scorecardresearch
Monday, 23 November, 2026
होमरिपोर्टहरियाणा को वैश्विक निवेश केंद्र बनाने की तैयारी, अप्रैल 2027 में होगा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट

हरियाणा को वैश्विक निवेश केंद्र बनाने की तैयारी, अप्रैल 2027 में होगा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य को 91 लाख करोड़ रुपये के 205 निवेश प्रस्ताव मिले हैं. इनमें से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की 97 परियोजनाओं पर काम अलग-अलग चरणों में चल रहा है.

Text Size:

नई दिल्ली: हरियाणा को वैश्विक निवेश केंद्र बनाने के लिए अप्रैल 2027 में ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ का आयोजन किया जाएगा. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि राज्य को 91 लाख करोड़ रुपये के 205 निवेश प्रस्ताव मिले हैं. इनमें से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की 97 परियोजनाएं जमीन पर उतारने के अलग-अलग चरणों में हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेशकों की जरूरतों को समझने के लिए दुनिया भर में उनसे सीधा संवाद किया गया. जापान की यात्रा बहुत सफल रही. वहां उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ 30 से अधिक बैठकें हुईं, जिनके नतीजे में 4,433 करोड़ रुपये के 8 समझौता ज्ञापन (MoU) हुए. इनमें से 6 परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ चुका है. इसी तरह, सिंगापुर यात्रा के दौरान भी अलग-अलग क्षेत्रों में 5,500 करोड़ रुपये के 4 बड़े निवेश प्रस्ताव मिले. मुंबई और गुजरात से मिले बड़े निवेश के साथ हरियाणा को वैश्विक निवेश केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि निवेश के प्रस्ताव सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीन पर भी उतरें. इसी उद्देश्य से “मेक इन हरियाणा औद्योगिक नीति-2026” लागू की गई है. इसका लक्ष्य अगले पांच वर्षों में 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश लाना और 10 लाख रोजगार के अवसर पैदा करना है.

उन्होंने कहा कि इन्वेस्ट हरियाणा सिंगल विंडो पोर्टल से प्रक्रियाएं आसान और पारदर्शी हुई हैं. राज्य में 14 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (MSME) हैं, जो अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं. आज प्रदेश में 12 हजार से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप हैं और इनमें से आधे से अधिक में कम से कम एक महिला निदेशक है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2,000 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड ऑफ फंड्स, गुरुग्राम और पंचकूला में एआई हब और ‘स्टार्टअप हरियाणा’ योजना के जरिए हर जिले की प्रतिभा को अपने विचार को कारोबार में बदलने और आगे बढ़ने का मौका मिलेगा.

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने याद दिलाया कि जब 1 नवंबर 1966 को हरियाणा बना था, तब बहुत से लोग कहते थे कि यह छोटा राज्य चल नहीं पाएगा. उस समय न पर्याप्त बिजली थी, न पक्की सड़कें थीं और न ही उद्योगों का मजबूत आधार था. लेकिन हरियाणा के लोगों ने हार नहीं मानी. उन्होंने इन मुश्किलों को चुनौती के रूप में स्वीकार किया और अपनी मेहनत से हर आशंका को गलत साबित कर दिया.

मुख्यमंत्री ने आंकड़ों के जरिए बताया कि हरियाणा ने अब तक कितनी तरक्की की है. उन्होंने कहा कि जब हरियाणा बना था, तब राज्य में 7 जिले थे, जबकि आज इनकी संख्या 23 हो गई है. उस समय राज्य की अर्थव्यवस्था 540 करोड़ रुपये की थी, जो आज बढ़कर 13 लाख 67 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक हो गई है.

उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रति व्यक्ति आय पहले 608 रुपये थी, जो आज करीब 3 लाख 96 हजार रुपये है. यह राष्ट्रीय औसत से लगभग पौने दो गुना अधिक है. इसी तरह, राज्य का निर्यात पहले करीब साढ़े 4 करोड़ रुपये था, जो आज बढ़कर 2 लाख 75 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है.

पंजाब से तुलना करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दोनों राज्यों ने एक जैसी पृष्ठभूमि से अपनी यात्रा शुरू की थी. 1970-71 के आसपास देश की जीडीपी में पंजाब की हिस्सेदारी 4.4 प्रतिशत और हरियाणा की 2.7 प्रतिशत थी. आज छोटा राज्य होने के बावजूद देश की जीडीपी में हरियाणा की हिस्सेदारी 3.6 प्रतिशत है, जबकि पंजाब की हिस्सेदारी 2.4 प्रतिशत है.

उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में भी हरियाणा पंजाब से करीब 1 लाख 65 हजार रुपये आगे है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब हरियाणा का बड़ा भाई है, क्योंकि पहले पूरा क्षेत्र पंजाबी था और दोनों राज्यों का बहुत पुराना और मजबूत रिश्ता है. दोनों राज्यों के त्योहार भी साझा हैं.

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व 24 तारीख को आने वाला है. मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले तीर्थ स्थल कपाल मोचन मेले का उद्घाटन किया था. इस मौके पर केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद थे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये आंकड़े हरियाणा के लोगों की मेहनत, दूर की सोच और मजबूत इरादों का नतीजा हैं. यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है.

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पैरा एथलीट प्रणव सूरमा, पैरा एथलीट रिंकू, पैरा एथलीट देवेंद्र और पैरा एथलीट सुचिका हुड्डा को भी सम्मानित किया.

इस मौके पर हरियाणा ट्रेड फेयर अथॉरिटी की मुख्य प्रशासक ए. मोना श्रीनिवास, प्रशासक विनय प्रताप सिंह, हरियाणा पवेलियन के निदेशक अनिल चौथरी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.

share & View comments