ब्रिटेन की विमानन से जुड़ी एक निर्देशिका ने जैसे ही भारत के राफेल विमानों की संख्या 36 से घटकर 32 होने की जानकारी प्रकाशित की, देश में इस पर काफी हंगामा शुरू हो गया. ‘फ्लाइटग्लोबल’ की 2027 की ‘वर्ल्ड एयरफोर्स डायरेक्टरी’ के मुताबिक, भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के पास फिलहाल 32 सक्रिय राफेल लड़ाकू विमान हैं. इस निर्देशिका के पिछले एडिशन में यह संख्या 35 बताई गई थी. गौरतलब है कि भारत ने फ्रांस से सबसे पहले 36 राफेल विमान खरीदे थे. यानी अब इनकी संख्या चार कम बताई जा रही है. इस पर काफी तीखी प्रतिक्रियाएं आई हैं. पूर्व और मौजूदा सैन्य विशेषज्ञों ने भी इस पर सवाल उठाए हैं.
विमानों से जुड़े आंकड़े रखने वाली कंपनी ‘सीरियम’ के डेटा पर आधारित ‘फ्लाइटग्लोबल’ की नई ‘वर्ल्ड एयरफोर्स डायरेक्टरी’ में दिए गए आंकड़ों की पुष्टि नहीं की जा सकती. पाकिस्तान के सूचना तंत्र ने इन आंकड़ों को पाकिस्तानी वायुसेना (पीएएफ) के इस दावे को फिर से सही साबित करने के लिए इस्तेमाल किया है कि उसने मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के चार राफेल विमान मार गिराए थे.
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अपने पद पर मौजूद रहे आईएएफ के पूर्व उपाध्यक्ष ने विमानों की इस संख्या को “पूरी तरह गलत” बताया है. एयर मार्शल (रिटायर्ड) एन. तिवारी ने कहा कि इससे पहले विमानों के ‘टेल नंबर’ को लेकर किए गए दावे गलत साबित हो चुके हैं. ऐसा तब हुआ था, जब जिस विमान को गिराने का दावा किया गया था, उसे बाद में युद्धाभ्यास में हिस्सा लेते हुए देखा गया. उन्होंने याद दिलाया कि किस तरह पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स ने यह झूठा दावा भी किया था कि स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह को बंदी बना लिया गया है.
भारतीय टिप्पणीकार याद दिला रहे हैं कि आईएएफ ने जून 2026 में सभी 36 राफेल विमानों के लिए ‘ब्रिज-सपोर्ट टेंडर’ जारी किया था.
एक बार फिर वही जाना-पहचाना सिलसिला शुरू हो गया है. किसी विदेशी प्रकाशन में अपुष्ट आंकड़ों के आधार पर एक लेख छपता है. पाकिस्तान उसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश करता है. भारत में गुस्से भरी प्रतिक्रियाएं सामने आती हैं और चर्चा फिर उसी अनसुलझे सवाल पर आकर टिक जाती है कि आखिर कितना नुकसान हुआ था.
हम ‘झूठा, मनगढ़ंत, बेबुनियाद, अप्रमाणित’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करके अपना गुस्सा और नाराजगी जाहिर करते हैं.
लेकिन इस पूरे सिलसिले का नतीजा इसके उलट निकलता है.
आईएएफ फैसला करे: अनदेखी करे या जानकारी दे
आईएएफ को एक सीधा फैसला करना है. या तो वह यह तय करे कि उसने कितने राफेल विमान गंवाए (अगर गंवाए हैं तो), यह ऐसी जानकारी नहीं है जिसे जनता या मीडिया को बताना जरूरी है. इसलिए वह इस मामले को पूरी तरह नज़रअंदाज करे. या फिर वह यह तय करे कि इस सवाल का राजनीतिक महत्व इतना ज्यादा है कि सच्चाई को साफ-साफ और पूरी तरह सामने रख दिया जाना चाहिए.
इन दोनों विकल्पों के बीच उलझे रहना उसके लिए फायदेमंद नहीं हो सकता. यानी वह एक तरफ सभी दावों को खारिज करती रहे और दूसरी तरफ यह सामान्य बयान देती रहे कि ‘युद्ध में नुकसान तो होता ही है’. फिर जब इसी तरह की चर्चाओं का नया दौर शुरू हो, तो नाराजगी भरी प्रतिक्रिया दे.
अधूरे बयान और सवाल उठने के बाद दी गई प्रतिक्रियाएं इस मुद्दे को जिंदा रखती हैं, उसका समाधान नहीं करतीं. साथ ही, वे उस बहस को फिर से शुरू कर देती हैं, जिससे आईएएफ बचना चाहती है.
सेनाओं का हमेशा से मानना रहा है कि हथियारों और दूसरे सैन्य साजोसामान का नुकसान अपने आप में जीत या हार का पैमाना नहीं होता. 1973 के योम किप्पुर युद्ध के शुरुआती दौर में इजरायली वायुसेना को जिस स्थिति का सामना करना पड़ा था, वह इसका आधुनिक समय का एक सबसे साफ उदाहरण है. इजरायली वायुसेना को पहले 12 घंटों के अंदर 30 ए-4, छह फैंटम और चार सुपर मिस्टेयर विमान गंवाने पड़े थे, लेकिन आखिर में उसे शानदार जीत मिली थी.
नुकसान दर्दनाक हो सकता है, लेकिन इससे पूरे सैन्य अभियान की सफलता या असफलता तय नहीं होती. किसी अभियान के नतीजे का आकलन इस आधार पर किया जाता है कि उसके लक्ष्य पूरे हुए या नहीं, युद्ध की स्थिति में कोई बदलाव आया या नहीं और उसके राजनीतिक मकसद हासिल हुए या नहीं.
मलबे में मिले विमानों की गिनती कभी भी सफलता का मुख्य पैमाना नहीं हो सकती.
ऑपरेशन सिंदूर का हिसाब
यही कसौटी ऑपरेशन सिंदूर पर भी लागू होती है. पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने आतंकी ठिकानों और सैन्य ठिकानों पर हमले किए. पूरा अभियान 100 घंटे से भी कम समय तक चला. पाकिस्तानी डीजीएमओ की अपील के बाद युद्धविराम हुआ, जिसे भारत ने स्वीकार कर लिया. आईएएफ ने राष्ट्रीय नेताओं की ओर से तय किए गए राजनीतिक लक्ष्य हासिल किए. युद्धविराम का अनुरोध तब स्वीकार किया गया, जब युद्ध खत्म करने की शर्तों पर सहमति बन गई. सैन्य साजोसामान के नुकसान का कोई हिसाब सार्वजनिक नहीं किया गया.
अगर सेनाओं को लगता है कि बड़े नुकसान की जानकारी सार्वजनिक करने से अभियान को कोई फायदा नहीं होगा, तो वे चुप रहने या इस मामले को नजरअंदाज करने की नीति अपना सकती हैं. ऐसे में ‘फ्लाइटग्लोबल’ की हर नई सूची, पाकिस्तान के तीन, चार या छह राफेल गिराने के दावे और पुराने ‘टेल नंबर’ के आधार पर बार-बार किए जाने वाले दावों का कोई जवाब नहीं देना चाहिए. सेना के पास कितने विमान हैं, यह जानकारी सिर्फ उन्हीं लोगों को होनी चाहिए जिन्हें इसकी जरूरत है.
उन्हें सोशल मीडिया पर जीत का जश्न मनाने दीजिए, हम रणक्षेत्र में जीतते हैं.
दूसरी ओर, अगर सेना को लगता है कि लगातार अस्पष्टता बनाए रखना नुकसानदेह है, क्योंकि इससे अटकलों को बढ़ावा मिलता है और दुश्मन को दुनिया भर में भारत की सैन्य ताकत को लेकर गलत धारणा बनाने का मौका मिलता है, तो सिर्फ दावों को खारिज करना सही समाधान नहीं हो सकता. गुस्से में किया गया एक ट्वीट या जोरदार खंडन काफी नहीं होता. गलत जानकारी का जवाब सिर्फ सही और तथ्यात्मक जानकारी देकर ही दिया जा सकता है.
कितनी जानकारी सार्वजनिक की जा सकती है, यह हमेशा सैन्य अभियान की जरूरतों के हिसाब से तय होगा. अभियान की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए तथ्यों को साफ-साफ सामने रखना ही झूठे प्रचार की हवा निकालने के लिए काफी होगा.
फैसला करें
लेकिन फिलहाल, सही जानकारी छिपाकर सिर्फ गुस्सा जाहिर करने से कोई मकसद पूरा नहीं होता. इससे यह संदेश जाता है कि विमानों की संख्या इतनी महत्वपूर्ण है कि उसका खंडन किया जाए, लेकिन इतनी महत्वपूर्ण नहीं है कि उसे सार्वजनिक किया जाए. यह रवैया उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जो इस सवाल को खुला रखना चाहते हैं. संस्थान को इस तरह के सवालों का जवाब पहले से तय कर लेना चाहिए, न कि हर बार कोई नया दस्तावेज सामने आने पर जवाब तैयार करना चाहिए.
राफेल विमानों की गिनती दरअसल ऑपरेशन की कीमत और उसकी उपलब्धियों पर बड़ी बहस छेड़ने का एक स्थायी बहाना बन गई है. यह बहाना उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जो ऑपरेशन की उपलब्धियों पर चर्चा नहीं करना चाहते.
ज्यादातर रिकॉर्ड सार्वजनिक हो चुके हैं. पाकिस्तान में ठिकानों को नष्ट किया गया, इसके बाद युद्धविराम हुआ, पूरे शुरुआती बेड़े के लिए बाद में टेंडर जारी किया गया और जिस विमान के ‘लापता’ होने का दावा किया गया था, वह लगातार युद्धाभ्यास में हिस्सा लेता रहा.
झूठी कहानी का खंडन करना है या शोर को अनसुना करना है, यह फैसला संस्थान को ही करना होता है. चुप रहने या जानकारी सार्वजनिक करने में से कोई एक रास्ता चुने बिना बार-बार प्रतिक्रिया देते रहने का सिर्फ यही नतीजा होगा कि अगली कहानी, अगला दावा और गुस्से भरी प्रतिक्रियाओं का अगला दौर अपने समय पर आता रहेगा.
ग्रुप कैप्टन अजय अहलावत एक रिटायर्ड IAF फाइटर पायलट हैं. उनका एक्स हैंडल @Ahlawat2012 है. लेख में दिए गए विचार उनके निजी हैं.
(इस लेख को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: थिएटर कमांड नहीं बल्कि संयुक्त प्लानिंग है भारतीय सैन्य समस्या का समाधान