scorecardresearch
Friday, 27 November, 2026
होममत-विमतहैदराबाद की विरासत को बचाने के बजाय मिटाया जा रहा है, सिकंदराबाद के बाद अब नामपल्ली स्टेशन की बारी

हैदराबाद की विरासत को बचाने के बजाय मिटाया जा रहा है, सिकंदराबाद के बाद अब नामपल्ली स्टेशन की बारी

हैदराबाद का अपनी विरासत को बचाने का ट्रैक रिकॉर्ड पहले से ही अच्छा नहीं रहा है, और सिकंदराबाद और नामपल्ली रेलवे स्टेशनों को गिराना मौजूदा ज़ख्मों पर और कुठाराघात करने जैसा है.

Text Size:

पिछले साल फरवरी में हैदराबाद के हममें से कई लोगों को उस समय गहरा दुख हुआ, जब दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) ने ‘पुनर्विकास’ के नाम पर 1870 के दशक में बने ऐतिहासिक सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन को तोड़ दिया. अब यही सिलसिला जारी है. आजादी से पहले बने एक और रेलवे स्टेशन नामपल्ली के कुछ हिस्सों को भी इसी वजह से गिरा दिया गया है.

उस समय भी और अब भी, SCR की ओर से इसकी वजह यही बताई गई है. एक अधिकारी से मेरी बातचीत में बताया गया कि दोनों रेलवे स्टेशन राज्य की संरक्षित स्मारकों की सूची में शामिल नहीं हैं. मुझे समझ नहीं आता कि हमें इस बात पर खुश होना चाहिए या सिर्फ शुक्रगुजार होना चाहिए कि शहर का एकमात्र दूसरा बड़ा रेलवे स्टेशन काचीगुड़ा है, जिसकी विरासत और मूल ढांचा अब भी सुरक्षित है.

मैं समझता हूं कि बढ़ती जरूरतों के हिसाब से सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाना और उसका पुनर्विकास करना जरूरी है. लेकिन मुझे यकीन है कि यह काम विरासत को ध्यान में रखते हुए भी किया जा सकता है. लाखों लोगों के जेहन में सिकंदराबाद और नामपल्ली रेलवे स्टेशनों की ऐतिहासिक इमारतों की याद अब भी बसी हुई है.

ये स्टेशन उस दौर में बनाए गए थे, जब निजामों के शासन वाला हैदराबाद धीरे-धीरे आधुनिकता की ओर बढ़ रहा था. ये उस समय की जिंदगी की एक झलक थी, जब लोग सफर किया करते थे. हमारा शहर पहले से ही अपनी विरासत को बचाने के मामले में अच्छा रिकॉर्ड नहीं रखता. ऐसे में इन इमारतों को गिराना पहले से मौजूद जख्म पर और चोट करने जैसा है.

हैदराबाद का कामकाजी इतिहास

पिछले साल ही सिकंदराबाद स्टेशन को तोड़े जाने के समय इस पर सवाल उठाए गए थे. इस फैसले से कई लोगों को गहरा दुख पहुंचा था. दोनों रेलवे स्टेशन महत्वपूर्ण हैं और उनकी पुरानी इमारतें शहर की पहचान रही हैं, हालांकि समय के साथ दोनों में बदलाव भी हुए थे.

लेकिन जो लोग यह जानना चाहते हैं, उनके लिए बता दूं कि हैदराबाद में सबसे पहली रेलवे लाइन वाडी-सिकंदराबाद लाइन थी. इसे 1874 में बनाया गया था और उसी साल 9 अक्टूबर को इस पर रेल यातायात शुरू हुआ था. जाहिर है, अंग्रेजों ने यह लाइन आर्थिक और राजनीतिक कारणों से शुरू की थी. सिकंदराबाद की स्थापना 1806 में हैदराबाद में अंग्रेजों की सैन्य छावनी के रूप में हुई थी.

सिकंदराबाद के बाद नामपल्ली और काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन बनाए गए. ये तत्कालीन हैदराबाद रियासत के लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा थे. ऐसे कई भवन थे, या कहें कि हुआ करते थे, जिन्हें मैं ‘कामकाजी इतिहास’ के संस्थान कहता हूं.

रेलवे हमारे इतिहास को बचाने के लिए स्टेशनों के मुख्य हिस्सों और इमारतों को बिना नुकसान पहुंचाए कुछ भी कर सकता था. क्या इतनी उम्मीद करना बहुत ज्यादा है? इसके लिए बस एक समझदार और सावधानी से काम करने वाले आर्किटेक्ट या इंजीनियर की जरूरत थी. ऐसा करके पूरे देश के सामने विरासत को बचाने की एक शानदार मिसाल पेश की जा सकती थी.

लेकिन नहीं, ऐसा लगता है कि विकास या भविष्य की बात तभी हो सकती है, जब हमारी विरासत को नष्ट किया जाए.

‘असंरक्षित’ इमारतों का भविष्य

यह हैदराबाद की एक और बड़ी समस्या को सामने लाता है. शहर में ऐसी हजारों इमारतें हैं, जिन्हें संरक्षित संपत्ति का दर्जा नहीं मिला है और इसलिए उनकी सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है.

राज्य सरकार के विरासत विभाग के पास संरक्षित स्मारकों की एक सूची है, जबकि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के संरक्षण में सिर्फ गोलकुंडा किला और चारमीनार हैं.

बाकी इमारतों को कोई भी गिरा सकता है, अगर वे उसके काम में थोड़ी भी बाधा बनती हैं. बेशक, यह समस्या न तो नई है और न ही सिर्फ हैदराबाद तक सीमित है. लेकिन मुझे लगता है कि अब इसे रोकने का समय आ गया है.

दरअसल, तेलंगाना सरकार की नजर ऐतिहासिक उस्मानिया जनरल अस्पताल पर भी थी, लेकिन शुक्र है कि उसने यह योजना छोड़ दी.

इसी तरह, पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव 150 साल पुराने एर्रम मंजिल महल को गिराकर वहां आधुनिक विधानसभा परिसर बनाना चाहते थे. लेकिन तेलंगाना हाई कोर्ट ने इस फैसले के खिलाफ रुख अपनाया.

बार-बार हैदराबाद की पुरानी इमारतों को उन्हीं लोगों से खतरा पैदा होता है, जो शहर के अतीत को मिटाना चाहते हैं. यह बेहद दुखद है.

विरासत से जुड़ी इमारतें अलग-अलग विभागों के अधीन हैं. वहीं, ऐसी सैकड़ों दूसरी इमारतों की सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है, जो या तो अपने आप ढहने का इंतजार कर रही हैं या किसी के उन्हें गिराने का. ऐसी ही एक इमारत हैदराबाद का पहला नगरपालिका कार्यालय है, जो सालार जंग म्यूजियम के पास स्थित है. आज इस इमारत का सिर्फ अगला हिस्सा और खंभे बचे हैं.

मौजूदा हालात को देखते हुए, आने वाले समय में विरासत से जुड़ी और भी कम इमारतें बच पाएंगी. एक समय ऐसा आ सकता है, जब हैदराबाद के अतीत का सिर्फ ढांचा ही बाकी रह जाएगा. अगर हम एक विकसित और सम्मानित समाज बनना चाहते हैं, तो हमें अपनी विरासत को महत्व देना शुरू करना होगा.

जब भी मैं किसी बुजुर्ग से मिलता हूं, जिसने शहर को बदलते देखा है, तो वह मुझे बताता है कि हैदराबाद पहले “कितना अलग” था. दुर्भाग्य से, मुझे लगता है कि मैं भी अब उसी मुकाम पर पहुंच गया हूं.

यूनुस लसानिया हैदराबाद के पत्रकार हैं जिनका काम मुख्य रूप से राजनीति, इतिहास और संस्कृति पर केंद्रित है. उनका एक्स हैंडल @YunusLasania है. विचार निजी हैं.

(इस लेख को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: AI के दौर में नौकरी की चिंता ने बेंगलुरु के हाउसिंग मार्केट को कैसे बदला?


 

share & View comments