इंफाल: मणिपुर में जहरीली शराब पीने से अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है. आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में मणिपुर पुलिस और आबकारी विभाग ने कुल 48 मामले दर्ज किए हैं. बताया जा रहा है कि सिर्फ शनिवार को ही पुलिस ने 33 मामले दर्ज किए.
रविवार शाम मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि शराब पीने से हुई मौतों की जांच के लिए एक जांच समिति बनाई गई है. उन्होंने कहा कि समिति इस मामले की पूरी जांच करेगी, इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान करेगी और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाना सुनिश्चित करेगी.
मुख्यमंत्री ने रविवार को मुख्यमंत्री सचिवालय के दरबार हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की. उन्होंने कहा, “जांच के तहत शराब के नमूने विस्तार से जांच के लिए कोलकाता की राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला, मणिपुर की फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी और राज्य की जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं.”
इस बीच, उन्होंने बताया कि इस मामले में करीब 4,500 लीटर शराब जब्त की गई है. उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने भरोसा दिलाया है कि जांच को उसके आखिरी नतीजे तक पहुंचाया जाएगा और इस मामले में जिम्मेदार सभी लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा.”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस महानिरीक्षक थेमथिंग नगाशांगवा के साथ राज्य के आबकारी आयुक्त और स्वास्थ्य निदेशक भी मौजूद थे.
Held a Press Conference at the Durbar Hall of my Secretariat today on the unfortunate liquor tragedy in the State. Government spokespersons Hon’ble Dr. Th. Radheshyam Singh and Dr. Sapam Ranjan Singh briefed the media on the developments. The Government has constituted an Enquiry… pic.twitter.com/8J9ToRysEa
— Khemchand Yumnam (@YKhemchandSingh) November 22, 2026
अब तक जांच में क्या सामने आया
चंदेल के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया कि चंदेल में जिन लोगों की मौत हुई है, उन्होंने जिले में शराब नहीं पी थी, बल्कि बाहर से शराब खरीदकर लाई गई थी.
उन्होंने कहा, “चंदेल इलाके में शराब बेचने वाले कोई दुकानदार या विक्रेता नहीं हैं. जांच में पता चला है कि काकचिंग इलाके के कुछ स्थानों पर यह कारोबार चल रहा है.”
चंदेल पुलिस ने अब तक इस मामले में 20-25 लोगों से पूछताछ की है, ताकि शराब की सप्लाई के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके. गिरफ्तार किए गए लोगों में सुगनू माखा लेइकाई के खैदेम जादुमणि सिंह (57), सुगनू मोइरांगथेम लेइकाई के कंगाबम सुरजीत सिंह (40) और कंगाबम रतन सिंह, सुगनू पामांग लेइकाई के ईखोई होटल के मालिक खैदेम नाओबा मैतेई (32), एंड्रो खाराम लेइकाई के निंगथौजम जॉयकुमार सिंह (45) और एंड्रो चिंगडोंग लेइकाई के सागोलसेम दास सिंह (40) शामिल हैं.
अधिकारी ने कहा, “शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि कंगाबम सुरजीत सिंह ने कथित तौर पर एंड्रो के दास और नगांबी नाम के दो लोगों से शराब खरीदी थी.”
उन्होंने कहा, “सुगनू अवांग लेइकाई के दारा नाम के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर नगांबी की ओर से शराब जमा करके रखी थी. वहीं, कंगाबम रतन सिंह ने कथित तौर पर एंड्रो की लीमा नाम की एक महिला से शराब खरीदी थी.”
पुलिस शराब की सप्लाई से जुड़े इन दावों की जांच कर रही है.
अधिकारी ने आगे कहा, “पूछताछ में उन सभी ने बताया कि उन्होंने सुगनू इलाके से शराब खरीदी थी.”
काकचिंग इलाके के एक अन्य पुलिस अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया, “छह लोगों से पूछताछ के बाद हमें पता चला कि शराब सुगनू में नहीं बनाई गई थी. वहां सिर्फ शराब का भंडार रखा गया था. शराब एंड्रो गांव की एक जगह पर मिली थी.”
उन्होंने आगे कहा, “शराब एंड्रो गांव से लाई गई थी. शराब पीने वाले ज्यादातर लोग आसपास के इलाके चकपीकरोंग के रहने वाले भी हैं.”
उन्होंने बताया कि सुगनू से चकपीकरोंग इलाके में शराब की सप्लाई की गई थी. पुलिस ने शराब बनाने वाली कई जगहों पर छापेमारी की है और वहां से भी लोगों को गिरफ्तार किया है. कई घरों पर भी छापे मारे गए हैं.
रविवार को मणिपुर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने काकचिंग जिले के पुलिस अधीक्षक के साथ सुगनू पुलिस थाने का दौरा किया. उन्होंने जहरीली शराब के संदिग्ध मामले की जांच की समीक्षा की. इस बैठक में विशेष जांच दल (एसआईटी) के सदस्य और चकपीकरोंग पुलिस थाने के जांच अधिकारी भी शामिल हुए.
पुलिस सूत्रों ने बताया, “डीजीपी ने हालात का जायजा लिया और सुगनू और चकपीकरोंग पुलिस थानों में दर्ज मामलों की जांच में अब तक हुई प्रगति और की गई कार्रवाई की समीक्षा की. उन्होंने जांच अधिकारियों को आगे की जांच और उन बिंदुओं पर निर्देश दिए, जिनकी पुष्टि करना जरूरी है. साथ ही उन्होंने कानूनी नियमों और तय प्रक्रिया का पालन करने पर जोर दिया.”
नमूने इकट्ठा किए गए, कोलकाता की राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए
राज्य सरकार के प्रवक्ता और विधायक थोचोम राधेश्याम सिंह ने दिप्रिंट को बताया कि स्थानीय स्तर पर बनी जहरीली शराब के संदिग्ध नमूने जांच के लिए कोलकाता की राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला (एनएफएल) भेजे गए हैं.
उन्होंने कहा कि कोलकाता की राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला के अलावा शराब के नमूने इंफाल की फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी और राज्य की जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में भी भेजे गए हैं.
उन्होंने आगे बताया कि जहरीली शराब के इस मामले की जांच के लिए प्रधान सचिव आर.के. दिनेश की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय जांच टीम बनाई गई है. उन्होंने कहा कि समिति एक महीने के भीतर सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंप देगी.
राधेश्याम सिंह ने कहा कि पूरे राज्य में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ छापेमारी जारी है और अब तक 4,600 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है.
सरकार के प्रवक्ता और विधायक सपाम रंजन सिंह ने बताया कि अब तक कुल 1,130 लोगों की जांच की गई है. इनमें से 228 लोगों को फिलहाल अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. इनमें से 38 मरीजों का डायलिसिस किया जा रहा है. अब तक कुल 17 लोगों की मौत हुई है. इनमें 16 चंदेल जिले और एक काकचिंग जिले का रहने वाला था.
प्रभावित मरीजों का इलाज इंफाल के रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स), जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (जेनिम्स), शिजा हॉस्पिटल्स एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट और बाबिना अस्पताल में चल रहा है.
उन्होंने कहा कि मौतों के बाद फैली घबराहट के कारण ज्यादातर लोग जांच कराने के लिए अस्पताल पहुंचे थे.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: रात-दिन काम कर आगरा FSL के चार वैज्ञानिकों ने 3 महीने में पूरी की 800 बम धमाकों की जांच