scorecardresearch
Thursday, 29 October, 2026
होमदेशभाजपा को झटका, नागपुर विधान परिषद सीट पर कांग्रेस की जीत

भाजपा को झटका, नागपुर विधान परिषद सीट पर कांग्रेस की जीत

Text Size:

नागपुर, 29 अक्टूबर (भाषा) नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सीट के लिए हुए चुनाव में कांटे के मुकाबले में कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अभिजीत वंजारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार को 3,271 मतों से हराकर सीट बरकरार रखी है।

मतगणना मंगलवार सुबह शुरू हुई और बृहस्पतिवार तड़के समाप्त हुई।

कांग्रेस ने मौजूदा विधान परिषद सदस्य वंजारी को उम्मीदवार बनाया था जिन्हें 67,231 वोट मिले। भाजपा ने पूर्व विधायक सुधाकर कोहले को मैदान में उतारा था, जिन्हें 63,960 वोट मिले।

यह भाजपा के लिए बड़ा झटका है क्योंकि उसे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के गृह क्षेत्र में हार का सामना करना पड़ा। दोनों नेताओं ने कोहले के लिए व्यापक प्रचार किया था।

बुधवार को मतगणना के दूसरे दौर के बाद कोहले, कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 4,294 मतों से आगे थे।

निर्वाचन अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पहली वरीयता के मतों के आधार पर मतगणना के दूसरे दौर के बाद कोहले को 60,924 वोट मिले थे जबकि वंजारी को 56,630 वोट मिले थे।

निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले को 24,249 वोट मिले थे।

हालांकि, किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए जरूरी मतों का कोटा नहीं मिलने के कारण दूसरी वरीयता के मतों की गिनती की गई।

नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का लंबे समय तक केंद्रीय मंत्री गडकरी प्रतिनिधित्व करते रहे थे। वह कई कार्यकाल तक इस सीट से विधान परिषद सदस्य रहे।

पिछले चुनाव में भी वंजारी ने भाजपा उम्मीदवार संदीप जोशी को हराया था।

भाषा सुरभि रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments