नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पुनर्परीक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सहित सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रवेश केद्रों पर सख्त जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की भी व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि परीक्षा केंद्रों के बाहर प्रतीक्षा कर रहे अभिभावकों के लिए मुफ्त पेयजल और जलपान की व्यवस्था की गई है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.