लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से पहले रामभक्तों को बधाई दी. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि अवध और मिथिला के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ‘रोटी-बेटी’ के पुराने रिश्तों में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है.
सीएम योगी ने लिखा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मित्र देश नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह आज भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या धाम और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा की शुरुआत करेंगे.
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की कृपा से त्रेतायुग की यादों को ताजा करने वाले इस पावन अवसर का गवाह बनने के लिए उन्हें अयोध्या धाम में मौजूद रहने का अवसर मिल रहा है.
मुख्यमंत्री योगी ने विश्वास जताया कि भारत और नेपाल के सदियों पुराने आत्मीय और सांस्कृतिक रिश्ते अब आधुनिक रेल संपर्क से और मजबूत होंगे. उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक पहल प्रधानमंत्री के ‘विरासत भी, विकास भी’ और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ के संकल्प का प्रमाण है.
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस रेल सेवा से दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा आसान होगी. इसके साथ ही धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक जुड़ाव और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवध और मिथिला को जोड़ने वाले इस उपहार के लिए सभी रामभक्तों को दिल से बधाई दी.