पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को सारण जिले के सोनपुर में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का उद्घाटन किया. इससे पहले उन्होंने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा हरिहरनाथ मंदिर का 1,000 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा. सोनपुर में दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और आधुनिक टाउनशिप भी बनाई जाएगी. उन्होंने कहा कि सोनपुर मेले को पर्यटन, व्यापार, रोजगार और अर्थव्यवस्था का बड़ा केंद्र बनाया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने मेले की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और एआई चैटबॉट की भी शुरुआत की. इस साल मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि गंगा और गंडक नदियों से गाद निकाली जाएगी. गंगा अंबिका पथ और सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ बनाया जाएगा. सोनपुर-हाजीपुर पुल को अगले साल जून से पहले दो लेन से चार लेन का करने का लक्ष्य है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य है. राज्य में 50 लाख महिलाओं को पशु सखी बनाया जाएगा और 2030 तक हर दिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है.
उन्होंने कहा कि सोनपुर मेले को सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और रोजगार से जोड़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सरकार काम करेगी.
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.