scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशशाह और नड्डा ने तेलंगाना भाजपा नेताओं से केसीआर सरकार के खिलाफ अभियान तेज करने को कहा

शाह और नड्डा ने तेलंगाना भाजपा नेताओं से केसीआर सरकार के खिलाफ अभियान तेज करने को कहा

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने मंगलवार को तेलंगाना के पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और उन्हें इस साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के लिए अपने अभियान को तेज करने को कहा।

सूत्रों ने कहा कि पार्टी राज्य भर में 10,000 से अधिक नुक्कड़ सभाओं को पूरा करने के बाद तेलंगाना के 119 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक रैली आयोजित करेगी। मार्च के अंत तक रैलियां शुरू होने की उम्मीद है।

पार्टी नेतृत्व ने राज्य के नेताओं से यह भी कहा कि वे भाजपा की विचारधारा के प्रति झुकाव रखने वाले विभिन्न दलों के नेताओं सहित प्रमुख हस्तियों को शामिल करके संगठन को और मजबूत करें और बूथ समितियों में सदस्यों की संख्या को उनकी वर्तमान संख्या 10 से बढ़ाकर 20 से अधिक करें।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल और तरुण चुग के अलावा तेलंगाना के अध्यक्ष बंडी संजय कुमार, केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, लोकसभा सदस्य अरविंद धर्मपुरी और विधायक एटेला राजेंद्र शामिल थे।

यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब सीबीआई ने कथित शराब घोटाला मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया है। भाजपा का दावा है कि भारत राष्ट्र समिति की नेता के कविता भी इस घोटाले में शामिल हैं।

सीबीआई ने इस मामले में हैदराबाद के एक चार्टर्ड अकाउंटेंट को गिरफ्तार किया है और भाजपा ने उसके साथ कविता के संबंधों का आरोप लगाया है।

हालांकि, भाजपा सूत्रों ने कहा कि बैठक में इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई।

बंडी संजय कुमार ने बाद में एक बयान में कहा कि उन्होंने और राज्य के अन्य पार्टी नेताओं ने मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली सरकार को निशाना बनाने के लिए ‘प्रजा गोसा-भाजपा भरोसा’ कार्यक्रम के तहत 11,000 नुक्कड़ सभाओं के ‘सफलतापूर्वक पूरा होने’ के बारे में केंद्रीय नेतृत्व को जानकारी दी।

उन्होंने कहा, ‘पार्टी आलाकमान परिणाम से बेहद खुश था और उसने राज्य नेतृत्व को संगठन को और मजबूत करने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने हमें भ्रष्टाचार में डूबी केसीआर के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने की सलाह दी है।’

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सभी 119 विधानसभा क्षेत्रों में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और जमीनी स्तर से स्पष्ट संकेत है कि वह विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में आएगी।

मीडिया के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि दिल्ली में आबकारी नीति तैयार करने में कथित भ्रष्टाचार के मामले में कविता और आप नेताओं के खिलाफ लगाए गए आरोपों में भाजपा की कोई भूमिका नहीं है।

भाषा ब्रजेन्द्र गोला दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments