नई दिल्ली: दिप्रिंट को जानकारी मिली है कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद रक्षा और अर्धसैनिक बलों के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा से जुड़े विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों के व्हाट्सऐप ग्रुप की बड़े स्तर पर सुरक्षा जांच की जा रही है. खुफिया एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान में बैठे खुफिया एजेंटों (पीआईओ) ने ऐसे कम से कम एक दर्जन ग्रुप में सेंध लगा ली है. सूत्रों ने बताया कि ऐसे और भी व्हाट्सऐप ग्रुप की जांच की जा रही है.
खुफिया एजेंसियों की नजर में आए एक ग्रुप में एक आम नागरिक भी था, जो कथित तौर पर खुद को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) का वैज्ञानिक बताने वाले पाकिस्तान स्थित खुफिया एजेंट के संपर्क में था.
रक्षा मंत्रालय के एक रक्षा प्रतिष्ठान ने अपने स्थानीय कार्यालयों को खुफिया जानकारी के आधार पर अलर्ट किया है. इसमें कहा गया है, “सरकारी एजेंसियों से मिली भरोसेमंद जानकारी के मुताबिक, भारत के रक्षा, अर्धसैनिक और नागरिक सुरक्षा विभागों के कर्मचारियों को निशाना बनाकर साइबर जासूसी की जा रही है. पाकिस्तान में बैठे खुफिया एजेंटों (पीआईओ) ने कई अनौपचारिक व्हाट्सऐप ग्रुप में बिना अनुमति के प्रवेश कर लिया है.” इस अलर्ट में संबंधित अधिकारियों से खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया है.
यह अलर्ट पिछले हफ्ते सभी रक्षा और सुरक्षा प्रतिष्ठानों को जारी किया गया था. इनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) भी शामिल हैं. इन बलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) शामिल हैं. सीएपीएफ के सूत्रों ने दिप्रिंट को बताया कि इसके बाद यह अलर्ट सभी बलों के स्थानीय कार्यालयों तक भी पहुंचाया गया.
अलर्ट के मुताबिक, पीआईओ ने फर्जी या हैक किए गए मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करके व्हाट्सऐप ग्रुप में बिना अनुमति के प्रवेश किया है. वे इन ग्रुप में बिना कुछ बोले चुपचाप सदस्य बनकर काम कर रहे थे. जिन ग्रुप में पीआईओ की सेंधमारी का पता चला है, उनकी सूची मिलने के बाद रक्षा और सुरक्षा प्रतिष्ठानों से कहा गया है कि वे इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें. इसके तहत यह सुनिश्चित किया जाए कि उनका कोई भी सदस्य ऐसे ग्रुप का हिस्सा न हो. साथ ही, सभी संगठनों के व्हाट्सऐप ग्रुप की जांच की जाए, ताकि यह पता चल सके कि उनमें शामिल सदस्य असली हैं या नहीं.
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) जैसी जांच एजेंसियों और सीमावर्ती राज्यों की पुलिस ने सिम कार्ड की तस्करी करने वाले कई गिरोहों का भंडाफोड़ किया है. इन मामलों में आरोपी बड़ी संख्या में सिम कार्ड हासिल करके उन्हें सीमा पार भेज रहे थे. बाद में इन सिम कार्ड का इस्तेमाल पीआईओ करते हैं, ताकि विदेश के नंबरों पर होने वाली शुरुआती जांच से बचा जा सके.
इस साल की शुरुआत में जासूसी और हनीट्रैप का एक मामला भी सामने आया था. इसमें भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर को एक पीआईओ के ऑनलाइन जाल में फंसते हुए पाया गया था. यह पीआईओ एक महिला बनकर उससे संपर्क कर रहा था और खुद को एक योग्य थेरेपिस्ट से मदद मांगने वाली महिला बता रहा था. दो महीने से ज्यादा समय तक ऑनलाइन बातचीत के दौरान, आरोप है कि अधिकारी ने संदिग्ध पीआईओ के साथ संवेदनशील जानकारी साझा की, जिससे सैन्य संसाधनों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: Exclusive: पहलगाम आतंकी हमले से 6 दिन पहले चीनी सैटेलाइट ने इलाके के ऊपर से दोगुनी बार लगाई उड़ान