scorecardresearch
Monday, 23 November, 2026
होमरिपोर्टभोपाल को 1,000 करोड़ का खेल परिसर, मोहन यादव ने खिलाड़ियों को बांटे 9.23 करोड़ रुपये

भोपाल को 1,000 करोड़ का खेल परिसर, मोहन यादव ने खिलाड़ियों को बांटे 9.23 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर जनता को भी उद्घाटन समारोह में शामिल किया. परिसर 134 एकड़ में फैला है.

Text Size:

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 22 नवंबर को भोपाल में नाथू बरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के पहले चरण का उद्घाटन किया. करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से बना यह परिसर 134 एकड़ में फैला है. कार्यक्रम में भारत, चीन, दक्षिण कोरिया, जापान, मलेशिया और थाईलैंड की टीमों ने मार्च पास्ट किया.

मुख्यमंत्री ने एशियन गेम्स, पैरा एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्यप्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को 9 करोड़ 23 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि चेक के जरिए दी. कार्यक्रम में गायक सुखविंदर सिंह का भी सम्मान किया गया. उद्घाटन के बाद उन्होंने अपने गीतों से लोगों का मनोरंजन किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के इतिहास में भोपाल के लिए आज का दिन स्वर्णिम है. उन्होंने युवाओं और खिलाड़ियों से मोबाइल की टॉर्च जलाकर उद्घाटन समारोह में शामिल होने को कहा. मुख्यमंत्री ने भी जनता के साथ मोबाइल की टॉर्च जलाई. उन्होंने कहा कि टॉर्च की रोशनी उत्साह और उमंग का प्रतीक है. ऐसा लग रहा है कि देश और प्रदेश में खेलों का भविष्य उज्ज्वल है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है.

केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि भोपाल में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनना गर्व की बात है. भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और मध्यप्रदेश में 28 प्रतिशत युवा रहते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश खेलों के साथ हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है.

खेल, युवा एवं कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि भोपाल को खेल परिसर के रूप में बड़ी सौगात मिली है. सरकार का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना है. इसके लिए शहरों और गांवों का विकास करना होगा और युवाओं को सही दिशा दिखानी होगी. उन्होंने कहा कि देश को फिट रखने के लिए सभी को फिट रहना होगा.

मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव खेलों के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं. पहले मध्यप्रदेश खेलों के मामले में 17वें स्थान पर था, लेकिन अब तीसरे स्थान पर पहुंच गया है. अगले दो साल में प्रदेश देश में सबसे बेहतर खेल सुविधाओं वाला राज्य होगा.

उन्होंने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है. सरकार मध्यप्रदेश को खेलों का प्रदेश और भोपाल को खेलों की राजधानी बनाना चाहती है. मुख्यमंत्री ने भोपाल में क्रिकेट स्टेडियम बनाने की मंजूरी दे दी है. इसके अलावा एशियन चैंपियनशिप आयोजित करने और भोपाल की हॉकी की पुरानी पहचान वापस लाने की भी योजना है.

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि आने वाले समय में भोपाल से कई खिलाड़ी निकलेंगे और शहर में खेलों का अच्छा माहौल बनेगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि मध्यप्रदेश खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ेगा और यहां के खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगे.

share & View comments