने करीब 8.5 लाख रुपये दिए थे. इसमें महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल में उसका रजिस्ट्रेशन कराने का खर्च भी शामिल था. आरोपी ने आगे बताया कि जब उसे पता चला कि उसकी डिग्रियों की ऑनलाइन जांच हो सकती है, तो उसने महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज की बताई गई फर्जी एमबीबीएस और एमडी (गायनेकोलॉजी) डिग्रियां हासिल करने की कोशिश की. वह सिक्किम यूनिवर्सिटी की बताई गई अपनी पुरानी डिग्रियों की जगह इन नई डिग्रियों का इस्तेमाल करना चाहता था. बाद में ये फर्जी डिग्रियां भी ऑनलाइन रिकॉर्ड में दिखाई देने लगीं.”

एसओजी की जांच में पता चला कि अलग-अलग लोग फर्जी डिग्रियां तैयार करने और उन्हें यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर अपलोड करने का काम कर रहे थे. पुलिस ने दो और आरोपियों खुर्रम तौफीक और मनीष मांझी को गिरफ्तार किया.

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला और बीबीए ग्रेजुएट तौफीक कथित तौर पर 2022 से फेसबुक के जरिए अलग-अलग कोर्स की फर्जी डिग्रियां तैयार करता था और उन्हें यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर अपलोड करता था. उसने महावर की फर्जी एमबीबीएस, एमडी (गायनेकोलॉजी) और डीएमआरडी डिग्रियां भी यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर अपलोड की थीं, ताकि उनकी जांच और पुष्टि की जा सके.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में ‘लापता’ हुए तीन भारतीय सिख श्रद्धालु लाहौर के बाजारों में खरीदारी करते मिले


 

share & View comments