scorecardresearch
Monday, 23 November, 2026
होमदेशजामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, फरार आरोपी को पुलिस ने गोली मारकर पकड़ा

जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, फरार आरोपी को पुलिस ने गोली मारकर पकड़ा

पारिवारिक विवाद की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी नबील को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था. हमले के बाद भागते समय उसने एक व्यक्ति से स्कूटर भी छीन लिया. बाद में पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने फिर चाकू से हमला कर दिया.

Text Size:

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिले में स्थित जामा मस्जिद थाने के अंदर सोमवार दोपहर एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर पांच पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी को पारिवारिक विवाद के मामले में पूछताछ और समझाने के लिए थाने बुलाया गया था. बाद में जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसके दोनों पैरों में गोली मारी गई.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सोमवार को दोपहर करीब 2:30 बजे जामा मस्जिद थाने में यह घटना हुई. आरोपी की पहचान करीब 30 साल के नबील के रूप में हुई है. वह दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके के काला महल का रहने वाला है. उसकी मां और बहन ने शिकायत की थी कि वह उन्हें परेशान करता है. इसी शिकायत पर उसे थाने में काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था.

पुलिस ने बताया, “पुलिसकर्मियों से बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकाल लिया और थाने के अंदर मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. इस हमले में उनके चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं. एसआई अजय, एसआई अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र को गंभीर चोटें आईं, जबकि एएसआई श्री कृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत भी घायल हुए. सभी पांच घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए सर गंगा राम अस्पताल ले जाया गया.”

हमले के बाद आरोपी थाने से भाग गया. आरोप है कि भागने के लिए उसने एक आम नागरिक से स्कूटर भी छीन लिया.

इसके बाद एएटीएस और मध्य जिला स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने तुरंत उसकी तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने चांदनी महल थाना क्षेत्र के चितली कबर में आरोपी को ढूंढ निकाला.

दिल्ली पुलिस ने बताया, “शाम करीब 4:30 बजे जब पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपी ने फिर चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. इस हमले में स्पेशल स्टाफ के चार पुलिसकर्मी- कांस्टेबल अंकित, कांस्टेबल जयंत, कांस्टेबल लोकेश और कांस्टेबल परमिंदर घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया.”

पुलिस ने कहा कि आरोपी से गंभीर खतरा होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने काफी संयम और पेशेवर तरीके से काम किया.

पुलिस के मुताबिक, “आरोपी को रोकने के लिए नियंत्रित तरीके से गोली चलाई गई और सभी गोलियां कमर से नीचे के हिस्से पर निशाना लगाकर चलाई गईं. कुल आठ राउंड फायरिंग की गई, जिनमें से छह गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं. गोली लगने से घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.”

पुलिस ने बताया कि आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. साल 2022 में उसके खिलाफ दरियागंज थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 324 के तहत मामला दर्ज हुआ था.

पुलिस के मुताबिक, जामा मस्जिद और चांदनी महल थाने में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए जा रहे हैं. मामले की आगे जांच जारी है.

share & View comments