गुवाहाटी, 22 अक्टूबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए कहा कि वह ‘‘ऐसे देशभक्त हैं, जिनके लिए राष्ट्र के अलावा कुछ भी मायने नहीं रखता’’।
शर्मा ने साथ ही कहा कि शाह भारत की समस्याओं को खत्म करने के मिशन पर हैं।
शाह को उनके 62वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में उनके नेतृत्व में भारत की आंतरिक सुरक्षा अभेद्य हो गई है और नक्सलवाद का खात्मा हो चुका है।
शर्मा ने कहा कि अब शाह 2029 तक मादक पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर हैं और असम इस मिशन में उन्हें पूरा समर्थन देने का संकल्प लेता है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘असम की जनता की ओर से मैं अमित शाह जी को आज उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।’’
शर्मा ने कहा, ‘‘ऐसे नेता, जो खुद उदाहरण पेश करके नेतृत्व करते हैं, एक ऐसे देशभक्त, जिनके लिए राष्ट्र के अलावा कुछ भी मायने नहीं रखता और एक ऐसे संकटमोचक, जो हमारे देश के सामने मौजूद विभिन्न समस्याओं को खत्म करने के मिशन पर हैं, अमित शाह हमेशा किसी मिशन पर रहते हैं।’’
शर्मा ने यह भी कहा, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्री ने हमेशा असम पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने अपराधों में कमी लाने और विकसित असम के हमारे प्रयासों का नेतृत्व किया है। इस विशेष दिन पर मैं मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव से प्रार्थना करता हूं कि वे उन्हें दीर्घायु करें और अच्छा स्वास्थ्य दें।’’
भाषा शोभना वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.