scorecardresearch
Friday, 27 November, 2026
होमदेशपाकिस्तान में ‘लापता’ हुए तीन भारतीय सिख श्रद्धालु लाहौर के बाजारों में खरीदारी करते मिले

पाकिस्तान में ‘लापता’ हुए तीन भारतीय सिख श्रद्धालु लाहौर के बाजारों में खरीदारी करते मिले

ये 2,339 भारतीय श्रद्धालुओं के समूह का हिस्सा थे, जो 22 नवंबर को गुरु नानक देव की जयंती पर पाकिस्तान के ननकाना साहिब गए थे.

Text Size:

नई दिल्ली: पाकिस्तान के ननकाना साहिब गए तीन सिख श्रद्धालु कई घंटों तक लापता रहे. बाद में वे लाहौर के बाजारों में खरीदारी करते मिले. भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों ने यह जानकारी दी.

ये तीनों 2,339 श्रद्धालुओं के उस समूह का हिस्सा थे, जो 22 नवंबर को गुरु नानक देव की जयंती यानी गुरुपर्व मनाने के लिए भारत के पंजाब से पाकिस्तान के ननकाना साहिब गए थे.

हर साल गुरु नानक देव की जयंती से एक दिन पहले भारतीय सिखों को सीमा पार करके पाकिस्तान में धार्मिक महत्व वाले स्थानों पर जाने का मौका दिया जाता है. आजादी और बंटवारे के बाद से हर साल यह यात्रा होती रही है. हालांकि, पहलगाम में हुए बड़े आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसके बाद 2025 में इस यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था.

सूत्रों ने बताया, “यह समूह 22 नवंबर को ननकाना साहिब पहुंचा था और 23 और 24 नवंबर को वहीं रुका था. 25 नवंबर की सुबह जब समूह पंजा साहिब जाने के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहा था, तब पता चला कि तीन श्रद्धालु लापता हैं.”

लापता हुए तीन श्रद्धालुओं की पहचान जालंधर के रहने वाले बिक्कर सिंह, तरनतारन के विक्रमजीत सिंह और अमृतसर के हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है. सूत्रों ने बताया, “बाद में इन तीनों श्रद्धालुओं का पता लाहौर में चला, जहां वे खरीदारी कर रहे थे.”

उन्होंने बताया कि तीनों लापता श्रद्धालु अब अपने समूह में वापस शामिल हो गए हैं और 1 दिसंबर को भारत लौटेंगे.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें:  नेपाल के PM बालेंद्र शाह की भारत के साथ नतीजे देने वाली कूटनीति


 

share & View comments