scorecardresearch
Monday, 23 November, 2026
होमदेशराष्ट्रपति मुर्मू के दो दिवसीय ओडिशा दौरे से पहले भुवनेश्वर और कटक में सुरक्षा बढ़ाई गई

राष्ट्रपति मुर्मू के दो दिवसीय ओडिशा दौरे से पहले भुवनेश्वर और कटक में सुरक्षा बढ़ाई गई

Text Size:

भुवनेश्वर, 23 नवंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मंगलवार से शुरू होने वाले दो दिवसीय ओडिशा दौरे के मद्देनजर भुवनेश्वर और कटक में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मुर्मू मंगलवार को कटक में बाली जात्रा महोत्सव 2026 का उद्घाटन करेंगी और बुधवार को भुवनेश्वर में होम्योपैथी पर राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में शामिल होंगी।

पुलिस महानिदेशक विनयतोष मिश्रा ने कटक में बाली जात्रा मैदान में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की, जबकि पुलिस ने भुवनेश्वर में हवाई अड्डे से लोक भवन तक राष्ट्रपति के काफिले का पूर्वाभ्यास किया।

मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रपति बाली जात्रा मैदान में पांच स्थानों का दौरा करेंगी और सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप की गई हैं।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की कुल 70 प्लाटून तैनात की जाएंगी।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मैदान में 38 निगरानी टावर बनाए गए हैं और 1,400 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सरवाना विवेक एम ने कहा, “हमने यातायात की सुचारु आवाजाही के लिए सभी इंतजाम किए हैं। जहां भी आवश्यक होगा, वहां थोड़े समय के लिए यातायात प्रतिबंध लगाए जाएंगे।”

भाषा

राखी संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments