नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत आने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने WhatsApp Web के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर एक सलाह जारी की है. इसमें अकाउंट के गलत इस्तेमाल की आशंका जताते हुए यूजर्स को WhatsApp Web पर सरकारी या संवेदनशील काम नहीं करने की सलाह दी गई है.
18 नवंबर 2026 को जारी इस सलाह के मुताबिक, NCTAU ने पाया कि कुछ स्थितियों में WhatsApp Web का पहले से लॉगइन सेशन किसी यूजर के WhatsApp अकाउंट तक बिना अनुमति पहुंच बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
इस तरह कोई गलत इरादे वाला व्यक्ति यूजर के मैसेज पढ़ सकता है, उसकी पहचान बनाकर मैसेज भेज सकता है, उसके कॉन्टैक्ट और ग्रुप चैट देख सकता है. इसके अलावा, वह यूजर की भरोसेमंद पहचान का इस्तेमाल धोखाधड़ी, फिशिंग, सोशल इंजीनियरिंग या दूसरी गलत गतिविधियों के लिए भी कर सकता है.
सलाह में खास तौर पर ऑफिस के कंप्यूटर, साझा कंप्यूटर, सार्वजनिक कंप्यूटर या ऐसे डिवाइस इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने को कहा गया है, जिन तक दूसरे लोगों की पहुंच हो सकती है. इसमें कहा गया है कि सरकारी, संस्थागत, वित्तीय, गोपनीय या दूसरी संवेदनशील जानकारी कंप्यूटर पर WhatsApp Web के जरिए साझा करने से बचना चाहिए.
सरकारी और संवेदनशील कामकाज वाले संस्थानों को अपने ऑफिस के कंप्यूटरों पर WhatsApp Web का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है. साथ ही, कहा गया है कि Incognito या Private Browsing मोड को सिर्फ एक अतिरिक्त सुरक्षा उपाय माना जाना चाहिए.
साइबर अपराध इकाई ने यूजर्स को सलाह दी है कि जरूरत न होने पर WhatsApp Web को हमेशा लॉगइन करके न रखें और उसका सेशन चालू न छोड़ें. हर बार इस्तेमाल के बाद खुद लॉगआउट करें. सलाह में साफ कहा गया है कि सिर्फ ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देना लॉगआउट करने के बराबर नहीं है.
अगर किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर कुछ समय के लिए WhatsApp Web इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो Incognito या Private Browsing मोड का इस्तेमाल करें. ब्राउजर बंद करने से पहले खुद लॉगआउट जरूर करें. साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क, होटल के बिजनेस सेंटर, उधार लिए गए कंप्यूटर या दूसरे ऐसे सिस्टम पर लॉगइन करने से बचें, जिन पर भरोसा नहीं किया जा सकता.
इकाई ने यूजर्स को अकाउंट में होने वाली असामान्य गतिविधियों पर भी नजर रखने को कहा है. इनमें बिना जानकारी के मैसेज भेजे जाना, कॉन्टैक्ट्स की ओर से अजीब जवाब मिलना या अकाउंट में ऐसी गतिविधि दिखना शामिल है, जिसके बारे में यूजर को जानकारी न हो.
इसके अलावा, यूजर्स को अपना ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखने की सलाह दी गई है. संदिग्ध डाउनलोड, अनजान फाइल और क्रैक किए गए सॉफ्टवेयर से भी बचने को कहा गया है.
सलाह के अंत में कहा गया है, “सतर्क रहें. हर सेशन के बाद लॉगआउट करें. अपनी डिजिटल पहचान सुरक्षित रखें.”
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी जासूसों की घुसपैठ का शक, रक्षा और सुरक्षा बलों के व्हाट्सऐप ग्रुप की जांच शुरू